बनिए का बेटा हूं, पाई-पाई का हिसाब लाया हूं; सीतामढ़ी से शाह का लालू-तेजस्वी पर हमला
आरजेडी पर तीखा हमला बोलते हुए शाह ने कहा कि 'मैं बनिए का बेटा हूं, एक-एक पाई का हिसाब लेकर आया हूं।' शाह ने मिथिलांचल में विकास के आंकड़े गिनाए। रेल से लेकर सड़क तक में हुए खर्च का ब्यौरा दे डाला। पटलवार करते हुए तेजस्वी से उनके माता-पिता के राज में क्या होता था, ये भी पूछा।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को सीतामढ़ी के पुनौराधाम में माता जानकी मंदिर की आधारशिला रखी। इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई मंत्री और साधु-संत मौजूद रहे। भूमिपूजन के लिए 21 तीर्थों की मिट्टी, 11 नदियों का जल मंगवाया गया था। अयोध्या के हनुमान गढ़ी से ईंट भी पहुंची थी। शाह ने पुनौराधाम के विकास की योजनाओं का भी शिलान्यास किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होने आरजेडी चीफ लालू यादव और तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा।
अमित शाह ने कहा कि जब मैं बिहार दौरे पर आ रहा था, तो लालू की पार्टी आरजेडी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके कहा कि शाह मिथिलांचल आ रहे हैं। ऐसे में वो बताएं कि उन्होने अभी तक क्या विकास कार्य किए हैं। शाह ने कहा कि मैं बनिया का बेटा हूं, पाई-पाई का हिसाब लाया हूं। इस दौरान उन्होने मिथिलांचल से जुड़ी तमाम विकास योजनाएं गिनाईं। रेल से लेकर सड़क तक में हुए खर्च का ब्यौरा दे डाला। उन्होने कहा कि पीएम मोदी ने अपने पिछले बिहार के 6 दौरों में राज्य को 86 हजार करोड़ की सौगात दी है। सीतामढ़ी का नेशनल हाइवे बन रहा है। 2400 करोड़ से रेल खंड, 474 करोड़ से रेलवे लाइन का दोहरीकरण हो रहा है। 1600 करोड़ से नेशनल हाइवे 31 पर 140 किमी खगड़िया-पूर्णिया सड़क का निर्माण जैसी तमाम योजनाएं गिनाईं।
शाह ने पलटवार करते हुए कहा कि तेजस्वी बताएं कि उनके माता-पिता के राज में गुंडई और अपहरण के अलावा क्या हुआ। मैं लालू यादव को चैलेंज देता हूं। कि वो आएं और पुनौराधाम में ही मिथिलांचल के लिए किए कामों को गिना दें। मैंने तो मोदी जी की तरफ से विकास का सारा हिसाब दे दिया। यहीं आकर बता दीजिएगा और मां जानकी का दर्शन कीजिएगा तो उद्धार हो जाएगा।
वहीं गहन मतदात पुनरीक्षण पर आरजेडी-कांग्रेस को घेरते हुए शाह ने कहा कि बिहार में चुनाव होने वाला है। मेरे आने से पहले पूरे अखबार भरे पढ़े हैं कि एसआईआर होना चाहिए या नहीं। जनता बताए कि घुसपैठिए को वोटर लिस्ट से निकालना चाहिए या नहीं। लालू बताएं कि किसको बचाना चाहते हो। बांग्लादेश से आकर बिहार के युवाओं की नौकरी खा जाते हैं लालू- कांग्रेस उनको बचाना चाहती है। जो भारत में जन्मा नहीं है उसे वोट देने का अधिकार भी नहीं है।




साइन इन