Horrific road accident in Bihar 6 killed auto rickshaw crushed in collision with truck बिहार में भीषण सड़क हादसा; 6 लोगों की मौत, ट्रक की टक्कर में ऑटो के उड़े परखच्चे, Bihar Hindi News - Hindustan
More

बिहार में भीषण सड़क हादसा; 6 लोगों की मौत, ट्रक की टक्कर में ऑटो के उड़े परखच्चे

बिहार में मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई। जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी, कि ट्रक की टक्कर में ऑटो के परखच्चे उड़ गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Tue, 25 Nov 2025 06:43 PMsandeep लाइव हिन्दुस्तान, हिन्दुस्तान संवाददाता, शेखपुरा
share
बिहार में भीषण सड़क हादसा; 6 लोगों की मौत, ट्रक की टक्कर में ऑटो के उड़े परखच्चे

बिहार के शेखपुरा जिले के चेवाड़ा-शेखपुरा मुख्य मार्ग पर एकसारी बिगहा व मनियंडा गांव के बीच मंगलवार को यात्रियों के भरे टेम्पो और तेज रफ्तार ट्रक में आमने-सामने भिड़ंत हो गयी। हादसे में टेम्पो पर सवार छह यात्रियों की मौत हो गई है। मरने वालों में मां-बेटे, दादी-पोती व दो अन्य शामिल है। जबकि, सात लोग घायल हो गये। सभी घायलों को शेखपुरा सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद पावापुरी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेम्पो के परखच्चे उड़ गये। ऑटो पर सवार चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है। जबकि, घायल एक युवक ने सदर अस्पताल तो एक बालक ने पावापुरी मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ा है।

मृतकों में करंडे थाना क्षेत्र के नरेश यादव की पत्नी 50 वर्षीया आशा देवी उर्फ सीमा देवी, 28 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार उर्फ टुनटुन यादव, महेशपुर गांव निवासी बसंत मांझी की मां 65 वर्षीया अहिल्या देवी और 14 वर्षीया पुत्री निशा कुमारी, धमसेना गांव के ब्रह्मदेव साव का पुत्र 35 वर्षीय राजकुमार साव तथा बेंगुचा निवासी धर्मेन्द्र रविदास का नौ वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार उर्फ साधु कुमार शामिल हैं। जबकि, महेशपुर के बसंत मांझी का पुत्र दीपक मांझी, पुत्री प्रिया कुमारी, एकरामा गांव की शिवानी कुमारी, अंगुरा देवी, बसंत गांव के ऑटो चालक संतोष चौहान, मौसमी देवी एवं सुमन कुमारी घायल हैं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पटना में ट्रिपल मर्डर; हत्या कर भाग रहे 2 बदमाशों को भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला
ये भी पढ़ें:सुसाइड या मर्डर? पटना में लड़की की मौत से हड़कंप, अपार्टमेंट से कूदकर दी जान!

घटना के बाद नाराज लोगों ने घटनास्थल के पास सड़क को जाम कर दी। बाद में एसडीपीओ डॉ राकेश कुमार सहित कई थानों की पुलिस पहुंची और लोगों को समझाकर शांत किया। उसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया। स्थानीय लोग इस बात से नाराज थे कि सूचना देने के बाद भी घटनास्थल पर एम्बुंलेस और पुलिस करीब दो घंटे बाद पहुंची।

सुबह में टेम्पो चालक चेवाड़ा से यात्रियों को लेकर शेखपुरा जा रहा था। इसी दौरान शेखपुरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से टक्कर हो गयी। टेम्पो में चालक समेत 13 लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो ओवरटेक करने के चक्कर में दोनों वाहनों में भिड़ंत हुई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नीतीश कैबिनेट के 26 नए मंत्रियों को सरकारी बंगले अलॉट; 13 मिनिस्टर्स का नया पता
ये भी पढ़ें:400 माफिया की प्रॉपर्टी होगी जब्त; जेलों की निगरानी, फुल फॉर्म में सम्राट चौधरी

दुखद पहलू यह कि टक्कर के बाद टेम्पो ट्रक के अगले हिस्से में फंस गया। कई यात्री दब गये तो कुछ सड़क पर इधर-उधर फेंका गये। ट्रक का चालक घायलों को तड़पता छोड़ वाहन से उतर भाग निकला। एसडीपीओ डॉ राकेश कुमार ने बताया कि फरार चालक की तलाश की जा रही है। घायलों का उपचार चल रहा है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है।

वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शेखपुरा जिले के मनियांडा मुख्य मार्ग पर अनियंत्रित दो वाहनों के बीच हुई टक्कर में छह लोगों की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने इस घटना को काफी दुखद बताया है। साथ ही इस हादसे में घायल लोगों के समुचित इलाज का भी निर्देश दिया है और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।