पटना में हाफ एनकाउंटर, रानी तालाब इलाके में पुलिस ने एक अपराधी को मारी गोली
कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, जिस अपराधी को गोली लगी है वो कई मामलों में वांछित था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने इस अपराधी को कस्टडी में ले लिया था। लेकिन भागने के दौरान उसने पुलिस पर गोली चला दी।

पटना से बड़ी खबर आ रही है। बिहार की राजधानी पटना में पुलिस ने हाफ एनकाउंटर किया है। यहां अपराधियों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई है। बताया जा रहा है कि पटना के रानी तालाब थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधी के बीच गोलीबारी हुई है। इस दौरान पुलिस ने एक अपराधी को पैर में गोली मार दी है। कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, जिस अपराधी को गोली लगी है वो कई मामलों में वांछित था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने इस अपराधी को कस्टडी में ले लिया था। लेकिन भागने के दौरान उसने पुलिस पर गोली चला दी। अपराधी द्वारा गोली चलाए जाने के बाद पुलिस ने भी मोर्चा संभाला। जवाबी कार्रवाई में अपराधी के पैर में एक गोली लगी है।
पुलिस के इस ऐक्शन को लेकर कुछ अन्य मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि काब गांव के पास एक बगीचे में यह मुठभेड़ हुई है। कहा जा रहा है कि पुलिस को जानकारी मिली थी कि एक लूटपाट में शामिल कुछ अपराधी यहां जमा हुए हैं और किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं।
इसी सूचना पर पुलिस वहां कार्रवाई करने गई थी। जिसके बाद अपराधियों ने पुलिस पर गोली चलाई। पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल हुए अपराधी का नाम सूरज कुमार बताया जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट में यह भी कहा जा रहा है कि वो पैरपूरा गांव का रहने वाला है। यह भी जानकारी सामने आ रही है कि पुलिस ने इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया है।
यहां आपको याद दिला दें कि कुछ दिनों पहले पटना के चर्चित व्यापारी गोपाल खेमका हत्याकांड में भी पुलिस ने एक एनकाउंटर किया था। इस एनकाउंटर में हथियार सप्लायर विकास उर्फ राजा को पुलिस ने ढेर कर दिया था। पटना के आलमगंज इलाके में जब पुलिस हथियार बरामद करने के लिए गई थी तब राजा ने भागने के दौरान पुलिस पर गोली चलाई थी। जिसके जवाब में पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए उसे मार गिराया था।




साइन इन