बिहार में इसे राक्षसराज कहेंगे? गया जी गैंगरेप पर मोदी व नीतीश पर तेजस्वी ने तीखा वार किया
तेजस्वी यादव ने कहा है कि गया जी में होमगार्ड की बहाली में भाग लेने आई एक बेटी बेहोश होकर गिरी और उसी बेहोशी की हालत में प्रशासन द्वारा बुलाई गई एम्बुलेंस में ही उसके साथ गैंगरेप किया गया। बिहार में इसे आप राक्षस राज कहेंगे?

बिहार के गया जी में होमगार्ड बहाली में आई बीमार युवती से गैंगरेप किया गया। बेहोश होने पर उसे जिस एम्बुलेंस से इलाज के लिए भेजा गया उसी के कर्मियों ने युवती के साथ हैवानियत की। इस घटना से एक बार फिर बिहार में महिला सुरक्षा पर सवाल उठने लगे। राजनीति भी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस घटना को इंगित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा है।
सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पीएम नरेद्र मोदी और आम जनों को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने लिखा है कि गया जी में होमगार्ड की बहाली में भाग लेने आई एक बेटी बेहोश होकर गिरी और उसी बेहोशी की हालत में प्रशासन द्वारा बुलाई गई एम्बुलेंस में ही उसके साथ गैंगरेप किया गया। बिहार में इसे आप राक्षस राज कहेंगे? अपराधियों द्वारा संरक्षित दुराचारी राज कहेंगे? महाजंगल राज कहेंगे अथवा मोदी-नीतीश का कुशासन कहेंगे?
नेता प्रतिपक्ष ने कहा है कि पीएम मोदी और नीतीश कुमार के दैत्य राज में प्रतिदिन माताओं-बहनों-बेटियों और मासूमों की अस्मिता को ऐसे ही लूटा जा रहा है। लेकिन मजाल है कि कोई मंत्री और उपमुख्यमंत्री अपराध, बलात्कार और भ्रष्टाचार की अनियंत्रित घटनाओं पर अपनी जुबान हिला सके?
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके दो कथित डिप्टी की ज्वलंत मुद्दों पर चुप्पी आपराधिक है। अगर ऐसी घटनाओं पर भी पूर्वाग्रह से ग्रस्त कथित प्रबुद्ध और न्यायप्रिय लोगों का खून नहीं खौलता तो समझों ऐसे लोग अव्वल दर्जे के घोर जातिवादी और पक्षपाती लोग है।
बिहार में कानून व्यवस्था का सवाल हमेशा तेजस्वी यादव की जुबान पर रहता है। एक समय ऐसा भी था जब तेजस्वी यादव रोज क्राइम बुलेटिन जारी करते थे। वे कहते हैं कि बिहार में अचेत सीएम के राज में अपराधी मस्त और बेलगाम हैं। आम आदमी डरा हुआ है और अफसरशाही हावी है। पुलिस दारू पकड़ने में लगी है और अपराधी वारदातों को अंजाम देने में जुटे हैं।




साइन इन