धृतराष्ट्र नहीं बन सकते; NDA में रहकर अपराध का सवाल उठाते रहेंगे; तन गई चिराग पासवान की LJP-R
बिहार में अपराध की वारदातों पर चिराग पासवान के खुलकर बोलने के बाद क्राइम काउंट करने लगे लोजपा-आर के सांसद अरुण भारती ने कहा है कि गठबंधन में रहकर उनकी पार्टी जनता के मसलों को उठाती रहेगी।
बिहार में अपराध के मसले पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के खुलकर बोलने के बाद इस मसले पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में रहते हुए भी सवाल उठाने के लिए लोक जनशक्ति पार्टी- रामविलास (एलजेपी-आर) तन गई है। चिराग के बयान के बाद क्राइम काउंट करने लगे उनके बहनोई और सांसद अरुण भारती ने कहा है कि अपराध और अपराधियों को लेकर जनता की चिंता को गठबंधन के सहयोगी तक ले जाना गठबंधन धर्म का उल्लंघन नहीं है। उन्होंने कहा कि हम राष्ट्र के लिए धृतराष्ट्र नहीं बन सकते हैं।
अरुण भारती ने कहा- “अपराध और अपराधियों को लेकर अभी समाज में, बिहार की जनता में चिंताएं हैं। यही समाज हमें नेता और नेतृत्व देता है। गठबंधन में रहते हुए भी आप इस आवाज को उठाकर गठबंधन के सहयोगी के पास ले जाते हैं तो यह गठबंधन धर्म का उल्लंघन नहीं है। राष्ट्र के लिए आप धृतराष्ट्र नहीं बन सकते हैं। जरूरी है कि आप गठबंधन में रहते हुए, समाज की आवाज को अपने गठबंधन के सहयोगी तक ले जाते हैं, यह जिम्मेदारी भी हमारी है। ऐसे में जब-जब ऐसी घटनाएं होगीं, लगातार जनता की मांग को सरकार के सामने रखकर समाधान ले आने का काम मेरी पार्टी, मेरे नेता और हम लोग लगातार करेंगे।”
चिराग के बोलते ही नीतीश सरकार पर टूट पड़े अरुण भारती, तेजस्वी की तरह गिनाने लगे बिहार में अपराध
चिराग पासवान ने 7 जुलाई को बिहारशरीफ में दो लड़कों की हत्या पर एक ट्वीट किया था और कहा था कि बिहार में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। उनसे एक दिन पहले उनकी पार्टी के ही सांसद राजेश वर्मा ने पटना में व्यापारी गोपाल खेमका की हत्या के बाद नीतीश सरकार के लॉ एण्ड ऑर्डर को ध्वस्त बताया था। चिराग के बाद अरुण भारती ने एक दिन बिहार के अपराधों की गिनती कर दी थी।




साइन इन