बिहार के दोनों डिप्टी CM को जेड सिक्योरिटी, विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव के साथ होंगे कमांडो
बिहार के दोनों डिप्टी सीएम विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव को राज्य सरकार ने जेड श्रेणी की सुरक्षा देने का फैसला लिया है। इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं। यह सुरक्षा सबसे उच्चतम जेड प्लस कैटगरी से एक स्तर नीचे की है।
बिहार में सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार में डिप्टी सीएम बनाए गए विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दोनों ही नेताओं को अब जेड श्रेणी की सुरक्षा मिलेगी। जल्द ही दोनों डिप्टी सीएम के साथ जेड सुरक्षा के तहत निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जाएगी, जिसमें एनएसजी कमांडो भी शामिल होंगे। बिहार पुलिस मुख्यालय के आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की। विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव, दोनों नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड के वरीय नेता हैं।
जानकारी के अनुसार, इसके पूर्व राज्य के दो उपमुख्यमंत्रियों (सम्राट चौधरी एवं विजय सिन्हा) को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा दी गई थी। जेड कैटगरी की सिक्योरिटी उच्च जोखिम वाले व्यक्तियों को प्रदान की जाने वाली एक विशेष सुरक्षा व्यवस्था है। जेड श्रेणी की सुरक्षा के तहत कुल 22 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाती। इनमें 4 से 6 एनएसजी कमांडो या फिर अर्धसैनिक बलों जैसे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) या भारत तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के कमांडो भी रहते हैं।
इनके सुरक्षा दायरे के तहत मोबाइल सुरक्षा (चलते समय) और निवास स्थान की सुरक्षा (स्थिर) दोनों शामिल हैं। सुरक्षा घेरे में एस्कॉर्ट गाड़ियां भी शामिल रहती हैं। यह सुरक्षा जेड प्लस सिक्योरिटी से एक स्तर नीचे है, जिसमें कुल 55 सुरक्षाकर्मी होते हैं।
नीतीश कुमार को जेड प्लस सुरक्षा
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार को सबसे उच्च स्तर की जेड प्लस सुरक्षा मिली है। वह लगभग 20 सालों तक मुख्यमंत्री पद पर रहे। पिछले दिनों राज्यसभा सांसद बनने के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। मुख्यमंत्री रहते हुए उनके आसपास प्रोटोकॉल के तहत विशेष सुरक्षा व्यवस्था थी। उनके लंबे राजनीतिक अनुभव और कद को देखते हुए राज्य सरकार ने जेड प्लस सुरक्षा प्रदान करने का निर्णय लिया। इस संबंध में गृह विभाग की ओर से डीजीपी को निर्देश भी दिए जा चुके हैं।
अभी मुख्यमंत्री और दो डिप्टी सीएम ही चला रहे सरकार
नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बिहार में 15 अप्रैल को नई सरकार का गठन हुआ था। भारतीय जनता पार्टी के नेता सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ जेडीयू के दोनों वरीय नेता विजय चौधरी एवं बिजेंद्र यादव डिप्टी सीएम बने। फिलहाल ये तीनों नेता मिलकर ही बिहार में सरकार चला रहे हैं।
मंत्रिमंडल विस्तार मे अभी कुछ दिनों का समय लगेगा, इसलिए नवनियुक्त सीएम सम्राट ने तीनों के बीच विभागों का बंटवारा भी कर दिया था। मुख्यमंत्री ने 29 विभाग अपने पास रखे, बाकी 18 विभाग दोनों डिप्टी सीएम के बीच बांट दिए। सम्राट चौधरी कैबिनेट का विस्तार अगले महीने तक होने की संभावना है। नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण होने के बाद नए सिरे से विभागों का बंटवारा किया जाएगा।
(हिन्दुस्तान ब्यूरो की रिपोर्ट)




साइन इन