Samrat Choudhary Cabinet Dy CM Bijendra Yadav JDU profile not lost any election in 35 years आजादी से पहले पैदा, 35 साल से अजेय; नीतीश से मिला प्रमोशन, जेडीयू के बिजेंद्र यादव अब डिप्टी सीएम, Bihar Hindi News - Hindustan
More

आजादी से पहले पैदा, 35 साल से अजेय; नीतीश से मिला प्रमोशन, जेडीयू के बिजेंद्र यादव अब डिप्टी सीएम

Bijendra Yadav Profile: बिहार में जदयू के डिप्टी सीएम बिजेंद्र यादव कोसी के दिग्गज नेता हैं। 35 साल से वो सुपौल से जीत रहे हैं। नीतीश कुमार के करीबी नेताओं में एक बिजेंद्र यादव पिछली सरकार में पार्टी के सबसे सीनियर मंत्री थे।

Wed, 15 April 2026 12:06 PMJayesh Jetawat हिन्दुस्तान, वरीय संवाददाता, सुपौल
share
आजादी से पहले पैदा, 35 साल से अजेय; नीतीश से मिला प्रमोशन, जेडीयू के बिजेंद्र यादव अब डिप्टी सीएम

Bijendra Yadav Profile: सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली बिहार सरकार में डिप्टी सीएम बनने वाले जनता दल यूनाइटेड (JDU) के वरिष्ठ नेता बिजेंद्र प्रसाद यादव सुपौल के रहने वाले हैं। कोसी क्षेत्र को जदयू के गढ़ के रूप में स्थापित करने में बिजेंद्र यादव का बड़ा योगदान है। वह सुपौल सदर विधानसभा से लगातार 9 बार के विधायक हैं। दरअसल, कोसी इलाके में बिजेंद्र प्रसाद यादव राजनीति की धुरी माने जाते हैं। साल 1990 में उन्होंने पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत भी दर्ज की, तब से लेकर आज तक लगातार सुपौल सदर सीट को इन्होंने जदयू की थाती बना दिया है। वह नीतीश सरकार में सबसे सीनियर मंत्री रहे, अब सम्राट सरकार में उनका प्रमोशन कर डिप्टी सीएम बनाया गया है।

सुपौल सदर प्रखंड के मुरली गांव में 10 अक्टूबर 1946 को जन्मे बिजेंद्र प्रसाद यादव ने सुपौल विधानसभा सीट से साल 1990 और 1995 में दो बार जनता दल, जबकि 2000 से लेकर 2025 तक (उपचुनाव समेत) कुल सात बार जनता दल यूनाइटेड के टिकट पर अपनी किस्मत आजमाई और लगातार वह विधायक बनते रहे। विरोधी पार्टियों ने कई बार सुपौल सीट से बिजेंद्र यादव को चुनौती देने की कोशिश की, पर वह लगातार जीत दर्ज करते रहे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:LIVE: सम्राट चौधरी के सिर सजा बिहार के मुख्यमंत्री का ताज, राज्यपाल ने दिलाई शपथ

जानिये कब-कब, किस विभाग के मंत्री रहे

दिसंबर 1990 से 1995 तक राज्य मंत्री, ऊर्जा विभाग, 1995 से 97 तक नगर विकास एवं विधि राज्य मंत्री, नवंबर 2005 से अप्रैल 2008 तक ऊर्जा मंत्री, अप्रैल 2008 से नवंबर 2010 तक जल संसाधन मंत्री, फरवरी 2010 से नवबंबर 2010 तक निबंधन एवं उत्पाद मंत्री, मई 2010 से नवंबर 2010 तक उद्योग व परिवहन मंत्री, नवंबर 2010 से ऊर्जा मंत्री और मांझी कैबिनेट में वित्त एवं वाणिज्यकर विभाग, 2015 में ऊर्जा एवं वाणिज्यकर तथा वर्ष 2020 में ऊर्जा और योजना एवं विकास विभाग के मंत्री बने। 2025 में ऊर्जा, योजना एवं विकास विभाग एवं वित्त विभाग के मंत्री रहे।

पार्टी में लोकप्रियता, दल की रणनीति में रखते बड़ा दखल

बिजेंद्र यादव जदयू के अंदर बन रही किसी भी रणनीति में बड़ा दखल रखते हैं। पार्टी के अध्यक्ष नीतीश कुमार के ये करीबी हैं। इसी का नतीजा रहा कि इन्हें उपमुख्यमंत्री की कुर्सी से नवाजा गया। करीब-करीब बिहार सरकार के सभी मंत्रालयों को बिजेंद्र प्रसाद यादव लीड कर चुके हैं।

बिजेंद्र यादव का सियासी सफरनामा

- 1967 में राजनीति में आए, 1990 में जीतकर पहली बार एमएलए बने

- 1990 में पहली बार बने विधायक, तब से इस सीट पर लगातार जीत रहे

- 1998 से 2000 तक विधानसभा में ध्यानाकर्षण समिति के सभापति रहे

- 2000 से लगातार जदयू के साथ हैं, शुरू से ही मंत्री का पद मिलता रहा

- 1990 से लेकर 2025 तक के बीच हुए सभी चुनाव-उपचुनावों में जीते

(सुपौल से रवि कुमार की रिपोर्ट)

लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।