Bihar election commission officers waited for Rahul Tejashwi mahagathbandhan leaders delegation over voter list revision राहुल दिल्ली गए, तेजस्वी घर; चुनाव आयोग के दफ्तर के बाहर इंतजार करते रह गए अफसर, Bihar Hindi News - Hindustan
More

राहुल दिल्ली गए, तेजस्वी घर; चुनाव आयोग के दफ्तर के बाहर इंतजार करते रह गए अफसर

बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के खिलाफ विपक्षी दलों के महागठबंधन के बंद का पूरे बिहार में असर दिखा है। चुनाव आयोग के अधिकारी दफ्तर के गेट पर प्रतिनिधिमंडल के इंतजार में दिखे लेकिन कोई नहीं गया।

Wed, 9 July 2025 01:33 PMRitesh Verma लाइव हिन्दुस्तान, पटना
share
राहुल दिल्ली गए, तेजस्वी घर; चुनाव आयोग के दफ्तर के बाहर इंतजार करते रह गए अफसर

बिहार में विधानसभा चुनाव से चार महीने पहले 15 दिनों से चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision - SIR) को लेकर विपक्षी दलों के अलायंस महागठबंधन के बिहार बंद का बुधवार को परिवहन सेवाओं और बाजार पर असर दिखा है। बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) के दफ्तर के गेट पर चुनाव आयोग के अफसर महागठबंधन के प्रतिनिधिमंडल का इंतजार करते दिखे लेकिन राहुल गांधी के भाषण के बाद मार्च खत्म हो गया और नेता-कार्यकर्ता वापस लौट गए। विपक्षी दलों का कोई प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग के अधिकारियों से मिलने नहीं गया, जिसका इंतजार करते अफसर दिखे थे।

बिहार बंद में शामिल होने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सीपीआई नेता डी राजा समेत कई लीडर दिल्ली से भी आए थे। पटना में आयकर गोलंबर पर तेजस्वी यादव, दीपांकर भट्टाचार्य, मुकेश सहनी, राजेश कुमार, अखिलेश प्रसाद सिंह समेत विपक्षी दलों के कई नेता एक खुले ट्रक पर सवार होकर कार्यकर्ताओं के साथ निकले, जिसे पुलिस ने शहीद स्मारक के पास रोक दिया। यहीं पर सभी नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और चुनाव आयोग पर भाजपा के इशारे पर वोटरों का नाम काटने की साजिश का आरोप लगाया।

Bihar Bandh LIVE: पटना में प्रदर्शन के बाद दिल्ली लौट रहे राहुल गांधी, नहीं जा सके गोपाल खेमका के घर

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव में वोट चोरी के अपने आरोपों को भी दोहराया और कहा कि बिहार में भी उसी तरह वोट चोरी की कोशिश हो रही है। बताते चलें कि वोटर लिस्ट रिवीजन को लेकर बिहार से लेकर दिल्ली तक राजनीतिक बवाल मचा है। विपक्षी दल इसके लिए मांगे गए 11 दस्तावेजों की सूची से आधार कार्ड, मनरेगा कार्ड जैसे पहचान पत्र को बाहर रखने के आधार पर चुनाव आयोग की मंशा पर सवाल उठा रहे हैं। तेजस्वी यादव ने तो पूछा है कि यह दस्तावेज तय करने और उसमें आधार जैसे पहचान पत्र को बाहर करने का अधिकार आयोग को किसने दिया है। सुप्रीम कोर्ट में वोटर लिस्ट रिवीजन को चुनौती दी गई है जिस पर 10 जुलाई यानी कल सुनवाई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:बिहार बंद में महागठबंधन के हजारों समर्थक सड़क पर उतरे, पटना से पूर्णिया तक असर
ये भी पढ़ें:बिहार बंद में जहाज से पटना पहुंचे राहुल गांधी, कार से इनकम टैक्स गोलंबर जायेंगे
ये भी पढ़ें:बिहार में चुनाव की चोरी की कोशिश, मतदाता पुनरीक्षण पर पटना में बोले राहुल गांधी
ये भी पढ़ें:बिहार में समय से पहले हो जाएगा SIR का काम! 14 दिन में 47 फीसदी फॉर्म जमा
लेटेस्ट Hindi News और Bihar News के साथ-साथ Patna News, Muzaffarpur News, Bhagalpur News और अन्य बड़े शहरों की ताज़ा खबरें हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।