बिहार में चुनाव की चोरी की कोशिश हो रही, मतदाता पुनरीक्षण पर पटना में बोले राहुल गांधी
राहुल गांधी ने पटना में मार्च में हिस्सा लिया और शहीद स्मारक चौक के पास कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए चुनाव आयोग पर जमकर बरसे। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र और हरियाणा के चुनाव में वोटों की लूट हुई थी। उन्होंने कहा कि बिहार में चुनाव की चोरी की कोशिश हो रही है।

बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Elections) से पहले चुनाव आयोग यहां विशेष मतदाता पुनरीक्षण करवा रहा है। लेकिन विपक्ष इस मुद्दे पर बिफरा हुआ है और इस पुनरीक्षण के खिलाफ महागठबंधन के नेताओं ने बिहार बंद बुलाया। बिहार बंद को धार देने के लिए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी भी पटना आए। राहुल गांधी ने पटना में मार्च में हिस्सा लिया और शहीद स्मारक चौक के पास कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए चुनाव आयोग पर जमकर बरसे। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र और हरियाणा के चुनाव में वोटों की लूट हुई थी। उन्होंने कहा कि बिहार में चुनाव की चोरी की कोशिश हो रही है।
पटना में राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र, हरियाणा में वोट की लूट हुई है। हरियाणा चुनाव में गड़बड़ हुई है। जहां वोट बढ़े वहां बीजेपी जीती। राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र में गरीबों का वोट काटकर बीजेपी जीती है और महाराष्ट्र में सभी नए वोट बीजेपी को मिले हैं। इसके बाद कांग्रेस सांसद ने कहा, ‘मैं बिहार की जनता को कह रहा हूं कि महाराष्ट्र का चुनाव चोरी किया गया था। वैसे ही बिहार का चुनाव चोरी करने की कोशिश की जा रही है। उन्हें पता लग गया कि हमने महाराष्ट्र मॉडल समझ लिया है इसलिए वो नया बिहार मॉडल लाए हैं। यह गरीबों का वोट छीनने का तरीका है।’
पटना में संबोधन के दौरान राहुल गांधी के हाथ में संविधान की किताब भी थी। राहुल गांधी ने कहा कि संविधान में लिखा है कि हिन्दुस्तान के हर नागरिक को एक वोट का अधिकार मिलना चाहिए। चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कुछ समय पहले हमारे लोग इलेक्शन कमिश्नर से जाकर मिले थे। हालांकि, मैं नहीं गया था क्योंकि मैं नहीं था। लेकिन मैंने उनसे पूछा कि आपको क्या लगा? और सभी ने कहा कि चुनाव आयुक्त बीजेपी और आरएसएस जैसे बात कर रहे हैं। वो भूल रहे हैं कि वो किसी राजनीतिक पार्टी के नहीं हैं वो हिनुदुस्तान के इलेक्शन कमिश्नर हैं और उनका काम संविधान की रक्षा करना है।




साइन इन