बिहार में समय से पहले पूरा होगा वोटर लिस्ट पुनरीक्षण का काम! 14 दिन में ही 47 फीसदी फॉर्म जमा
बिहार में जारी वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन के दौरान अब तक कुल 7.90 करोड़ मतदाओं के 46.95% रिवीजन फॉर्म जमा किए जा चुके हैं। जो 3.70 करोड़ से ज्यादा है। इसके अलावा, 18.16% फॉर्म ECINET पर अपलोड किए जा चुके हैं। जिसकी जानकारी चुनाव आयोग ने दी है।

बिहार में जारी वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन के बीच चुनाव आयोग ने ताजा आंकड़े जारी किए हैं। जिनके मुताबिक 8 जुलाई की शाम बजे तक कुल 7.90 करोड़ मतदाओं के 46.95% रिवीजन फॉर्म जमा किए जा चुके हैं। जो 3.70 करोड़ से ज्यादा है। इसके अलावा, 18.16% फॉर्म ECINET पर अपलोड किए जा चुके हैं। बीते दो हफ्तों में 7.90 करोड़ प्रपत्र छापे गए और उनमें से 97% से अधिक (7,70,44,990 फॉर्म) मतदाताओं को वितरित किए जा चुके हैं। बड़ी संख्या में संभावित मतदाता गणना प्रपत्र के साथ अपनी पात्रता से संबंधित दस्तावेज़ भी जमा कर रहे हैं। जैसे 24 जून 2025 के एसआईआर के आदेश में है। आपको बता दें गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) जमा करने की अंतिम तिथि 25 जुलाई है।
चुनाव आयोग के मुताबिक बीते 24 घंटे में 82,78,617 गणना फॉर्म एकत्र किए गए हैं, जो एक ही दिन में 10.5% की प्रगति को दर्शाता है। अगर यही गति बनी रहती है, तो यह काम निर्धारित समय-सीमा से पहले ही पूरा किया जा सकता है। अभी फॉर्म जमा करने के लिए 17 दिन का समय बाकी है। फील्ड में 20,603 नए बीएलओ की जुड़ने से यह प्रक्रिया और तेज हुई है। पहले से ही कुल 77,895 बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं की मदद कर रहे हैं, फॉर्म भरवा रहे हैं और उन्हें एकत्र कर रहे हैं। बीएलओ द्वारा तीन निर्धारित दौरों में से पहला दौरा पूरा कर लिया गया है, दूसरा दौरा जारी है।
इस अभियान में लगभग 4 लाख स्वयंसेवक हैं, जो सरकारी कर्मचारी, एनसीसी कैडेट, एनएसएस सदस्य आदि शामिल हैं। जो बुजुर्गों, दिव्यांगों, बीमार और कमजोर वर्ग के लोगों को एसआईआर प्रक्रिया में सहयोग देने हेतु कार्यरत हैं। इसके अलावा, सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ, 963 एईआरओ, 38 जिला निर्वाचन पदाधिकारी और राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी भी मतदाताओं को फॉर्म जमा करने में मदद कर रहे हैं।
सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिला अध्यक्षों ने बीएलए की नियुक्तियों में तेजी लाई है। वे सक्रिय रूप से जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं। अब तक 1,56,626 बीएलए नियुक्त किए जा चुके हैं, जो अभियान शुरू होने के समय 1,38,680 थे। मैनुअल ऑफ इलेक्टोरल रोल की धारा 25.2.1 के अनुसार, वे अभी भी और बीएलए नियुक्त कर सकते हैं।




साइन इन