बिहार में 87 परसेंट वोटर को मिल गया रिवीजन फॉर्म, बाकी मतदाता अभी नहीं मिले; चुनाव आयोग का दावा
बिहार में 25 जून से शुरू हुए वोटर लिस्ट रिवीजन का काम जारी है। 87 फीसदी वोटर को गणना फॉर्म मिल चुका है। बीएलओ का घरों के दौरे का पहला चरण पूरा हो गया है। बीएलओ मतदाताओं के घर तीन बार जाएंगे। इसकी जानकारी चुनाव आयोग ने दी है।

बिहार में जारी वोटर लिस्ट रिवीजन की जानकारी देते हुए चुनाव आयोग ने बताया कि राज्य में लगभग डेढ़ करोड़ घरों में बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) का पहला दौरा आज पूरा हो गया है। 24 जून, 2025 तक पंजीकृत कुल 7,89,69,844 (लगभग 7.90 करोड़) मतदाताओं में 87 फीसदी से ज्यादा गणना फॉर्म (करीब 6,86,17,932) वितरित किए जा चुके हैं। बाकी मतदाता जो नहीं मिले हैं, उसकी वजह बताई जा रही है कि घर बंद हो सकते हैं, मृत मतदाता हो सकते हैं, प्रवासी हो सकते हैं या जो यात्रा कर रहे हों। इस अभियान के तहत बीएलओ मतदाताओं के घरों में तीन बार जाएंगे, इसलिए ये आंकड़े और बढ़ने की संभावना है।
आंशिक रूप से भरे गए फॉर्म ईसीआई पोर्टल https://voters.eci.gov.in के साथ-साथ ECINET ऐप पर भी डाउनलोड के लिए उपलब्ध हैं। भरे हुए फॉर्म को मतदाता खुद ECINET ऐप पर अपलोड कर सकते हैं। इसके अलावा, तमाम राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त 1,54,977 बूथ स्तरीय एजेंट (बीएलए) भी एसआईआर प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग दे रहे हैं। 2 जुलाई तक भाजपा ने 52,689 बीएलए नियुक्त किए हैं। वहीं राजद के 47,504, जेडीयू के 34,669, कांग्रेस के 16,500, राष्ट्रीय लोक जन शक्ति पार्टी के 1913, सीपीआई (एमएल) के 1271, लोक जन शक्ति पार्टी (रामविलास) के 1153, सीपीआई(एम) के 578, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के 270 के अलावा बीएसपी (74), एनपीपी (3) और एएएपी (1) बीएलए है। हर बीएलए प्रति दिन 50 प्रमाणित फॉर्म जमा कर सकता है।
लगभग पांच प्रतिशत भरे हुए और हस्ताक्षरित फॉर्म यानी लगभग 38 लाख फॉर्म पहले ही बीएलओ को मिल चुके हैं। चुनाव आयोग का मोटो समावेशन सर्वप्रथम है। जिस पर आयोग का जोर दिया गया है। स्पेशल इनटेंसिव रिवीजन के तहत 1 अगस्त 2025 को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए मतदाता को 25 जुलाई 2025 से पहले से रिवीजन फॉर्म पर हस्ताक्षर करके उसे जमा करना होगा।
वहीं दूसरी तरफ अपलोड किए गए फॉर्मों का एक साथ सत्यापन का काम भी शुरू कर दिया गया है। कुछ लोगों की आशंकाओं के बावजूद, एसआईआर यह सुनिश्चित करेगा कि सभी पात्र व्यक्तियों को इसमें शामिल किया जाएगा। हस्ताक्षरित गणना फॉर्म के साथ संलग्न या अटैच नहीं किए गए दस्तावेजों के आधार पर ड्राफ्ट रोल में शामिल प्रत्येक नाम की पात्रता का सत्यापन उनकी प्राप्ति के बाद लगातार किया जाएगा।
ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद 2 अगस्त, 2025 से सत्यापन तेजी से शुरू हो जाएगा। मतदाता सूची के प्रकाशित ड्राफ्ट के आधार पर 2 अगस्त 2025 के बाद किसी भी राजनीतिक दल या किसी भी आम आदमी से दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। अंतिम मतदाता सूची 30 सितंबर, 2025 को प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद भी डीएम और सीईओ के पास अपील भी दायर की जा सकती है।




साइन इन