कुंडली में बुध कमजोर होने से होते हैं ये नुकसान, मजबूती के लिए बुधवार के दिन कर लें ये उपाय
अगर कुंडली में बुध ग्रह कमजोर होता है तो इसके कई नुकसान होते हैं। अगर आपके साथ भी ऐसा है तो कुछ उपाय के जरिए इसे आसानी से मजबूत बना सकते हैं।

How to Strengthen Mercury Planet: हमारी जिंदगी पर ग्रहों का प्रभाव साफ तौर पर देखने को मिलता है। कुंडली में मौजूद ग्रहों की स्थिति ही हमारे भविष्य की झलक दिखाते हैं। समय-समय पर इन ग्रहों में बदलाव आता है। कुछ ग्रह कुंडली में मजबूत दिखते हैं, तो वहीं कुछ कमजोर स्थिति में होते हैं। जब भी ऐसा होता है तो इसका असर हमारी रोजमर्रा की जिंदगी में भी दिखता है। बात की जाए बुध ग्रह की तो इस ग्रह को ज्योतिष शास्त्र में बुद्धि और समझ का प्रतीक माना जाता है। इसका संबंध सीधे तौर पर हमारी सोचने-समझने की क्षमता से होती है। साथ ही हमारे बोलने का तरीके से लेकर बिजनेस करने के तरीके का संबंध भी इसी से होता है। अगर कुंडली में ये ग्रह कमजोर होता है तो इसके नुकसान होते हैं। जानते हैं इसके बारे में। साथ ही जानेंगे कि कुंडली में बुध ग्रह को मजबूत कैसे किया जाए?
बुध ग्रह कमजोर होने से नुकसान
अगर किसी की कुंडली में बुध ग्रह कमजोर है तो कुछ संकेत के जरिए इसका पता लगाया जा सकता है। जिस भी व्यक्ति का बुध कमजोर होगा, सबसे पहले तो उसे किसी से भी बात करने में बहुत ही ज्यादा झिझक सी महसूस होगी। ऐसे लोगों को बिजनेस में काफी बाधाएं आती है। जब भी कोई बड़ा फैसला लेना होगा, इन्हें बहुत दिक्कत महसूस होगी। ये अकेले खुद से कोई फैसला नहीं ले सकेंगे। साथ ही ऐसे लोग हर छोटी-छोटी बात पर टेंशन लेने लगते हैं। वहीं इसके उलट जब भी बुध ग्रह मजबूत होता है तो ऐसा इंसान तेज दिमाग वाला होगा। साथ ही वो एक झटके में सही फैसला लेने वाला होगा। ऐसे लोगों का बिजनेस भी चल पड़ता है। अब जानते हैं कि अगर बुध कमजोर हो तो किन उपायों के जरिए इसे मजबूत बनाया जा सकता है?
ऐसे मजबूत करें बुध ग्रह
अगर आपकी कुंडली में बुध ग्रह कमजोर है तो बुधवार के दिन भगवान गणेश की पूजा जरूर करें। साथ ही ॐ गण गणपतये नमो नमः मंत्र का जाप 108 बार जरूर करें। आप चाहें तो इस मंत्र के अलावा ॐ बुद्धाय नमः मंत्र का भी जाप कर सकते हैं। जिस भी मंत्र का जाप करें, उस वक्त मन को शांत और एकाग्र बनाए रखें। तभी इसका लाभ मिलेगा। इसे नियमित रूप से हर बुधवार जरूर करें। अगर संभंव हो सके तो बुधवार के दिन व्रत जरूर रखें। शास्त्र के हिसाब से इस दिन हरे रंग के वस्त्र पहनने से लाभ मिलता है। इस दिन अगर आप हरे रंग की चीजों का दान करेंगे तो भी बुध ग्रह को मजबूती मिलेगी। इसके अलावा इस दिन गाय को चारा डालने से भी आपको राहत मिलेगी। आप ज्योतिषी की सलाह पर पन्ना धारण कर सकते हैं।
पन्ना पहनने का तरीका
अगर आप पन्ना धारण करने का मन बना रहे हैं तो एक बार कुंडली को ज्योतिष को जरूर दिखाएं। पन्ना को हमेशा चांदी या फिर सोने की अंगूठी में ही जड़वाएं। इसे धारण करने से पहले गंगाजल और दूध से पवित्र कर लें। इसके बाद ॐ बुं बुधाय नमः मंत्र का 108 बार जाप करते हुए इसे धारण कर लें। ध्यान रखें कि ये बुध से जुड़ा रत्न हैं तो इसे बुधवार के दिन ही पहनें। पन्ना को हमेशा छोटी उंगली यानी कनिष्ठा में पहनते हैं।
मंदिर जाकर जरूर करें ये काम
अगर आप हर बुधवार मंदिर जा सकते हैं तो ये और भी अच्छा है। अगर ऐसा संभंव नहीं हो तो आप घर पर ही एक आसान सा उपाय कर सकते हैं। बुधवार के दिन भगवान गणेश को दुर्वा चढ़ाएं। इससे आपकी जिंदगी में आने वाली सारी बाधाएं खत्म होने लगती हैं। भगवान को दुर्वा अर्पित करते वक्त ये मनोकामना करें कि भगवान आपके रास्ते में आने वाली हर अड़चन को दूर कर दें। उस उपाय को आप हर बुधवार को बिना किसी बाधा के पूरा जरूर करें। इन उपायों से धीरे-धीरे आपका बुध ग्रह मजबूत होने लगेगा।
डिस्क्लेमर- (इस आलेख में दी गई जानकारियों पर हम यह दावा नहीं करते कि ये पूर्णतया सत्य एवं सटीक हैं। विस्तृत और अधिक जानकारी के लिए संबंधित विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।)
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन