बेटे को इलाज के लिए लाया था अस्पताल, लिफ्ट में फंसकर हो गई मौत; मचा हंगामा
कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में लिफ्ट में फंसने की वजह से एक शख्स की मौत हो गई। वह अपने चार साल के बेटे के इलाज के लिए अस्पताल आया था। मृतक की पहचान 40 साल के अरूप बैनर्जी के तौर पर हुई है।

उत्तरी कोलकाता के एक सरकारी अस्पताल से बेहद दर्दनाक घटना सामनेआई है। यहां अस्पताल की लिफ्ट में कथित तौर पर फंस जाने के बाद एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति की शुक्रवार को मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 40 वर्ष की आयु के आसपास के उस व्यक्ति को जब आपातकालीन इकाई में लाया गया तो उसकी नाक से खून बह रहा था। मृतक का नाम अरूप बैनर्जी बताया गया है।
दम दम क्षेत्र के रहने वाले मृतक के परिवार वालों ने दावा किया कि वह अपने चार वर्षीय बेटे को आर जी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में इलाज के लिए लाए थे। आरोप है कि ट्रॉमा केयर यूनिट में वह अपनी पत्नी के साथ लिफ्ट में फंस गए, जब लिफ्ट अचानक खराब हो गई। परिवार ने यह भी दावा किया कि लिफ्ट में कोई लिफ्टमैन मौजूद नहीं था।
अधिकारी ने कहा, "मृत्यु के कारण का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम किया जाएगा।" अस्पताल की रोगी कल्याण समिति के अध्यक्ष और कोलकाता के उप महापौर अतीन घोष ने स्वीकार किया कि कुछ चूक हो सकती है जिसके कारण यह "दुर्भाग्यपूर्ण घटना" घटी। घोष ने कहा कि पुलिस कानून के अनुसार कार्रवाई करेगी।
जानकारी के मुताबिक सुबह के करीब 5 बजे अरूप लिफ्ट से ट्रॉमा सेंटर की पांचवीं मंजिल पर जा रहे थे। इसी दौरान लिफ्ट बंद हो गई। ताला पुलिस स्टेशन के अधिकारियों के मुताबिक जानकारी मिलते ही वे मौके पर पहुंचे थे। हालांकि अरूप की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। अस्पताल परिसर में तनाव के माहौल को देखते हुए केंद्रीय बल को तैनात कर दिया गया है। परिवार ने अब तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं करवाई है।
अरूप के परिजनों ने अस्पताल पर ही लापरवाहीके आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि लिफ्ट के अंदर कोई भी ऑपरेटर नहीं था। लोगों का कहना है कि ट्रॉमा सेंटर जैसी जगहों पर इस तरह की लापरवाही कैसे की जा सकती है।
बता दें कि यह अस्पताल पहले भी काफी विवादों में रह चुका है। इसी अस्पताल में एक ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप करके उसकी हत्या कर दी गी थी। डॉक्टर की उम्र 31 साल थी। इसके बाद टीएमसी सरकार का काफी विरोध भी हुआ था। पीड़िता की मां ने कहा है कि बीजेपी उन्हें टिकट दे सकती है और अगर ऐसा होता है तो वह चुनाव लड़ेंगी।




साइन इन