मेला से लौट रहे 3 दोस्तों की दर्दनाक मौत, बेतिया में रोड पर खड़ी ट्रक में पीछे से घुसी बाइक
तीनों युवक एक ही बाइक से नाथबाबा चौक पर आयोजित महायज्ञ का मेला देखने गए थे। मेला देखने के बाद देर रात घर लौटने के दौरान बगही बढ़िया टोला के समीप सड़क किनारे खड़े यूरिया लदे ट्रक से उनकी बाइक पीछे से टकरा गई।

Bihar Accident Three Died: बिहार के बेतिया में घुसकपुरा गांव के तीन युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना बैरिया थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात करीब 11:40 बजे की है। मृतकों में बैरिया वार्ड संख्या 06 स्थित घुसकपुरा गांव निवासी आलोक कुमार(20), रौशन कुमार (15) और विकास कुमार(20) शामिल हैं। बैरिया थाना पुलिस ने शुक्रवार की सुबह जीएमसीएच में शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों के हवाले कर दिया है। बैरिया थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि जिस ट्रक से टकराने से दुर्घटना हुई उसे जब्त कर लिया गया है। मृतक आलोक पटना में रहकर नीट की तैयारी करता था जबकि, विकास विदेश जाने की तैयारी कर रहा था। उसका पासपोर्ट बन गया था।
सूत्रो के अनुसार तीनों युवक एक ही बाइक से नाथबाबा चौक पर आयोजित महायज्ञ का मेला देखने गए थे। मेला देखने के बाद देर रात घर लौटने के दौरान बगही बढ़िया टोला के समीप सड़क किनारे खड़े यूरिया लदे ट्रक से उनकी बाइक पीछे से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक सड़क पर खड़ा था और उसमें कोई इंडिकेटर या चेतावनी लाइट नहीं जली थी, जिससे अंधेरे में बाइक सवार युवकों को ट्रक दिखाई नहीं पड़ा और वे सीधे उसमें जा भिड़े।
हादसा इतना भीषण था कि बाइक पर सवार आलोक कुमार और विकास कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल रौशन कुमार को स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से जीएमसीएच बेतिया में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। मृतक आलोक कुमार के पिता संजय चौधरी उर्फ पंकज चौधरी ने बताया कि आलोक पटना में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था और दो भाइयों में बड़ा था। वहीं रौशन कुमार के पिता कन्हैया सहनी ने बताया कि रौशन नौवीं कक्षा का छात्र था। वह दो भाइयों में बड़ा था और उसकी दो छोटी बहनें हैं। बेटे की मौत के बाद मां रिंभा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
इधर विकास कुमार के पिता चन्द्रमा चौधरी ने बताया कि विकास विदेश जाने की तैयारी कर रहा था और इसके लिए उसने पासपोर्ट भी बनवा लिया था। वह भी दो भाइयों में बड़ा था तथा उसकी एक बहन की शादी हो चुकी है। बेटे की मौत के बाद मां बबीता देवी व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




साइन इन