बंगाल में नतीजे से पहले बवाल; भाजपा कार्यकर्ता के घर पर गोलीबारी, 2 गिरफ्तार
भाजपा उम्मीदवार ने लिखा, ‘अमन चौधरी ने कुंदन सिंह को जान से मारने के इरादे से घर में घुसने की कोशिश की लेकिन ईश्वर की कृपा से कुंदन बाल-बाल बच गया। ये दोनों अपराधी गरुलिया के निवासी हैं और इलाके के कुख्यात अपराधी हैं।’

पश्चिम बंगाल में कोलकाता के बाहरी इलाके नोआपारा से बीजेपी उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने रविवार को गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बाइक सवार हथियारबंद लोगों ने भाजपा पदाधिकारी कुंदन सिंह के घर पर हमला किया और उन पर गोलीबारी की। इस संबंध में बैरकपुर पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बैरकपुर कमिश्नरेट के सीनियर अधिकारी ने कहा कि आरोपियों की पहचान अमन चौधरी और आकाश चौधरी उर्फ गोलू के रूप में की गई है जो गारुलिया के रहने वाले हैं।
इससे पहले दिन में, कोलकाता के बाहरी इलाके नोआपारा से भाजपा के उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने अपने सोशल मीडिया एक्स अकाउंट पर सीसीटीवी फुटेज का स्क्रीनशॉट पोस्ट किया, जिसमें आरोप लगाया गया कि शनिवार देर रात सशस्त्र बाइक सवार लोगों ने भाजपा पदाधिकारी कुंदन सिंह के घर पर हमला किया और उन पर गोली चलाई। सिंह ने रविवार को कहा कि उन्होंने इस घटना के बारे में चुनाव आयोग से शिकायत की है।
'गोली चलने की आवाज सुनाई दी'
अर्जुन सिंह ने फेसबुक हैंडल पर पोस्ट किया, 'शनिवार रात 107-नोआपारा विधानसभा क्षेत्र में लगभग 12.05 बजे तृणमूल कांग्रेस के संरक्षित दो हथियारबंद अपराधी आकाश चौधरी उर्फ गोलू और अमन चौधरी आए थे। वे बैरकपुर संगठनात्मक जिला परिषद के सचिव कुंदन सिंह के घर पर उन्हें जान से मारने के इरादे से मोटरसाइकिल से पहुंचे। एक गोली चलने की आवाज सुनाई दी।'
भाजपा उम्मीदवार ने लिखा, 'अमन चौधरी ने कुंदन सिंह को जान से मारने के इरादे से घर में घुसने की कोशिश की लेकिन ईश्वर की कृपा से कुंदन बाल-बाल बच गया। ये दोनों अपराधी गरुलिया के निवासी हैं और इलाके के कुख्यात अपराधी हैं। इनके नाम ईसीसाई को सौंपी गई अपराधियों की सूची में शामिल हैं। मतदान के दिन आकाश चौधरी को नोआपारा पुलिस ने शाम तक हिरासत में रखा और बाद में रिहा कर दिया।'
अर्जुन सिंह ने दावा किया कि मतगणना से पहले ये अपराधी अपने नेताओं के निर्देश पर बंगाल भाजपा के स्थानीय नेतृत्व व कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग और पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव आयुक्त से इन कुख्यात अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।




साइन इन