बंगाल में काउंटिंग से पहले ड्यूटी डिटेल्स लीक; शुभेंदु अधिकारी के आरोपों से बवाल तय
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना से ठीक पहले आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि मतगणना ड्यूटी पर तैनात कुछ अधिकारी अपनी संवेदनशील जानकारी विभागीय संगठनों और संघों के साथ शेयर कर रहे हैं।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना से ठीक पहले आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि मतगणना ड्यूटी पर तैनात कुछ अधिकारी अपनी संवेदनशील जानकारी विभागीय संगठनों और संघों के साथ शेयर कर रहे हैं। शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर चुनाव आयोग से तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर यह प्रक्रिया नहीं रोकी गई तो सोमवार ( 4 मई ) को होने वाली मतगणना की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।
अपनी पोस्ट में अधिकारी ने लिखा कि मेरे संज्ञान में आया है कि मतगणना ड्यूटी पर तैनात कई अधिकारी अपनी ड्यूटी का पूरा विवरण, स्थान, पदनाम और विशिष्ट भूमिकाएं अपने विभागीय संगठनों व संघों को बता रहे हैं। कुछ स्प्रेडशीट और सूचियां भी वायरल हो रही हैं, जिनमें अधिकारी स्वेच्छा से या दबाव में यह जानकारी भर रहे हैं। उन्होंने पोस्ट के साथ व्हाट्सएप मैसेज के स्क्रीनशॉट भी साझा किए हैं। शुभेंदु अधिकारी ने इसे चुनाव आचार संहिता और नियमों का गंभीर उल्लंघन बताया।
भाजपा नेता ने पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी और चुनाव आयोग से अपील की कि मामले की तुरंत जांच की जाए। साथ ही अधिकारियों को किसी भी संगठन या संघ के साथ मतगणना ड्यूटी संबंधी जानकारी साझा करने से सख्ती से रोका जाए और ऐसी जानकारी जुटाने वाले संगठनों की जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि मतगणना की पवित्रता तैनात कर्मियों की गोपनीयता पर निर्भर करती है। अगर राजनीतिक झुकाव वाले संगठनों को यह जानकारी मिल गई तो अनावश्यक दबाव और धमकियों का खतरा बढ़ जाएगा।
भवानीपुर में हंगामा
दूसरी ओर, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के मतगणना केंद्र पर रविवार को हंगामा हो गया। तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के झंडे वाली दो कारों को उस परिसर में प्रवेश की अनुमति दी गई, जहां इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें (EVM) रखी गई हैं। बता दें कि इसी मतगणना केंद्र (सखावत मेमोरियल गर्ल्स स्कूल) के सामने ममता बनर्जी ने गुरुवार रात चार घंटे धरना दिया था और स्ट्रॉन्गरूम में अनधिकृत प्रवेश का आरोप लगाया था।
गौरतलब है कि मतदान समाप्त होने के बाद पश्चिम बंगाल में सत्ता की लड़ाई अब तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच मनोवैज्ञानिक दबाव की जंग में बदल गई है। दोनों दलों के कार्यकर्ता और नेता राज्यभर के स्ट्रॉन्गरूम की सुरक्षा पर कड़ी नजर रखे हुए हैं, जहां उम्मीदवारों का चुनावी भविष्य बंद है।




साइन इन