मौसम बदलने वाला है; अगले दो-तीन दिन होगी बारिश, तेज हवाएं चलने की आशंका
राजस्थान के अधिकांश भागों में भीषण गर्मी पड़ रही है और मौसम विभाग के अनुसार यह दौर अगले सप्ताह भी जारी रह सकता है। IMD के जयपुर केंद्र के मुताबिक, अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 43 से 46 डिग्री सेल्सियस रहा।

देश के विभिन्न हिस्सों में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज मिलाजुला रहने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ताजा प्रेस रिलीज में यह जानकारी दी गई। इसके मुताबिक, मध्य भारत के कई भागों में आज भी गर्मी का असर है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के बांदा में अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई क्षेत्रों में तापमान 40 से 46 डिग्री के बीच बना हुआ है। ओडिशा, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में रात के वक्त भी काफी गर्मी पड़ रही है।
IMD के अनुसार, अगले सप्ताह उत्तर-पूर्व भारत में बारिश होने की संभावना है। गरज, बिजली चमकने और 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। त्रिपुरा में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। मेघालय में 7-11 सेमी बारिश होने की संभावना जताई गई है। पश्चिम बंगाल, सिक्किम और उत्तर-पूर्व के राज्यों में भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है।
बिहार और झारखंड में कैसा रहेगा मौसम
पूर्वी भारत के राज्यों बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी बारिश होने के आसार हैं। 2 मई से पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की उम्मीद है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। मध्य और दक्षिण भारत में भी बदरा बरसने वाले हैं। ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश में मौसम गर्म रहेगा। अलग-अलग इलाकों में तापमान में थोड़ा-बहुत अंतर हो सकता है।
राजस्थान के मौसम का हाल जानिए
राजस्थान के अधिकांश भागों में भीषण गर्मी पड़ रही है और मौसम विभाग के अनुसार यह दौर अगले सप्ताह भी जारी रह सकता है। आईएमडी के जयपुर केंद्र के अनुसार, अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 43 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। मंगलवार सुबह तक 24 घंटे की अवधि के दौरान सर्वाधिक 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान जैसलमेर में रहा। राज्य के दक्षिण पश्चिमी भागों में हीटवेव का दौर आज भी जारी रह सकता है। ताजा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने व बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं के प्रभाव से अगले तीन-चार दिनों में तेज आंधी चल सकती है। कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है।
मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
मौसम विभाग ने मछुआरों के लिए विशेष चेतावनी जारी है। बंगाल की खाड़ी में 28 अप्रैल से 3 मई तक मछली पकड़ने के लिए न जाने की सलाह दी गई है क्योंकि तेज हवाओं और गरज के साथ भारी बारिश का खतरा है। IMD ने आम जनता को भी सतर्क रहने की अपील की है। गरज और तेज हवाओं से पेड़ गिरने, बिजली के खंभों के प्रभावित होने और फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। भारी बरसात के चलते निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। लोगों को डिहाइड्रेशन से बचने के लिए पर्याप्त पानी पीने और दोपहर में धूप से बचने की सलाह दी गई है।
कैसा रहेगा आपके शहर का मौसम, जानें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन