भगवा 'आंधी' में उड़ा ममता का किला! CM धामी ने बताया- बंगाल में ऐतिहासिक जीत के ये 3 हीरो
बंगाल में पहली बार 'कमल' खिलने जा रहा है। पहली बार भाजपा यहां चुनाव जीतने जा रही है और इतना ही नहीं, जीत ऐतिहासिक और धमाकेदार हो रही है। सीएम पुष्कर धामी ने तीन लोगों को जीत का क्रेडिट दिया है।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की स्थिति लगभग स्पष्ट हो चुकी है। पहली बार बंगाल में ‘कमल’ खिलने को तैयार है। दूसरी तरफ 15 साल से सत्ता में काबिज ममता बनर्जी की सरकार की विदाई तय है। दिल्ली में भाजपा मुख्यालय से लेकर बंगाल में सड़कों तक भाजपा जश्न में डूबी हुई है। भाजपा समर्थक काफी जोश में हैं और जीत का जश्न मना रहे हैं। उत्तराखंड सीएम पुष्कर सिंह धामी ने भी बंगाल में भाजपा की जीत को ऐतिहासिक बताया है। धामी ने भी बंगाल चुनाव के दौरान भाजपा की तरफ से प्रचार की कमान संभाली थी।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, शाम 3.30 बजे तक बंगाल की 294 में से 292 सीटों पर रुझान आ चुके थे। इसमें भाजपा 194 सीट पर आगे चल रही है और टीएमसी 91 सीट पर आगे चल रही है। यह पहली बार है जब बंगाल की धरती पर भगवा रंग लहरा रहा है। भाजपा पहली बार बंगाल में जीतने जा रही है। आज शाम 6 बजे पीएम नरेंद्र मोदी भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
धामी ने भाजपा की जीत को ऐतिहासिक बताया
उत्तराखंड सीएम पुष्कर सिंह धामी ने चुनाव परिणामों पर खुशी जाहिर करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा, “बंगाल ने विकास की रफ्तार को चुना है और खिलता कमल डबल इंजन सरकार बनाएगा।” धामी ने पश्चिम बंगाल की जनता और बीजेपी कार्यकर्ताओं को इस जीत पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।
पीएम मोदी, शाह और नितिन नवीन को जीत का श्रेय
धामी ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, गृह मंत्री अमित शाह की प्रतिबद्धता और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने विकास, सुशासन और राष्ट्रीय हित के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया है और भय, तुष्टिकरण व अव्यवस्था को नकार दिया है।
बंगाल चुनाव में ममता के 23 मंत्री पीछे
तृणमूल कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में जारी मतगणना में कम से कम 23 मंत्री पीछे हैं, जो पार्टी नेतृत्व के लिए एक व्यापक चुनौती का संकेत है। यह रुझान इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि ममता सरकार ने अपनी कल्याणकारी पहलों और मजबूत स्थानीय नेतृत्व पर बहुत अधिक भरोसा किया था, जिनमें से कई नेता जमीनी स्तर पर शासन के प्रमुख चेहरे थे।
उन्होंने आगे कहा कि यह जीत भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों, सुशासन और सुरक्षा की गारंटी पर जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है। साथ ही प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ‘अंत्योदय’ के संकल्प के जरिए पूरे देश में विकास की गंगा बह रही है, जिस पर जनता ने अपनी मुहर लगाई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन