उत्तराखंड में बदलेगा मौसम, 2 दिन किन जिलों में होगी बारिश या गिरेगी बर्फ?
Uttarakhand Weather Forecast: उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार दो पश्चिमी विक्षोभों के सक्रिय होने से पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

उत्तराखंड के मौसम में अगले कुछ दिनों के दौरान फिर बदलाव आने वाला है। दो पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से ऊंचाई वाल क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। आने वाले दिनों में पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है। हालांकि इन पश्चिमी विक्षोभों के कमजोर रहने के कारण मैदानी इलाकों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। सुबह और रात के समय हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है।
16 फरवरी को इन जिलों में चोटियों पर बारिश/बर्फबारी
मौसम विभाग ने 13 और 16 फरवरी को बैक-टू-बैक 2 नए पश्चिमी विक्षोभ के ऐक्टिव होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने इसके प्रभाव से 16 फरवरी से उत्तराखंड में मौसम बदलने का पूर्वानुमान जारी किया है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में 3300 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाली कुछ जगहों पर बहुत हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई है।
17 को भी इन जिलों में चोटियों पर मौसम रहेगा खराब
मौसम विभाग ने 17 फरवरी को भी उत्तराखंड के ऊंचाई वाले हिस्सों में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में 3300 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाली कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई है।
कैसा रहेगा तापमान?
मौसम विभाग की मानें तो उत्तराखंड में अगले 3 से 4 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। इस हफ्ते उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों की घाटियों में कुछ जगहों पर हल्का से लेकर मध्यम कोहरा छाने की संभावना जताई गई है।
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में भी बिगड़ेगा मौसम
जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग हिस्सों में 13, 16 एवं 17 फरवरी को कुछ स्थानों पर बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में 16 और 17 फरवरी को बारिश या बर्फबारी देखी जा सकती है। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 16 और 17 फरवरी को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना जताई गई है। कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बौछारें भी पड़ सकती हैं।
उत्तर पश्चिमी भारत में कैसा रहेगा तापमान?
उत्तर पश्चिमी भारत की बात करें तो अगले 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ी गिरावट नहीं आने की संभावना है। इसके बाद अगले 5 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी देखी जा सकती है। उत्तर पश्चिमी भारत के मैदानी इलाकों में अगले 48 घंटों के दौरा अधिकतम तापमान में कोई बड़ा उलटफेर नहीं होगा। इसके बाद अगले 5 दिनों के दौरान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक बढ़ोतरी संभव है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन