गरीबों को घर देने में यूपी में दूसरे नंबर पर गाजियाबाद, क्या कहते हैं आंकड़े?
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत यूपी में लखनऊ 68 हजार से अधिक घर बनाकर पहले स्थान पर रहा है। गाजियाबाद और गोरखपुर क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। क्या कहते हैं सरकार के आंकड़े जानें…

उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत गरीबों को घर देने में लखनऊ सबसे आगे रहा है। हाल ही में जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार, लखनऊ ने 68 हजार से अधिक आवास बनाकर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है जबकि गाजियाबाद और गोरखपुर क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे हैं। पिछले पांच वर्षों में उत्तर प्रदेश में कुल 17.17 लाख आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है जिनमें से लगभग 16.83 लाख परिवारों को उनका आशियाना मिल गया है। आगरा और मेरठ जैसे शहरों ने भी इस लक्ष्य को प्राप्त करने में सराहनीय प्रदर्शन किया है।
दूसरे स्थान पर गाजियाबाद
केंद्र सरकार द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत घर बनाने के मामले में लखनऊ पूरे प्रदेश में पहले स्थान पर रहा है। वहीं, गाजियाबाद और गोरखपुर ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष तीन में अपनी जगह बनाई है। इस क्षेत्र में गाजियाबाद और गोरखपुर क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे हैं।
सरकार ने संसद में दी जानकारी
यह महत्वपूर्ण जानकारी मेरठ से राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में सरकार की ओर से लिखित तौर से सदन में दी गई।
क्या कहते हैं आंकड़े?
केन्द्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू द्वारा दिए गए सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले पांच वर्षों के दौरान उत्तर प्रदेश में कुल 17.17 लाख प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण पूरा किया गया है, जिसमें 16.83 लाख प्रधानमंत्री आवास में लोग रह रहे हैं। हालांकि लक्ष्य 21.02 लाख आवास का है। यह आंकड़ा शहरी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में आवास की कमी को दूर करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
टॉप पर रहा लखनऊ
यह आंकड़ा शहरी और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में आवास की कमी को दूर करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी में लखनऊ 68 हजार से ज्यादा घर बनाकर प्रदेश का सबसे सफल जिला साबित हुआ है।
गाजियाबाद ने बिखेरी चमक
वहीं औद्योगिक केंद्र होने के साथ-साथ गाजियाबाद ने 65 हजार से अधिक आवास बनाकर अपनी चमक बिखेरी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर में 55 हजार से अधिक और ताजनगरी आगरा में 50 हजार से अधिक गरीबों को पक्के घर मिले हैं।
मेरठ जिले में 40,276 आवास का है लक्ष्य
उत्तर प्रदेश सरकार के जवाब के अनुसार, मेरठ जिले में प्रधानमंत्री आवास-शहरी का लक्ष्य 40,276 का है, जिसमें 31,814 पूर्ण हो चुके हैं। 30,455 आवास का आवंटन हो चुका है, जिसमें लोग रह रहे हैं।




साइन इन