उत्तराखंड में मई की गर्मी ने घुटने टेके; बारिश और तेज हवाओं का कब तक अलर्ट, IMD ने बताया
Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में इस साल मई के महीने में भी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं ने सर्दी वापस ला दी है। लोग गर्म कपड़े पहनने को मजबूर हैं। 13 मई तक फिलहाल ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है।

Uttarakhand Weather: उत्तराखंड के देहरादून, हल्द्वानी, नैनीताल और पहाड़ी इलाकों में मई में सूरज की तपिश महसूस होती थी। मैदान में लू के थपेड़े लोगों को परेशान करते थे, लेकिन इस साल मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला है। इन दिनों जहां तापमान 35 से 38 डिग्री तक रहता था, वही यह तापमान 30 डिग्री के करीब है। मौसम में यह बदलाव लगातार हो रही बारिश और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते है। मौसम विभाग ने एक बार फिर बारिश की भविष्यवाणी की है। आज से तीन दिन पर्वतीय इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट है। जबकि 11 मई से प्रदेशभर में फिर बारिश शुरू होगी।
2025 में बारिश के बावजूद तापमान 33 डिग्री था
पिछले सालों की तुलना करें तो इन दिनों गर्म हवाएं चलती थीं और तापमान सामान्य से तीन से चार डिग्री ऊपर था। साल 2024 में छह मई को तापमान 38.4 और सात मई को 37 डिग्री रहा था, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री तक दर्ज किया गया था। वहीं, 2025 में बारिश के बावजूद तापमान 33 डिग्री था। इस साल तापमान 29 से 31 डिग्री के बीच चल रहा है, जो सामान्य से तीन से पांच डिग्री कम है। दिन के समय 14 से 16 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से सर्द हवाएं चल रही हैं। वातावरण में नमी 100 फीसदी बनी हुई है।
11 से फिर बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक आठ से दस मई तक पर्वतीय जिलों में बारिश, ओलावृष्टि एवं तेज हवाएं चल सकती हैं। मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। 11 से 13 मई तक पूरे प्रदेश में बारिश हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और नम हवाओं के कारणों से लगातार बारिश हो रही है। इससे तापमान में गिरावट हो रही है। 11 मई से फिर दूसरा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है।
एक साल छोड़कर सता रही लू
आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में लू का प्रकोप एक साल छोड़कर देखने को मिल रहा है। साल 2022 में कुल 13 दिन हीट वेव के रहे, जबकि 2024 में 46 दिन लू चली। वहीं साल 2025 में एक भी दिन लू दर्ज नहीं की गई और इस साल फिलहाल मौसम ठंडा है।
नैनीताल में 8.5 एमएम बारिश की दर्ज
उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में मौसम के बदले मिजाज से सर्दी जैसा मौसम हो गया है। बादलों, बूंदाबांदी एवं बारिश के साथ चली हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को रुड़की में 7.5 एमएम, पिथौरागढ़ में 3.5 एमएम, थल में 18, देवाल में 14, पोखरी में 10.5, पंचेश्वर में 9.5, नैनीताल में 8.5 एमएम बारिश दर्ज की है।
मौसम बदलने से गर्मी का बाजार ठंडा
मई में इस बार लगातार हो रही बारिश से एसी-कूलर, पंखे का कारोबार भी ठंडा पड़ गया है। कोल्ड ड्रिंक, आइसक्रीम की बिक्री में एक सप्ताह में 70 फीसदी तक की गिरावट आंकी गई है। इससे व्यापारियों की चिंता बढ़ गई है। देहरादून में एक सीजन में अनुमानित करीब 400 करोड़ रुपये तक का इलेक्ट्रॉनिक्स का कारोबार होता है।
व्यापारियों का कहना है कि बीते दो सालों से वो मंदी की मार झेल रहे हैं। दरअसल, बीते साल भी 15 मई के बाद बारिश शुरू होने से मौसम शुष्क हो गया था, लेकिन इससे पहले अप्रैल आखिरी और मई शुरुआत में कारोबार ठीक रहा। व्यापारी राम कपूर ने बताया कि इस बार 26 अप्रैल से बारिश शुरू हो गई है। मौसम ठंडा होने से इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानें खाली पड़ी हैं, ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच रहे। जबकि गोदाम भरे पड़े हैं।
कपूर ने बताया कि दून में एसी, पंखा, कूलर और अन्य घरेलू इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरणों की 400 से अधिक दुकानें हैं। मई-जून खरीदारी के लिहाज से पीक सीजन होता है। दून में दो साल से बारिश का पैटर्न कुछ बदला है। उन्होंने बताया कि 2024 की तुलना करें तो इस बार 10 फीसदी कारोबार भी नहीं हो पाया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन