पहाड़ तपे, मैदान झुलसे; नैनीताल और मसूरी में भी पारा चढ़ा; राहत के आसार कब
Uttarakhand Weather: उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में आज येलो अलर्ट है। पहाड़ भी तप रहे हैं। मसूरी और नैनीताल में भी पारा काफी ज्यादा है। हीटवेव के कारण देहरादून में आज 12वीं तक स्कूल बंद हैं।

Uttarakhand Weather: देश के विभिन्न हिस्सों के साथ अब उत्तराखंड में भी गर्मी तेजी पकड़ रही है। प्रदेशभर में तीखी धूप और तपती हवाओं से लोग त्रस्त हैं। मैदानी क्षेत्रों में तो गर्मी का असर दिख ही रहा था, रविवार को पहाड़ों पर भी लोगों ने तपिश महसूस की। आईएमडी ने आज मैदानी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। देहरादून में 12 वीं तक स्कूल बंद हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को देहरादून का तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस ज्यादा 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आंकड़ाें के लिहाज से रविवार इस सीजन में राजधानी का सबसे गर्म दिन रहा। अप्रैल में दून के सर्वाधिक तापमान की बात करें तो यह अब तक का दूसरा सर्वाधिक तापमान है। इससे पूर्व वर्ष 2009 में दून में सर्वाधिक तापमान (40.8 डिग्री सेल्सियस) दर्ज किया जा चुका है।
रुड़की में पारा 41 डिग्री के पार
मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का प्रकोप और अधिक देखने को मिला। रुड़की और हरिद्वार में रविवार को तापमान लगातार दूसरे दिन 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां दोपहर होते ही सड़कें सूनी होने लगी हैं। इससे बाजारों में सन्नाटा पसर जा रहा है। उधर, पंतनगर में भी तापमान सामान्य से अपेक्षाकृत कुछ ज्यादा 39.8 डिग्री रहा। पहाड़ों पर भी पारा के गणित सामान्य से ऊपर चला गया है। मुक्तेश्वर में तापमान सामान्य से 4.5 ज्यादा 28.5 डिग्री सेल्सियस रहा। टिहरी में दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा यानी 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिथौगराढ़ में रविवार को तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
नैनीताल का भी पारा चढ़ा, गर्म हवाओं ने किया परेशान
कुमाऊं मंडल में तेज गर्मी से मैदान से लेकर पहाड़ तक जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। रविवार को गर्म हवाओं और तेज धूप से पारा चढ़ गया। रुद्रपुर में लगातार दूसरे दिन तापमान 40 के पार रहा। नैनीताल में अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस के साथ रविवार इस साल का सबसे गर्म दिन रहा। पंतनगर में 39.8 डिग्री सेल्सियस और रुद्रपुर में 40.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पिथौरागढ़, बागेश्वर समेत कुमाऊं के कुछ पर्वतीय क्षेत्रों में शनिवार को बारिश से राहत मिली थी, लेकिन रविवार को फिर गर्मी ने बेहाल किया।
देहरादून में गर्मी के चलते आज स्कूलों की छुट्टी
दून में सोमवार को हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। इसे लेकर डीएम सविन बंसल की ओर से कक्षा 12वीं तक स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों की छुट्टी का आदेश जारी किया है। वहीं, स्कूलों एवं अस्पतालों में बचाव के उपाय रखने को भी निर्देशित किया है।
मैदानों के लिए येलो अलर्ट
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सीएस तोमर ने बताया कि सोमवार को उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली. बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जिलों में हल्की से हल्की बारिश एवं 4400 मीटर ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। वहीं, अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। राज्य के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक रहने की संभावना है। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
दून में झुलसा रही गर्मी , पारा ऑल टाइम रिकॉर्ड के करीब
दून में तन झुलसा देने वाली प्रचंड गर्मी पड़ने लगी है। रविवार को चिलचिलाती धूप और झुलसाती गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। आलम यह रहा कि रविवार को दोपहर के समय सड़कों एवं बाजारों में सन्नाटा पसर गया।
रविवार को इस सीजन का सबसे ज्यादा तापमान सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा 39.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। जो ऑल टाइम अप्रैल माह में साल 2009 में बने 40.8 डिग्री के पास पहुंच गया। दून में अब तक यह रिकार्ड दूसरा सर्वाधिक तापमान है। ऑल टाइम रिकार्ड के अलावा यहां पर 2016 और 2022 में भी अप्रैल में तापमान 39 डिग्री तक पहुंचा था। मौसम विभाग ने सोमवार को भी इसी तरह गर्मी, हीट वेव की आशंका जाहिर कर येलो अलर्ट दिया है।
उधर, सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा की ओर से हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने लोगों से दोपहर में घरों से जरूरी होने पर ही बाहर निकलने एवं खूब पानी एवं तरल पदार्थ पीने की अपील की है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन