ग्लेशियरों से बदरीनाथ, माणा और हनुमान चट्टी में तबाही का खतरा, NGT का केंद्र को नोटिस
हिमालय के हैंगिग ग्लेशियरों से बदरीनाथ, माणा और हनुमान चट्टी समेत कई प्रमुख स्थलों पर तबाही का खतरा है। सैटेलाइट इमेज और वैज्ञानिक अध्ययन के आधार पर एनजीटी ने केंद्र को नोटिस जारी किया है।

मध्य हिमालय की ऊंची और खतरनाक ढलानों पर लटके अस्थिर ग्लेशियर अब बड़े खतरे के संकेत दे रहे हैं। एनजीटी ने इन ग्लेशियरों से उत्पन्न संभावित विनाशकारी हिमस्खलन और उससे निचले इलाकों में पैदा होने वाले जोखिमों को गंभीरता से लेते हुए केंद्र सरकार सहित कई अहम संस्थाओं से जवाब मांगा है। उपग्रह चित्रों और वैज्ञानिक अध्ययनों के आधार पर उत्तराखंड के माणा, बदरीनाथ और हनुमान चट्टी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों पर खतरा बताया गया है।
एनजीटी एक अखबार में प्रकाशित रिपोर्ट पर स्वत: संज्ञान लेते हुए मामले में सुनवाई कर रही थी। रिपोर्ट में अध्ययन का हवाला देते हुए पर्यावरणीय चिंताओं को उजागर किया गया था। इसमें कहा गया था कि मध्य हिमालय में पर्वतीय ढलानों पर लटके हुए अस्थिर ग्लेशियर विनाशकारी हिमस्खलन व निचले क्षेत्रों में आपदाओं का कारण बन सकते हैं।
सैटेलाइट इमेजों से सामने आया खतरा
एनजीटी के अध्यक्ष न्यायमूर्ति प्रकाश श्रीवास्तव व विशेषज्ञ सदस्य अफरोज अहमद की पीठ ने 24 अप्रैल को रिपोर्ट पर संज्ञान लेते हुए नोटिस भेज जवाब मांगा। पीठ ने बताया कि उपग्रह छवियों और एलिवेशन मॉडल का उपयोग करते हुए शोधकर्ताओं ने हिमस्खलन के दायरे में आने वाली अधिकतम संभावित दूरी व उनके संभावित प्रभाव का आकलन किया था। उन्होंने निष्कर्ष निकाला कि सबसे खराब स्थिति में प्रवाह उत्तराखंड में माणा, बदरीनाथ और हनुमान चट्टी सहित प्रमुख क्षेत्रों तक पहुंच सकते हैं।
केंद्र और अन्य को नोटिस
एनजीटी ने आधिकारिक तौर पर केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, स्वच्छ गंगा राष्ट्रीय मिशन, उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड और राष्ट्रीय जल विज्ञान संस्थान को कार्यवाही में प्रतिवादी के रूप में शामिल किया है। पीठ ने सभी प्रतिवादियों को अगली सुनवाई की तारीख छह अगस्त से कम से कम एक सप्ताह पहले अपना जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया।
बदरीनाथ तप्त कुंड वायरल वीडियो पर ऐक्शन लेगी पुलिस
इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसे बदरीनाथ तप्त कुंड का बताया जा रहा है। मामले में पुलिस ने ऐक्शन लेने की बात कही है। चमोली पुलिस का कहना है कि एक वीडियो इंटरनेट पर वायरल है, जिसमें महिलाएं और पुरुष दोनों एक ही कुंड में स्नान कर रहे हैं। महिलाओं के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ से जुड़े इस वीडियो को बदरीनाथ तप्त कुंड का बताकर वायरल किया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह वीडियो बदरीनाथ का नहीं है। कहीं और का वीडियो बताने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। उन पर ऐक्शन लिया जाएगा। पुलिस ने यह भी बताया कि बदरीनाथ तप्त कुंड में पुरुष और महिलाओं के लिए अलग-अलग स्नान स्थल हैं। जहां पुलिस की कड़ी सुरक्षा रहती है।




साइन इन