uttarakhand cm pushkar singh dhami sent financial assistance for angel chakma family उत्तराखंड सरकार ने एंजेल चकमा के परिजनों को दी 4.12 लाख की मदद, धामी ने की फोन पर बात, Uttarakhand Hindi News - Hindustan
More

उत्तराखंड सरकार ने एंजेल चकमा के परिजनों को दी 4.12 लाख की मदद, धामी ने की फोन पर बात

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा के परिवार के लिए आर्थिक मदद को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, 4,12,500 रुपये की पहली किस्त जारी कर दी गई है। 

Tue, 30 Dec 2025 01:18 AMKrishna Bihari Singh भाषा, देहरादून
share
उत्तराखंड सरकार ने एंजेल चकमा के परिजनों को दी 4.12 लाख की मदद, धामी ने की फोन पर बात

उत्तराखंड सरकार ने देहरादून में मारे गए त्रिपुरा के एंजेल चकमा के परिवार को 4,12,500 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर यह राशि अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत जारी की गई। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार से फोन पर बात कर उन्हें हर संभव मदद और न्याय का भरोसा दिलाया। एमबीए छात्र एंजेल की कॉलेज कैंटीन में हुए हमले के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

भेजी 4.12 लाख रुपये की आर्थिक मदद

जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर दिवंगत छात्र एंजेल चकमा के पिता तरुण प्रसाद चकमा को तत्काल आर्थिक मदद भेजी गई। चकमा को उत्तराखंड सरकार की तरफ से पहली किश्त के रूप में 4 लाख 12 हजार 5 सौ रुपये की आर्थिक मदद जारी कर दी गई है। यह राशि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 और नागरिक अधिकार सरंक्षण अधिनियम के तहत स्वीकृत की गई।

धामी ने की बात, सख्त सजा दिलाने का भरोसा

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने एंजेल के पिता तरुण चकमा से फोन पर बातचीत की और आरोपियों को सख्त सजा दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि इस घटना से वह दुखी हैं। वह पीड़ित परिवार के दुख को समझ सकते हैं। उत्तराखंड में देश-विदेश से बच्चे पढ़ाई करने के लिए आते हैं और यहां कभी इस प्रकार का माहौल नहीं रहा। यह घटना हम सबके लिए कष्टदायक है। उत्तराखंड सरकार इस मामले में कड़ी कार्रवाई करेगी।

धामी ने त्रिपुरा के सीएम से की बात

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने तरुण चकमा को बताया कि घटना के संबंध में 5 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि एक के नेपाल भागने की आशंका है। उस पर इनाम घोषित कर दिया गया है। उसे भी गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस घटना पर उनकी त्रिपुरा के सीएम डॉ. माणिक साहा से बात हुई है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी बात की है। उत्तराखंड सरकार पीड़ित परिवार के साथ है।

मदद के लिए सीएम से करेंगे गुजारिश

सीएम ने यह भी भरोसा दिया कि परिवार को आर्थिक मदद देने के लिए वह सीएम माणिक साहा से बातचीत करेंगे। उत्तराखंड सरकार भी परिवार की हरसंभव मदद करेगी। इस बीच इस घटना को लेकर सियासत भी गरमा गई है। राहुल गांधी के साथ ही विपक्ष के अन्य नेताओं ने एंजेल चकमा की हत्या नफरत की मानसिकता को बढ़ावा देने का नतीजा करार दिया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मांग की कि सुप्रीम कोर्ट न्याय सुनिश्चित करे।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:एंजेल चकमा मौत मामले में नया मोड़, पुलिस बोली- नस्लीय भेदभाव का मामला ही नहीं
ये भी पढ़ें:'नॉर्थईस्ट के लोग भारतीय हैं, चीनी नहीं'
ये भी पढ़ें:यह राष्ट्रीय शर्म? अपनी ही जमीं पर अपने लोगों… एंजेल चकमा की हत्या पर भड़के थरूर

थरूर ने बताया राष्ट्रीय कलंक

पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर ने कहा कि यह क्रूर हत्या राष्ट्रीय कलंक है। नेताओं को पूर्वोत्तर के लोगों के साथ दुर्व्यवहार के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने हत्या पर आक्रोश व्यक्त किया और लोगों से ऐसी मानसिकता से एकजुट होकर लड़ने की अपील की। रीजीजू ने यह भी कहा कि इस पर राजनीति नहीं की जानी चाहिए। वहीं अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देश को नस्लवाद और घृणा अपराधों के खिलाफ राष्ट्रीय कानून की जरूरत है।

(एएनआई और यूनीवार्ता के इनपुट के साथ)

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।