देहरादून-नैनीताल समेत 6 जिलों में कोहरा, कल से तीन दिन बारिश और बर्फबारी; उत्तराखंड में मौसम का हाल
Uttarakhand Aaj Ka Mausam: आज देहरादून, हरिद्वार और नैनीताल समेत 6 जिलों में कोहरे की चेतावनी है। 6 फरवरी से तीन दिन बारिश और बर्फबारी की संभावना। उत्तराखंड में आज का मौसम कैसा रहेगा, जानें।

Uttarakhand Aaj Ka Mausam: उत्तराखंड में 5 फरवरी को मौसम मुख्य रूप से शुष्क और ठंडा बना रहेगा। सुबह और रात के समय प्रदेश के मैदानी इलाकों में घने से मध्यम कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। देहरादून, नैनीताल समेत 6 जिलों में कोहरे की चेतावनी है। वहीं, पहाड़ी जिलों में ठंड के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहने के आसार हैं। इसके बाद तीन दिन बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
IMD ने राज्य के 6 जिलों में घने से मध्यम कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार सुबह के समय दृश्यता (विजिबिलिटी) 50 से 200 मीटर तक गिर सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
यहां कोहरे की चेतावनी
कोहरे की चपेट में देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल के मैदानी क्षेत्र, चंपावत के निचले इलाके और पौड़ी के निचले क्षेत्र रहेंगे। इन इलाकों में सुबह और रात के समय कोहरा अधिक प्रभावी रहने की संभावना जताई गई है।
तापमान का हाल
तापमान की बात करें तो मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन ठंड का असर बना रहेगा। मैदानी जिलों में अधिकतम तापमान 18 से 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं पर्वतीय जिलों में अधिकतम तापमान 8 से 14 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 0 से 3 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे जाने की भी संभावना जताई गई है।
पहाड़ी जिलों में मौसम का मिजाज
उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान है। फिलहाल इन क्षेत्रों में भारी बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले 24 से 48 घंटों के भीतर मौसम में बदलाव हो सकता है।
6 से 9 फरवरी बारिश-बर्फबारी
मौसम विभाग के अनुसार 6 और 9 फरवरी को उत्तराखंड में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। IMD ने बताया है कि इन दिनों पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के पहाड़ी जिलों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़ और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ बर्फबारी के आसार हैं, जबकि मैदानी इलाकों में बादल छाने और ठंड बढ़ने की संभावना जताई गई है। इस दौरान पहाड़ों में तापमान में गिरावट और फिसलन बढ़ सकती है, वहीं मैदानी जिलों में सुबह और रात के समय कोहरे का असर बना रह सकता है, जिसको लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन