उत्तराखंड में SIR के नाम पर साइबर ठग ऐक्टिव, 8 जून से घर-घर होना है सर्वे
उत्तराखंड में एसआईआर 29 मई से शुरू होगा। 8 जून से बीएलओ अधिकारी घर-घर सर्वे करेंगे। इस बीच एसटीएफ ने भी अलर्ट जारी किया है कि साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं।

SIR in Uttarakhand: उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का काम 29 मई से शुरू होगा। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से गुरुवार को राज्य में एसआईआर की तिथियों का ऐलान कर दिया है। इस बीच एसटीएफ ने भी अलर्ट जारी किया है। साइबर ठग एसआईआर की आड़ में लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। ऐसी शिकायतें सामने आई हैं।
इससे पहले सचिवालय मीडिया सेंटर में पत्रकार वार्ता करते हुए अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ विजय जोगदंडे ने बताया कि आयोग द्वारा जारी निर्देशों के तहत राज्य में 29 मई से सात जून 2026 तक गणना प्रपत्र के प्रिंटिग, कर्मचारियों के प्रशिक्षण संबंधी कार्य किए जाएंगे।
8 जून से 17 जुलाई तक घर-घर सर्वे
आठ जून से सात जुलाई तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र का वितरण और संकलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य में 14 जुलाई को ड्राफ्ट रोल का प्रकाशन किया जाएगा। इसी के तहत लोगों को 14 जुलाई से 13 अगस्त के बीच दावे एवं आपत्तियों को दर्ज करने का समय दिया जाएगा। जबकि 10 जुलाई से 11 सितंबर तक सभी नोटिस जारी कर दावे आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा।
15 सितंबर को अंतिम सूची
डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि 15 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। एसआईआर की प्रक्रिया एक जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर होगी। राज्य में 11733 पोलिंग बूथ पर राजनीतिक दलों द्वारा 21 हजार 808 बीएलए की तैनाती कर दी गई है।
एसआईआर के नाम पर साइबर ठग सक्रिय
एसआईआर में मतदाता सूची को अपडेट किया जाएगा। साइबर ठग लोगों को फोन कर वोटर लिस्ट से नाम कट जाने का डर दिखाकर या लिस्ट में नाम तुरंत जोड़ने का झांसा दे रहे हैं। ठग खुद को चुनाव आयोग अधिकारी बता आधार नंबर, बैंक डिटेल और ओटीपी की जानकारी ले लेते हैं। ठग कई बार तुरंत नाम जोड़ने का झांसा देकर 500 से 1000 रुपये का शुल्क जमा करने के लिए यूपीआई या क्यूआर कोड भी भेजते हैं। कई बार एपीके फाइल भेजी जाती है। जिसे डाउनलोड करते ही चंद सेकंड में बैंक खाता खाली हो जाता है।
एसटीएफ ने जारी किया अलर्ट
इस संबंध में एसटीएफ ने अलर्ट जारी किया है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि एसआईआर से जुड़ा कोई भी काम अधिकृत बीएलओ या आधिकारिक कैंप में निशुल्क होता है। फोन पर कोई फॉर्म नहीं भरा जाता। ऐसा कॉल आने या ठगी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन