Rahul gandhi: राहुल गांधी 2 दिन के लिए आए थे उत्तराखंड, सभी दौरे रद्द कर अचानक दिल्ली क्यों लौटे
Rahul gandhi: राहुल गांधी आज से दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर हैं। उनका अल्मोड़ा में जनसभा का कार्यक्रम प्रस्तावित था, लेकिन खराब मौसम के कारण उन्होंने वर्चुअल रैली की।

Rahul gandhi: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का आज से दो दिवसीय उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित था, वे दिल्ली से हवाई सफर करके पंतनगर पहुंचे भी, लेकिन अचानक सभी दौरे रद्द कर वापस दिल्ली के लिए लौट गए हैं। पंतनगर एयरपोर्ट निदेशक के अनुसार, खराब मौसम के कारण पहले वे अल्मोड़ा रैली में हिस्सा नहीं ले पाए थे।
मौसम की खराबी के चलते राहुल गांधी का हैली अल्मोड़ा में लैंड नहीं कर पाया। लिहाजा उन्होंने हजारों की संख्या में उमड़ी भीड़ को वर्चुअल संबोधित किया। राज्य और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की सरकार मोदी तो केंद्र की सरकार अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चला रहे हैं।
राहुल गांधी दोपहर 12:15 बजे पंतनगर एयरपोर्ट से चार्टर्ड विमान द्वारा दिल्ली के लिए रवाना हो गए। दौरा रद्द होने से बड़ी संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में मायूसी देखी गई।
दिल्ली लौट गए राहुल गांधी
पंतनगर एयरपोर्ट के निदेशक पवन कुमार ने बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम खराब होने और दृश्यता कम होने के कारण हेलीकॉप्टर को सुरक्षा की दृष्टि से वापस लौटना पड़ा। उन्होंने कहा कि विमानन सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए आगे की उड़ान की अनुमति नहीं दी गई, जिसके बाद राहुल गांधी दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
अल्मोड़ा के बाद पौड़ी दौरा भी रद्द
इससे पहले दोपहर करीब 12:20 बजे शुरू हुए वर्चुअल संबोधन में सबसे पहले राहुल गांधी ने अल्मोड़ा नहीं पहुंच पाने पर अफसोस जताया। इसके बाद उन्होंने राज्य और केंद्र सरकारों पर हमले बोले। राहुल गांधी ने कहा कि उत्तराखंड को बनाने में यहां के लोगों का सपना था। ताकि यहां के युवाओं का भविष्य बने। लेकिन आज राज्य अपने हाथों से नहीं दिल्ली से चलाया जा रहा है। बाहर के लोग यहां की अपार संपदा का फायदा उठा रहे हैं। जो अधिकार जनता का है उन पर चंद पूंजिपतियों का कब्जा हो गया है।
उत्तराखंडवासियों को राहुल गांधी का संदेश
सोशल मीडिया के जरिए राहुल गांधी ने अपने संदेश में कहा, "उत्तराखंड के मेरे प्यारे भाइयों और बहनों,
आज मैं आप सबसे मिलना चाहता था, आपके बीच बैठकर आपकी बातें सुनना चाहता था, आपके सुख-दुख, आपकी आशाओं और आपकी चिंताओं को समझना चाहता था। दुर्भाग्य से, मौसम की गंभीर खराबी के कारण ऐसा संभव नहीं हो पाया।
आज सुबह मैं पंतनगर पहुँच गया था। वहाँ से हमें हेलिकॉप्टर द्वारा अल्मोड़ा में जनसभा के लिए जाना था, लेकिन मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए पायलट ने उड़ान भरने से साफ़ इनकार कर दिया।
मुझे आपसे बहुत सी बातें करनी थीं - उत्तराखंड की वर्तमान स्थिति पर, प्रदेश के आर्थिक और सामाजिक मुद्दों पर, राज्य और आपके भविष्य पर, और उन चुनौतियों पर जिनका सामना आज उत्तराखंड कर रहा है। पौड़ी गढ़वाल में पूर्व सैनिकों के साथ भी एक महत्वपूर्ण मुलाकात और बैठक निर्धारित थी। साथ ही कोटद्वार में दीपक के जिम जाने का भी कार्यक्रम था।
प्रकृति के आगे हम सभी विनम्र हैं और सहयात्रियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जा सकता। कई बार परिस्थितियाँ हमारी इच्छा के अनुरूप नहीं होतीं, लेकिन इससे मिलने की इच्छा और आपसे जुड़ाव कम नहीं होता।
मैं आपसे वादा करता हूँ कि बहुत जल्द फिर उत्तराखंड आऊँगा। तब हम जल्दबाज़ी में नहीं, बल्कि पूरा समय निकालकर मिलेंगे, बात करेंगे, आपके विचार सुनेंगे और मिलकर प्रदेश के बेहतर भविष्य की दिशा में चर्चा करेंगे।
जल्द ही मुलाकात होगी।"
मोदी सरकार ने आर्थिक स्ट्रक्चर तोड़ा
अल्मोड़ा रैली को वर्चुअल संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि केंद्र में मोदी सरकार ने आर्थिक स्ट्रक्चर तोड़ कर रख दिया है। जो उद्योग धंधे हमारे आय का साधन बनते थे उन्हें खत्म कर दिया। नोट बंदी से लोगों की जमा-पूंजी को खत्म कर दिया। छोटे कारोबारों को गलत जीएसटी से खत्म कर दिया। गलत विदेश नीति से आज रूस और ईरान से तेल लेने के बजाए देश को अमेरिका के राष्ट्रपति के आदेश का इंतजार करना पड़ रहा है। क्यों कि ट्रंप के पास एपस्टीन और अडानी की फाइल है।
अल्मोड़ा वालों से वादा
राहुल गांधी ने कहा कि वह चाहते थे कि अल्मोड़ा आएं, लेकिन उनका हैली लैंड नहीं कर पाया। कहा कि उन्होंने पायलट से तीन बार निवेदन किया, लेकिन पायलट ने खतरे का हवाला देते हुए इनकार कर दिया। कहा कि वह जल्द ही अल्मोड़ा आएंगे और लोगों के साथ संवाद करेंगे।
इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी गुरुवार को चार्टर्ड विमान से सुबह 10:52 बजे पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद राहुल गांधी सवा 11 बजे हेलीकॉप्टर से अल्मोड़ा के लिए रवाना हुए, लेकिन खराब मौसम का कारण बताकर हेलीकॉप्टर को बीच रास्ते से वापस लौटना पड़ा। हेलीकॉप्टर सुबह 11:38 बजे पुनः पंतनगर एयरपोर्ट पर उतरा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन