Nautapa Scorches Uttarakhand Two Days Heatwave Alert in Dehradun Haridwar Rainfall in some Areas नौतपा ने उत्तराखंड को भी झुलसाया; देहरादून-हरिद्वार में लू का अलर्ट; यहां झमाझम बारिश, Uttarakhand Hindi News - Hindustan
More

नौतपा ने उत्तराखंड को भी झुलसाया; देहरादून-हरिद्वार में लू का अलर्ट; यहां झमाझम बारिश

नौतपा उत्तराखंड को भी झुलसा रहा है। मौसम विभाग ने दो दिन देहरादून-हरिद्वार में लू का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी इलाकों में झमाझम बारिश की भविष्यवाणी।

Tue, 26 May 2026 08:29 AMGaurav Kala देहरादून
share
नौतपा ने उत्तराखंड को भी झुलसाया; देहरादून-हरिद्वार में लू का अलर्ट; यहां झमाझम बारिश

भीषण गर्मी उत्तराखंड को भी झुलसा रही है। नौतपा के पहले दिन मैदानी जिले अधिक तपे। रुड़की में अधिकतम तापमान 41 डिग्री दर्ज किया गया जबकि देहरादून में अधिकतम तापमान 40 के पार होने से गर्मी और लू ने परेशान किया। हर वर्ग और हर क्षेत्र के लोग परेशान हैं। पर्यटन, अस्पताल, परिवहन और अन्य कारोबार पर भी असर पड़ रहा है। जू, अस्पताल, रोडवेज बसों में लगातार लोगों की संख्या घट रही है। पलटन बाजार समेत अन्य बाजारों में सन्नाटा पसर रहा है। रोडवेज की साधारण बसें खाली जा रही हैं। सार्वजनिक परिवहन और बाजारों का कारोबार भी भीषण गर्मी में ठंडा हो गया है।

राजधानी देहरादून जू में रविवार को लगातार पर्यटकों की संख्या कम हो रही है। इसके पीछे लगातार बढ़ रहे तापमान को वजह बताया जा रहा है। जू इंचार्ज विनोद लिंगवाल ने बताया कि 10 मई को दून जू में करीब सात हजार पर्यटक आए थे। जिसके बाद संख्या लगातार घटी। 16 मई को करीब 5500 पर्यटक आए। जबकि 24 मई को पांच हजार पर्यटक ही पहुंचे। जिससे जू की आय पर भी फर्क पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि गर्मी के अलावा पेट्रोल-डीजल की महंगाई और संकट भी पर्यटकों के कम आने की वजह हो सकती है। आगे अगर गर्मी से राहत नहीं मिलती है तो संख्या और घटने का अनुमान है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:उत्तराखंड में 3 टेस्ट पास करने पर कांग्रेस का टिकट, जून में राहुल गांधी का दौरा

गर्मी से बचाव को पानी में खेल रहे भालू

भीषण गर्मी का असर जू के जानवरों पर भी पड़ रहा है। जहां जू की ओर से चिड़ियाओं के बाड़े ढक दिए गए हैं। वहीं भालू को ठंडा रखने के लिए बाड़े में तालाब बनाया गया है। जिसमें दिन भर ताजे पानी की बैछारें छोड़ी जा रही हैं। जिससे वो दिन भर पानी में खेलकर अपनी गर्मी भगा रहा है। वहीं बाघ में बाड़ों में बने पानी के टैंक में दिन भर बैठ रहे हैं। जबकि गुलदारों के लिए बाड़ों में कूलर लगाए गए हैं।

पलटन बाजार से ग्राहक नदारद, पसरा सन्नाटा

आम तौर पर सुबह दस बजे से रात आठ बजे तक हर मौसम में गुलजार रहने वाले पलटन बाजार में गर्मी के चलते ग्राहक बेहद कम हो गए हैं। सोमवार को सुबह से ही बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। केवल दुकानदारों के वाहनों को छोड़कर कोई वाहन वहां आते जाते नहीं दिखे। ये ही नहीं सड़क किनारे रेड़ी ठेलियों पर भी कोई ग्राहक नहीं था। ऐसे ही हाल मोती बाजार सब्जी मंडी का भी रहा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:देहरादून समेत उत्तराखंड के मैदानों में हीटवेव का अलर्ट, इन 5 जिलों में बारिश

रोडवेज बसों में दोपहर के समय यात्री हो गए कम

उत्तराखंड रोडवेज की विभिन्न रूटों पर चल रही साधारण बसों में इन दिनों यात्रियों की संख्या कम हुई है। खासतौर पर दोपहर के समय संचालित बसों में यात्री कम हुए हैं। मई माह में प्रतिदिन की औसत आय बीस से पच्चीस लाख रुपये कम हुई है। जो आय पहले प्रतिदिन दो करोड़ 20 लाख रुपये तक पहुंच गई थी। वह फिलहाल एक करोड़ 95 लाख रुपये के आसपास हो रही है।

दून और हरिद्वार में लू चलने की चेतावनी

देहरादून। नौतपा के पहले दिन मैदानी जिले अधिक तपे। रुड़की में अधिकतम तापमान 41 डिग्री दर्ज किया गया जबकि देहरादून में अधिकतम तापमान 40 के पार होने से गर्मी और लू ने परेशान किया। देहरादून, हरिद्वार समेत अन्य मैदानी जनपदों में 25 मई से 27 मई, 2026 तक लू (हीट वेव) जैसी स्थिति की संभावना व्यक्त की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, देहरादून, पौड़ी, नैनीताल एवं चम्पावत जनपदों के कुछ स्थानों पर हीट वेव जैसी स्थिति बन सकती है। मुक्तेश्वतर में अधिकतम तापमान 29.4 और न्यूनतम 15.4 रहा। न्यू टिहरी में 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री दर्ज किया गया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:मोहम्मद दीपक का छलका दर्द; भाजपा-बजरंग दल पर उत्पीड़न का आरोप, नौकरी की तलाश

दोपहर में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने पत्र जारी कर सभी जनपदों को सतर्क रहने एवं आवश्यक एहतियाती व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र एवं नियंत्रण कक्ष को 24×7 सक्रिय रखने, स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर अस्पतालों में पर्याप्त दवाइयां, ओआरएस, बर्फ एवं आवश्यक उपकरण उपलब्ध रखने को कहा गया है। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने लोगों से दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी एवं तरल पदार्थ का सेवन करने की अपील की है।

पहाड़ी जिलों में हल्की बारिश, चकराता में भी बरसे मेघ

उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत बारिश होने की संभावना है। अगले 2-3 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। अगले 3-4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4° डिग्री की गिरावट होने की संभावना है। वहीं चकराता में सोमवार को दोपहर बाद ऊंचाई वाले इलाकों में झमाझम बारिश हुई।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।