देहरादून-मसूरी में इस बार जनवरी जैसा जून, 3 दिन बारिश-आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी
Weather Change Uttarakhand: देहरादून और मसूरी में इस बार जून का महीना जनवरी जैसा लग रहा है। 24 घंटे में मौसम के तीन रंग दिख रहे हैं। सुबह गर्मी, दोपहर बाद बारिश और रात को सर्दी का अहसास।

Weather Change Uttarakhand: उत्तराखंड में इस बार जून में मौसम ने जनवरी जैसा अहसास करा दिया है। दून व मसूरी में वर्षा से मौसम सर्द है। दूनवासी चौबीस घंटे के भीतर गर्मी, उमस के साथ ठंड का अनुभव कर रहे हैं। बारिश और सर्द हवाओं के कारण दिन-रात के तापमान में इन दिनों असामान्य बदलाव देखने को मिल रहा है, जिससे मौसम अस्थिर है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन भी बारिश, आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।
तापमान में उतार-चढ़ाव के चलते जून में भी ठंडक
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 29.9 और न्यूनतम पारा 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। देहरादून में 24 घंटे के भीतर 27 एमएम बारिश भी हुई। बारिश और सर्द हवाओं के कारण दिन-रात के तापमान में इन दिनों असामान्य बदलाव देखने को मिल रहा है, जिससे मौसम अस्थिर है।
तीन दिन बारिश-आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग ने उत्तराखंड में 5 से 7 जून तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में तेज बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। 5 जून को दून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और नैनीताल सहित कई जिलों में गरज के साथ बारिश-ओलावृष्टि संभव है। 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
बारिश से सरकारी दफ्तरों में घुसा पानी और मलबा
देहरादून। सहस्रधारा रोड स्थित ग्राम्य विकास विभाग परिसर में बारिश में जलभराव और मलबा घुसने की समस्या बनी हुई है। कर्मचारियों के अनुसार, पिछले तीन वर्षों से यह समस्या लगातार बढ़ रही है। सिंचाई विभाग का नाला कचरे से भरा पड़ा है, जिससे बारिश का पानी ओवरफ्लो होकर परिसर में प्रवेश कर जाता है। वर्ष 2025 में यहां 6 फीट तक पानी भर गया था और दीवार भी टूट गई थी। लेखागार संदीप रावत ने बताया कि हर बरसात में पानी भरने से कामकाज करना मुश्किल हो गया है।
किसानों पर भी असर, फसलों को नुकसान
बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को भी नुकसान हो रहा है। फसलें पकने से पहले खराब होने का खतरा भी बढ़ गया है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह बारिश सामान्य चक्र के अनुसार होती तो लाभकारी होती, मगर अनियमित बारिश नुकसानदायक हो रही।
दिन में धूप, दोपहर के बाद बारिश और शाम को सर्दी
देहरादून में सुबह चटख धूप के साथ दिन की शुरुआत हो रही है, लेकिन दोपहर होते ही मौसम करवट ले रहा है। आसमान में काले बादल छाने के साथ तेज हवाएं और झमाझम बारिश का दौर शुरू हो जाता है। बारिश के बाद ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट आ रही है। लोगों को जून में भी स्वेटर, जैकेट और हल्की चादर का सहारा लेना पड़ रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, इसका कारण पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता व मानसूनी हवाओं का प्रभाव है।
वर्ष 2022 की तुलना में इस बार कुछ राहत
मौसम विभाग के अनुसार वर्ष 2022 में 5 जून को अधिकतम पारा 41 डिग्री से अधिक रहा था, जबकि इस बार पारा 35 डिग्री के आसपास बना हुआ है। इस वर्ष प्री-मानसून बारिश के कारण गर्मी अपेक्षाकृत कम महसूस की जा रही है। रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे रातें सामान्य से अधिक ठंडी हो गई हैं।
मई और जून के तापमान में बदलाव (रिकॉर्ड)
मई के अंतिम सप्ताह में देहरादून में भीषण गर्मी का असर देखने को मिला था। 26 मई को अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस और 27 मई को 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद तापमान में लगातार गिरावट आई और 31 मई तक अधिकतम तापमान घटकर 26.6 डिग्री सेल्सियस रह गया। जून की शुरुआत में तापमान फिर बढ़ा और 4 जून को अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, लेकिन इसके बाद मौसम ने करवट ली। 6 जून को अधिकतम तापमान गिरकर 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान मई के अंतिम दिनों में 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जबकि जून के पहले सप्ताह में यह 20 से 23.4 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा। आंकड़े बताते हैं कि मई के अंत और जून की शुरुआत में मौसम में तेजी से उतार-चढ़ाव देखने को मिला है।
पिछले वर्षों का अधिकतम तापमान (रिकॉर्ड)
देहरादून में जून के दौरान पिछले वर्षों के तापमान पर नजर डालें तो वर्ष 2024 सबसे गर्म रहा, जब 17 जून को अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं 2022 में 5 जून को अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री, 2023 में 13 जून को 39.5 डिग्री, 2025 में 10 जून को 39.1 डिग्री और 2021 में 30 जून को 37.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान की बात करें तो 2025 में 4 जून को 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो इन वर्षों में सबसे कम रहा। इसके अलावा 2023 में 1 जून को 18.2 डिग्री, 2021 और 2022 में 19.0 डिग्री तथा 2024 में 2 जून को 21.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन