बारिश-भूस्खलन ने थामी केदारनाथ यात्रा, 5000 श्रद्धालु रोके गए; यात्रा पर बड़ा फैसला आज
बारिश और भूस्खलन ने केदारनाथ में बाधा बढ़ा दी है। शुक्रवार दोपहर 1 बजे से यात्रा रोकी गई है। 5000 श्रद्धालु सुरक्षित स्थान पर रोके गए हैं। आज यात्रा पर फैसला होगा।

बारिश और भूस्खलन की आशंका के चलते केदारनाथ यात्रा शुक्रवार दोपहर एक बजे रोक दी गई। मौसम को देखते हुए शनिवार सुबह यात्रा को लेकर अगला फैसला होगा। इस बीच बड़ी संख्या में यात्री विभिन्न पड़ावों पर सुरक्षित रोके गए हैं। अलग-अलग स्थान पर पांच हजार से अधिक यात्रियों के होने का अनुमान है।
शुक्रवार सुबह से ही उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में मौसम खराब बना रहा और लगातार बारिश होती रही। इसके चलते केदारनाथ पैदल मार्ग पर भूस्खलन और पहाड़ियों से पत्थर गिरने का खतरा बढ़ गया। इसी दौरान एक स्थान पर पहाड़ी से पत्थर गिरने की घटना में एक घोड़ा-खच्चर संचालक की मौत हो गई, जिससे मार्ग की स्थिति की गंभीरता और बढ़ गई।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें विभिन्न सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है, जबकि लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
वहीं, सोनप्रयाग कोतवाली प्रभारी नीलभ खाली ने बताया कि मौसम में सुधार और मार्ग की स्थिति सामान्य होने के बाद ही यात्रियों को आगे जाने की अनुमति दी जाएगी। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें तथा अफवाहों पर ध्यान न देकर आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग
ऊखीमठ में फाटा से बदरीनाथ के लिए उड़ान भर रहे सेंडन कंपनी के एक हेलीकॉप्टर को मौसम खराब होने पर 2:25 बजे राजकीय इंटर कॉलेज ऊखीमठ के मैदान में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। 40 मिनट बाद मौसम खुलने पर हेलीकॉप्टर ने फाटा के लिए उड़ान भरी। इसके बाद हेलीकॉप्टर सेवाएं बाधित रहीं।
हाईवे तीन घंटे बाधित: बदरीनाथ हाईवे शुक्रवार को अपराह्न तीन बजे भनेर पानी में पहाड़ी से बोल्डर मलबा आने से तीन घंटे तक बाधित रहा।
यात्रा मार्ग पर हादसों और हार्टअटैक से चार मरे
ज्योर्तिमठ में शुक्रवार सुबह साढ़े पांच बजे टैम्पो ट्रैवªलर पैनी बैंड के पास सड़क पर पलट गया। दुर्घटना में आरती मक्कर 45 वर्ष, निवासी गाजियाबाद की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन में 17 यात्री सवार थे। उधर यमुनोत्री धाम की यात्रा पर जा रहे 45 वर्षीय बलबीर सिंह ग्राम मोल्डा उत्तरकाशी की हार्ट अटैक से मौत हो गई। केदारनाथ मार्ग पर चीरबासा के निकट पहाड़ी से पत्थर गिरने से घोड़ा संचालक देवेश सिंह (23) निवासी बड़ासू रुद्रप्रयाग की मौके पर मौत हो गई। जबकि राजस्थान के तीर्थयात्री विष्णु घायल हो गए। देर शाम बदरीनाथ हाईवे पर भनरेपानी में बोल्डर यात्री बस पर गिरने से एक महिला श्रद्धालु रेनू (26) की मौत हो गई। जबकि दो घायल हो गए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन