राणा जी माफ करना... हरिद्वार में पूर्व भाजपा विधायक चैंपियन ने महिला डांसर पर उड़ाए नोट, वीडियो वायरल
उत्तराखंड के खानपुर में भाजपा के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन एक बार फिर सुर्खियों में हैं। एक शादी समारोह में वे महिला डांसर पर नोट उड़ाते दिख रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

उत्तराखंड की राजनीति में अपने बेबाक अंदाज और विवादों से गहरा नाता रखने वाले खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह 'चैंपियन' एक बार फिर चर्चाओं के केंद्र में हैं। इस बार उनके चर्चा में रहने की वजह कोई राजनीतिक बयानबाजी नहीं, बल्कि एक शादी समारोह का वायरल वीडियो है, जिसमें वह डांसर पर नोट उड़ाते नजर आ रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, यह वीडियो रुड़की में दिल्ली रोड स्थित एक बैंकट हॉल में आयोजित शादी समारोह का बताया जा रहा है। समारोह में डांस के लिए महिला डांसरों को बुलाया गया था। जब मंच पर नाच का दौर चल रहा था। पूर्व विधायक चैंपियन भी नजर आए। रविवार को जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर पहुंचा, यह आग की तरह फैल गया। वीडियो में चैंपियन अपने चिर-परिचित दबंग अंदाज में दिख रहे हैं, जिसे लेकर अब लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
विवादों का 'चैंपियन' से पुराना नाता
यह पहली बार नहीं है जब कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन का कोई वीडियो चर्चा का विषय बना हो। इससे पहले भी वह कई बार सुर्खियों में रहे हैं। कुछ साल पहले उनका एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वह दोनों हाथों में गन लेकर थिरक रहे थे। उस समय इस मामले ने राष्ट्रीय स्तर पर तूल पकड़ा था। दरअसल, उस वीडियो में चैंपियन ने कथित तौर पर उत्तराखंड के लोगों के लिए अभद्र और अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया था।
विवादों के चलते ही उन्हें पूर्व में भाजपा से निष्कासित भी किया गया था। अधिकारियों को धमकाने और अन्य नेताओं के खिलाफ अभद्र भाषा के इस्तेमाल के आरोप भी उन पर लगते रहे हैं।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
इस ताजा वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कुछ लोग इसे उनकी निजी खुशी और 'रॉयल' अंदाज बता रहे हैं, तो वहीं कई लोग एक पूर्व जन-प्रतिनिधि द्वारा सार्वजनिक मंच पर डांसर पर नोट उड़ाने को अमर्यादित व्यवहार करार दे रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन