उत्तराखंड शिक्षा निदेशक से मारपीट में भाजपा विधायक पर केस, 35 मिनट बंधक रखा, खून से लहूलुहान
उत्तराखंड शिक्षा निदेशक से मारपीट मामले में भाजपा विधायक पर मुकदमा हुआ है। पीड़ित पर आरोप है कि उन्हें 35 मिनट बंधक रखा, खून से लहुलूहान किया।

भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ की मौजूदगी में शनिवार को उनके समर्थकों ने प्राथमिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल के साथ दफ्तर में मारपीट की। इसमें वे घायल हो गए। निदेशक को दफ्तर में 35 मिनट तक बंधक बनाकर रखा गया। पुलिस ने विधायक व अन्य लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, विधायक के सुरक्षाकर्मियों ने भी काऊ से मारपीट का आरोप लगाते हुए कुछ लोगों पर केस दर्ज कराया है।
निदेशक ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि दोपहर 12:10 बजे विधायक काऊ समर्थकों के साथ दफ्तर में पहुंचे और अंदर से दरवाजा बंद कर दिया। विधायक और उनके समर्थक प्राइमरी स्कूल अस्थल का नाम बदलने का दबाव बना रहे थे। निदेशक के अनुसार, इसका प्रस्ताव शासन को पहले ही भेजा जा चुका है। आरोप है कि निदेशक के साथ गाली-गलौच की गई।
निदेशालय कर्मचारियों ने किसी तरह दरवाजा खुलवाया तो भीड़ ने हमला कर दिया। आरोप है कि महिला कर्मचारियों से भी मारपीट की गई। भीड़ ने कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दी और सामान पलट दिया। इस बीच पुलिस को सूचना दी गई तो विधायक और समर्थक बाहर निकलने लगे। तभी कर्मचारियों ने मेन गेट पर ताला लगा दिया। हालांकि, भीड़ ताला तोड़कर बाहर निकल गई।
निदेशक को इलाज के लिए कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया। उनकी आंख के पास माथे पर चार टांके लगे हैं। महिला कर्मचारी शाइदा और विमल को भी चोटें आई हैं। उधर, विधायक का आरोप है कि निदेशक के बुलाए लोगों ने तोड़फोड़ करने के साथ उन पर हमला किया।
पुलिसकर्मियों के देरी से पहुंचने पर सवाल
कर्मचारियों की ओर से कहा गया कि दोपहर साढ़े 12 बजे पुलिस को फोन पर सूचना दे दी थी। पुलिस करीब पौने घंटे बाद तब पहुंची जब भीड़ वहां से जा चुकी थी। आरोप यह भी है कि पुलिस ने हमलावरों को निकलने का पूरा वक्त दिया।
उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा के बहिष्कार को चेताया
प्रारंभिक शिक्षा निदेशक पर हमले के विरोध में तमाम कर्मचारी संगठन एकजुट हो गए हैं। शिक्षा विभाग से जुड़े मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों के साथ ही राजकीय शिक्षक संघ और शिक्षा विभाग अधिकारी एसोसिएशन के पदाधिकारी इस घटना के बाद सड़क जाम कर धरने पर बैठ गए। शिक्षक कर्मचारी संगठनों ने कार्य बहिष्कार का ऐलान किया है। बोर्ड परीक्षाओं के बहिष्कार को भी चेताया है।
भाजपा संगठन ने विधायक काऊ का जवाब तलब किया
निदेशक से मारपीट मामले में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने विधायक उमेश शर्मा काऊ का जवाब तलब किया है। उन्होंने इसे निंदनीय बताते हुए कहा कि कानून तोड़ने की इजाजत किसी को नहीं देंगे।
शनिवार को मीडिया को जारी बयान में भट्ट ने कहा कि भाजपा किसी भी तरह की अराजकता और हिंसा के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि जनसमस्या उठाना एक पहलू हो सकता है, लेकिन उसके लिए किसी को कानून के उल्लंघन की इजाजत नहीं मिल सकती। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण को पार्टी ने गंभीरता से लिया है। विधायक से पूछा गया है कि इस तरह की परिस्थितियां कैसे पैदा हो गई। इस पूरे प्रकरण में पार्टी दोषियों पर सख्त कार्रवाई के पक्ष में है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन