उत्तराखंड में भी इबोला वायरस को लेकर अलर्ट, इन लक्षणों को न करें इग्नोर; एडवाइजरी जारी
Ebola Alert in Uttarakhand: उत्तराखंड में इबोला वायरस को लेकर अलर्ट जारी किया गया हैं। सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को एडवाइजरी जारी की गई है।

Ebola Alert in Uttarakhand: कांगो और युगांडा में इबोला वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए उत्तराखंड में स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस बीमारी को लेकर चिंता जताए जाने के बाद उत्तराखंड के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को विशेष एडवाइजरी जारी की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने निर्देश दिए हैं कि इबोला जैसे लक्षणों वाले मरीजों की पहचान और निगरानी में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। खासकर विदेश यात्रा से लौटे लोगों और संक्रमित देशों के संपर्क में आए व्यक्तियों पर विशेष नजर रखने को कहा गया है।
कांगो और युगांडा में इबोला वायरस के बढ़ते प्रकोप को अंतरराष्ट्रीय चिंता का सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किए जाने के बाद उत्तराखंड में सतर्कता बरती जा रही है।
डीजी हेल्थ डॉ. सुनीता टम्टा के आदेश के बाद देहरादून में सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा ने अलर्ट जारी किया है। इसके तहत ऐसे मरीजों और संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नजर रखने को कहा गया है जिनमें अचानक तेज बुखार, शारीरिक कमजोरी, मांसपेशियों में दर्द, सिरदर्द, गले में खराश, उल्टी, दस्त या त्वचा पर चकत्ते जैसे लक्षण दिखाई दें।
ट्रैवल हिस्ट्री की जांच के आदेश
स्वास्थ्य विभाग ने डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री की भी जांच करने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से यह पता लगाने को कहा गया है कि क्या मरीज हाल ही में इबोला प्रभावित देशों या क्षेत्रों की यात्रा करके आया है। यदि किसी संदिग्ध मरीज का संबंध प्रभावित क्षेत्रों से पाया जाता है तो उसकी सूचना तत्काल उच्च अधिकारियों को देने और निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार कार्रवाई करने को कहा गया है। अधिकारियों का मानना है कि समय रहते पहचान और निगरानी से किसी भी संभावित खतरे को रोका जा सकता है।
गौरतलब है कि कांगो में फैल रहे इबोला प्रकोप के बीच संक्रमण के पुष्ट मामलों की संख्या बढ़कर 282 हो गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, इस प्रकोप से कांगो में 42 और पड़ोसी युगांडा में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है। भारत ने भी इबोला प्रकोप से निपटने के लिए युगांडा के कंपाला में लगभग 2.5 टन तत्काल चिकित्सा आपूर्ति की पहली किस्त भेजने के बाद सुरक्षात्मक गियर, नैदानिक और निगरानी उपकरणों सहित अन्य आवश्यक सामग्रियों से युक्त 43 टन की एक बड़ी दूसरी किस्त इस अफ्रीकी देश को भेजी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन