श्मशान घाट पर शादी; उत्तराखंड में डेस्टिनेशन वेडिंग के नाम पर पर्यटकों की हरकत, वायरल हो रही तस्वीर
उत्तराखंड में डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए आए पर्यटकों ने श्मशान घाट पर ही कर शादी कर दी। पर्यटकों की हरकत का वीडियो वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों में नाराजगी बनी हुई है।

नदी किनारे जहां लोग शवों का दाह संस्कार करते हैं, वहां शादी की रस्म निभाई गई। सुनने में थोड़ा अजीब लगेगा, लेकिन उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में कॉर्बेट से सटे मरचूला में ऐसा हुआ है। डेस्टिनेशन वेडिंग करने आए पर्यटकों को दो नदियों के संगम वाली लोकेशन इतनी पसंद आ गई कि उन्होंने भव्य सजावट कर घाट पर जयमाला की रस्म निभाई। सोशल मीडिया पर शादी का वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है।
कॉर्बेट नेशनल पार्क से सटे अल्मोड़ा जिले के मरचूला क्षेत्र में रामगंगा और बदनगढ़ नदी के संगम पर पुराना श्मशान घाट है। श्मशान घाट के पास प्रतीक्षालय भी बना है। मरचूला और आसपास के गांवों के लोग इस श्मशान घाट पर शवदाह करते हैं। जानकारी के अनुसार, डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए कुछ लोग कॉबेट से सटे इलाके में लोकेशन तलाश रहे थे। यहीं पास में एक रिजॉर्ट स्थित है। पर्यटकों को दो नदियों के संगम वाली लोकेशन पसंद आ गई।
वेडिंग का वीडियो वायरल हुआ तो बवाल
रिजॉर्ट प्रबंधक राकेश शर्मा का कहना है कि उन्होंने पर्यटकों को इस जगह पर श्मशान घाट होने की जानकारी दी थी, लेकिन पर्यटकों ने इसकी परवाह नहीं की। रविवार को घाट पर जयमाला समेत कुछ रस्में निभाई गईं। इसके लिए कुछ सजावट भी की गई थी। अब श्मशान घाट पर शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्रशासन ने मामले में जांच कर कार्रवाई की बात कही है।
स्थानीय लोगों ने जताई नाराजगी
स्थानीय लोगों ने इसे धार्मिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया। साथ ही जंगल और नदी के प्रतिबंधित क्षेत्र में इस तरह के आयोजन पर भी आपत्ति जताई है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत का कहना है कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, नदी किनारे घाट पर मांगलिक कार्य वर्जित होते हैं। ऐसे में श्मशान घाट पर शादी की रस्म निभाना उचित नहीं है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि जहां अंतिम संस्कार होते हैं, वहां मांगलिक कार्य करना पूरी तरह अनुचित है। लोगों ने इसे संस्कृति और आस्था के प्रति असंवेदनशीलता करार दिया है।
तहसीलदार सल्टस आबिद अली का कहना है कि शव दाह स्थल सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर बगैर अनुमति किसी तरह का समारोह आयोजित नहीं किया जा सकता। प्रशासन को इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है। श्मशान पर शादी कराने का अगर मामला है तो इसकी जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि राज्य सरकार उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वेडिंग डेस्टिनेशन हब बनाने की दिशा में काम कर रही है, लेकिन इस तरह की घटनाएं उस प्रयास पर सवाल खड़े कर रही हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन