उत्तराखंड में 1 मई से बदल जाएगा स्कूलों का टाइम, तपती गर्मी में बच्चों को राहत, शिक्षा मंत्री का ऐलान
उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बढ़ती गर्मी के कारण 1 मई से सरकारी स्कूलों का समय सुबह 7:30 से दोपहर 1:30 बजे तक कर दिया है।

अप्रैल का महीना खत्म होने को है और सूरज ने अभी से अपने कड़े तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। तपती धूप और लू के थपेड़ों से बड़ों का तो बुरा हाल है ही, लेकिन सबसे ज्यादा परेशानी हमारे मासूम बच्चों को उठानी पड़ रही है। भारी-भरकम बैग लेकर दोपहर की चिलचिलाती धूप में स्कूल से घर लौटना किसी सजा से कम नहीं लगता। पैरेंट्स भी अपने बच्चों की सेहत को लेकर काफी टेंशन में रहते हैं। लेकिन अब उत्तराखंड के स्कूली बच्चों और उनके मां-बाप के लिए एक बहुत बड़ी और सुकून देने वाली खबर सामने आई है। जी हां, सूबे के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने एक ऐसा फैसला लिया है, जिससे गर्मी में स्कूल जाने वाले बच्चों को बड़ी राहत मिलने वाली है। 1 मई से राज्य के सभी सरकारी स्कूलों के खुलने और बंद होने के वक्त में बड़ा बदलाव होने जा रहा है।
क्या है नया स्कूल टाइमिंग?
श्रीनगर में एक प्रोग्राम के दौरान बात करते हुए शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने साफ तौर पर कहा कि आने वाली 1 मई से पूरे प्रदेश के सरकारी स्कूल सुबह 7:30 बजे से लेकर दोपहर 1:30 बजे तक ही संचालित होंगे। अगर हम अभी के टाइमटेबल पर नजर डालें, तो स्कूल सुबह 7:45 बजे खुलते हैं और दोपहर 2:05 बजे तक चलते हैं। यानी अब बच्चों को सुबह 15 मिनट पहले स्कूल जाना होगा, लेकिन सबसे अच्छी बात यह है कि उनकी छुट्टी दोपहर में पूरे 35 मिनट पहले हो जाएगी। दोपहर के 2 बजे के आसपास सूरज आसमान से मानो आग बरसा रहा होता है। ऐसे में 1:30 बजे छुट्टी होने से बच्चे उस खतरनाक हीटवेव से काफी हद तक बच सकेंगे और वक्त पर अपने घर पहुंच जाएंगे। यह फैसला सीधे तौर पर बच्चों की सेहत को ध्यान में रखकर लिया गया है।
राज्य में क्या है मौसम की स्थिति
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, प्रदेश के पर्वतीय जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और 4400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। विभाग ने इसके लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि और तेज बारिश का दौर चल सकता है।
मैदानी इलाकों में बूंदाबांदी
पहाड़ों के साथ-साथ मैदानी इलाकों में भी मौसम का मिजाज बदलेगा। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं, राज्य के अन्य हिस्सों में भी हल्की वर्षा के आसार हैं, जिससे झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिलेगी।
अगले तीन से चार दिनों में गिरेगा पारा
डॉ. तोमर ने बताया कि पिछले 24 घंटों में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया है। हालांकि, अगले 24 घंटों में तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद अगले तीन-चार दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद है।




साइन इन