उत्तराखंड के सीएम धामी बोले, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सच हो रहा विकसित भारत का संकल्प
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड का विकास तेजी से हो रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री को 12 वर्ष के कार्यकाल पर बधाई दी और बताया कि उत्तराखंड में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं चल रही हैं। सभी सेक्टर में केंद्र से सहायता मिल रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सशक्त, सक्षम और स्वाभिमानी भारत का सपना सच हो रहा है। साथ ही प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में देवभूमि उत्तराखंड भी नवोदय का संकल्प पूरा कर रही है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को केंद्र में लगातार 12 वर्ष का कार्यकाल पूरा करने पर प्रधानमंत्री सहित देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी। अपने संदेश में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश आज तीव्र विकास कर रहा है। पीएम आवास योजना के तहत चार करोड़ पक्के घर, 81 करोड़ लोगों को हर माह मुफ्त राशन, 60 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत के तहत निशुल्क उपचार की सुविधा और 40 लाख करोड़ रुपये का गारंटी मुक्त मुद्रा ऋण—यह सब अंत्योदय को समर्पित प्रधानमंत्री मोदी ही कर सकते हैं। हर वर्ग के विकास के लिए काम हो रहे हैं。
प्रधानमंत्री के विशेष लगाव से उत्तराखंड का हो रहा कायाकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लिए प्रधानमंत्री मोदी का कार्यकाल स्वर्णिम अक्षरों में लिखे जाने योग्य है। आज उत्तराखंड में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है, जबकि 13 हजार करोड़ रुपये की लागत से निर्मित दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेस-वे ने दिल्ली – देहरादून के बीच दूरी और समय, दोनों को कम कर दिया है। केंद्र के सहयोग से वर्तमान में सितारगंज–टनकपुर, पौंटा साहिब–देहरादून, भानियावाला–ऋषिकेश, काठगोदाम–लालकुआं–हल्द्वानी बाईपास तथा रुद्रपुर बाईपास जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर भी कार्य जारी है।
हर सेक्टर में मिल रही है उत्तराखंड को केंद्र से सहायता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के विशेष प्रयासों आज ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना जल्द पूरी होने को है। टनकपुर–बागेश्वर रेल लाइन परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है। उत्तराखंड में हवाई सेवाएं भी सुदृढ़ हुई हैं। जॉलीग्रांट, पंतनगर और पिथौरागढ़ एयरपोर्ट का विस्तार किया जा चुका है। उड़ान योजना के तहत प्रदेश में 18 हेलीपोर्ट विकसित किए जा रहे हैं। केंद्र सरकार के सहयोग से पर्वतमाला परियोजना के माध्यम से उत्तराखंड में रोपवे नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है।
विकास के नए आयाम
ऐसा कोई सेक्टर नहीं है जहां केंद्र सरकार के सहयोग से विकास ने नए आयाम न छुए हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सभी देशवासी विकसित भारत के अमृतकाल में प्रवेश कर चुके हैं। ऐसे में उत्तराखंड के प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि वह इस परिवर्तन यात्रा का सक्रिय सहभागी बने। तभी प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक एक विकसित, आत्मनिर्भर और विश्व का मार्गदर्शन करने वाला राष्ट्र बन सकेगा。
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन