PM Modi inaugurates 56 projects worth Rs 2,970 crore in Daman प्रधानमंत्री मोदी ने दमन में 2,970 करोड़ रुपये की 56 परियोजनाओं की दी सौगात, नमो एयरपोर्ट और अस्पताल का किया लोकार्पण, Brand-stories Hindi News - Hindustan
More

प्रधानमंत्री मोदी ने दमन में 2,970 करोड़ रुपये की 56 परियोजनाओं की दी सौगात, नमो एयरपोर्ट और अस्पताल का किया लोकार्पण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दमन में 2,970 करोड़ रुपये की लागत वाली 56 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जिसमें स्वास्थ्य, नागरिक उड्डयन, और शिक्षा शामिल हैं। इस दौरे में नमो एयरपोर्ट और अस्पताल का लोकार्पण भी हुआ, जो क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगे।

Mon, 8 June 2026 04:43 PMDakshita Ojha लाइव हिन्दुस्तान
share
प्रधानमंत्री मोदी ने दमन में 2,970 करोड़ रुपये की 56 परियोजनाओं की दी सौगात, नमो एयरपोर्ट और अस्पताल का किया लोकार्पण

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दमन के एक दिवसीय दौरे के दौरान दादरा एवं नगर हवेली तथा दमण एवं दीव के लिए 2,970 करोड़ रुपये की लागत वाली 56 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में स्वास्थ्य, नागरिक उड्डयन, पर्यटन, शिक्षा, बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और जनकल्याण से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री ने नमो हवाई अड्डे और नमो अस्पताल का लोकार्पण भी किया।

प्रधानमंत्री का यह दौरा पिछले एक दशक में संघ प्रदेश की उनकी आठवीं यात्रा रही। प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

पारंपरिक स्वागत और रोड शो

प्रधानमंत्री के दमन पहुंचने पर विभिन्न समुदायों के लोगों ने पारंपरिक ढोल-नगाड़ों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, रंगोलियों और तिरंगा झंडों के साथ उनका स्वागत किया। शहर के विभिन्न हिस्सों में स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रधानमंत्री ने रोड शो के माध्यम से लोगों का अभिवादन भी स्वीकार किया।

नमो एयरपोर्ट और नमो अस्पताल का उद्घाटन

प्रधानमंत्री ने अपने दौरे की शुरुआत दो प्रमुख परियोजनाओं — नमो हवाई अड्डा और नमो अस्पताल — के उद्घाटन से की।

नमो एयरपोर्ट के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी और दमन को राष्ट्रीय विमानन नेटवर्क से बेहतर ढंग से जोड़ा जा सकेगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद सहित अन्य प्रमुख शहरों से सीधी हवाई सेवाओं की संभावनाएं बढ़ेंगी, जिससे पर्यटन, व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिलेगा।

वहीं 300 बिस्तरों वाले नमो अस्पताल को क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण परियोजना बताया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि अस्पताल के शुरू होने से स्थानीय लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी और गंभीर उपचार के लिए अन्य राज्यों पर निर्भरता कम होगी।

56 विकास परियोजनाओं की सौगात

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मंत्र पर काम कर रही है और देश के सभी क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया है, वे क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगी। इन परियोजनाओं में शामिल हैं:

  • नमो एयरपोर्ट
  • नमो अस्पताल
  • जिला सचिवालय भवन
  • कलेक्ट्रेट भवन
  • नानी दमण पुलिस स्टेशन
  • नाइट मार्केट फेज-2
  • नानी दमण किले का सौंदर्यीकरण
  • नई एमडीआर और ओडीआर सड़कें
  • पंचायत घर
  • ट्रांसपोर्ट नगर

प्रशासनिक ढांचे को मिलेगा बल

प्रधानमंत्री ने जिला सचिवालय, कलेक्ट्रेट भवन और नानी दमण पुलिस स्टेशन का भी उद्घाटन किया। प्रशासन के अनुसार इन भवनों के शुरू होने से विभिन्न सरकारी सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी तथा प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक सुव्यवस्थित और सुगम बनाया जा सकेगा।

नई परियोजनाओं की रखी आधारशिला

दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने कई नई परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। इनमें शामिल हैं:

  • आइकॉनिक ब्रिज
  • दमण कन्वेंशन सेंटर
  • राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) परिसर
  • सर्किट हाउस का उन्नयन
  • जल शोधन संयंत्र का विस्तार
  • नगर क्षेत्र की आंतरिक सड़कों का नवीनीकरण

प्रधानमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही हैं और क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगी।

लक्षद्वीप के लिए भी परियोजनाओं की घोषणा

प्रधानमंत्री ने अपने दौरे के दौरान लक्षद्वीप के लिए लगभग 885 करोड़ रुपये की लागत वाली चार बंदरगाह अवसंरचना परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया।

इन परियोजनाओं के तहत किल्टन और कल्पेनी द्वीपों पर आधुनिक पोर्ट सुविधाओं का विकास किया जाएगा। सरकार का कहना है कि इससे यात्री और माल परिवहन को सुविधा मिलेगी तथा मत्स्य पालन और पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा।

स्वास्थ्य और अर्थव्यवस्था पर भी बोले प्रधानमंत्री

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस) के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में संस्थागत प्रसव और बच्चों के पूर्ण टीकाकरण की दर में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था का भी जिक्र किया और कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में देश ने 7.7 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि दर दर्ज की है। प्रधानमंत्री ने इसे वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बीच भारत की मजबूत आर्थिक स्थिति का संकेत बताया।

युवाओं और रोजगार पर जोर

प्रधानमंत्री ने निफ्ट परिसर की आधारशिला को युवाओं के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इससे फैशन और टेक्सटाइल क्षेत्र में कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि इससे रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने संघ प्रदेश में पिछले वर्षों में हुए विकास कार्यों की सराहना की और कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में चल रही परियोजनाएं स्थानीय लोगों के जीवन को आसान बनाने के साथ-साथ क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी गति देंगी।

कार्यक्रम में सांसदों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के सचिवों, पुलिस अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।