देहरादून जौलीग्रांट एयरपोर्ट से हटेंगी सभी हेली सेवाएं, सहस्त्रधारा से उड़ान
सरकार की बड़ी तैयारी है। जौलीग्रांट एयरपोर्ट से सभी हेली सेवाएं सहस्त्रधारा ट्रांसफर की जाएगी। यूगाडा जल्द इस मामले में प्रस्ताव केंद्र को भेजेगा।

उत्तराखंड में हवाई सेवाओं को और अधिक सुगम और यात्री-अनुकूल बनाने के लिए सरकार एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। अब जौलीग्रांट एयरपोर्ट से संचालित होने वाली सभी हेली सेवाओं को देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीड्रोम में स्थानांतरित करने की तैयारी है।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्ताव को अंतिम रूप दे रहा है। वर्तमान में यात्रियों को हेली सेवा लेने के लिए देहरादून शहर से करीब 25-30 किलोमीटर दूर जौलीग्रांट पहुंचना पड़ता है। इसमें न केवल समय की बर्बादी होती है, बल्कि यात्रियों को अतिरिक्त धन भी खर्च करना पड़ता है।
सहस्त्रधारा हेलीड्रोम काफी सुविधाजनक
सहस्रधारा हेलीड्रोम शहर के करीब होने के कारण यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक है। कुछ समय बाद इस बदलाव के बाद उड़ान और आरसीएस के तहत संचालित होने वालीं सभी हेली सेवाएं एक ही स्थान से संचालित हो सकेंगी।
स्थानीय कनेक्टिविटी होगी मजबूत
सहस्रधारा हेलीड्रोम में हेलीकॉप्टरों में ईंधन भरने की सुविधा के साथ-साथ अन्य तकनीकी और यात्री सुविधाएं पहले से ही मौजूद हैं। यहां से हेली सेवाएं आरंभ होने से यात्रियों को सुविधा मिलेगी। इसके साथ अन्य सभी सुविधाएं मौजूद होने से हेलीकॉप्टर संचालन में भी सुविधा होगी। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई उच्चाधिकार प्राप्त समिति की बैठक में इस स्थानांतरण पर सहमति बनी थी। इस कदम से न केवल स्थानीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी, बल्कि चारधाम और अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में जाने वाले पर्यटकों और यात्रियों के लिए यात्रा पहले से कहीं अधिक सरल और किफायती हो जाएगी।
केंद्र को प्रस्ताव भेजेंगे
यूकाडा के सीईओ डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि यात्रियों की सुविधा हमारी प्राथमिकता है। इस प्रस्ताव को जल्द ही केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय को भेजा जाएगा, जहां से हरी झंडी मिलने के बाद इसे लागू कर दिया जाएगा। इस योजना के लागू होने के बाद देहरादून से यात्रियों को निकट हेली सेवा उपलब्ध होगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन