ahead of Kumbh Mela 2027 Uttarakhand government transfers police officers कुंभ मेला 2027 के लिए उत्तराखंड सरकार ने कसी कमर, अधिकारियों के तबादले व तैयारियों का निरीक्षण शुरू, Uttarakhand Hindi News - Hindustan
More

कुंभ मेला 2027 के लिए उत्तराखंड सरकार ने कसी कमर, अधिकारियों के तबादले व तैयारियों का निरीक्षण शुरू

मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि घाटों के निर्माण के साथ-साथ ट्रैफिक मैनेजमेंट, सुरक्षा व्यवस्था, लाइटिंग और स्वच्छता को समान प्राथमिकता दी जानी चाहिए। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से प्रोजेक्ट्स की मॉनिटरिंग करें ताकि तैयारियों में कोई कमी न रहे।

Sat, 4 April 2026 12:49 AMSourabh Jain एएनआई, देहरादून, उत्तराखंड
share
कुंभ मेला 2027 के लिए उत्तराखंड सरकार ने कसी कमर, अधिकारियों के तबादले व तैयारियों का निरीक्षण शुरू

हरिद्वार में आयोजित होने वाले महाकुंभ 2027 को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इस दौरान शुक्रवार को सरकार ने पुलिस अधिकारियों की एक तबादला सूची जारी की, जिसमें विशेष रूप से कुंभ मेले की सुरक्षा और प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण नियुक्तियां की गई हैं। इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक (IG) योगेंद्र सिंह रावत को महानिरीक्षक (कुंभ मेला) नियुक्त किया गया, जबकि आयुष अग्रवाल को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (कुंभ मेला) के पद पर तैनात किया गया है। वहीं भारतीय पुलिस सेवा (IPS) की अधिकारी श्वेता चौबे को टिहरी गढ़वाल का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नियुक्त किया गया है।

इससे पहले, उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्धन हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 के आयोजन स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे, जहां उन्होंने मेले की तैयारियों के लिए चल रहे और प्रस्तावित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने के लिए मौके पर जाकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे यह सुनिश्चित करें कि सभी प्रोजेक्ट निर्धारित समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता मानकों के साथ पूरे हों। साथ ही कार्यों में तेजी लाने के लिए उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

मुख्य सचिव ने किया विभिन्न घाटों का निरीक्षण

मुख्य सचिव ने ऊपरी गंगा नहर के बाएं किनारे पर स्थित शहीद भगत सिंह घाट (कामधेनु घाट) से लेकर सिंह द्वार तक निर्माणाधीन घाटों का, और साथ ही बैरागी कैंप घाट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि घाटों का विकास आधुनिक मानकों के अनुरूप किया जाना चाहिए, जिसमें श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और उनके सुचारू आवागमन का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि कुंभ के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचा जा सके।

ग्रीन घाट बनाने व लोगों के लिए सुविधाएं बढ़ाने को कहा

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि वे बुज़ुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए रैंप तथा अन्य सुगम सुविधाओं की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। इसके साथ ही पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम (कपड़े बदलने के कमरे) और स्वच्छता सुविधाओं का भी इंतजाम किया जाए। उन्होंने आगे निर्देश दिया कि कुंभ मेला-2027 के लिए 'ग्रीन घाट' विकसित किए जाएं, जिसके तहत हरित पट्टियां (ग्रीन बेल्ट) बनाई जाएं और घाटों को पेड़-पौधों व फूलों से सजाकर उनका सौंदर्यीकरण किया जाए।

सभी विभाग पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करें

कुंभ मेला-2027 के महत्व को एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय आयोजन के रूप में रेखांकित करते हुए, मुख्य सचिव ने इस बात पर जोर दिया कि सभी विभागों को पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ काम करना चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सेवाओं को समान प्राथमिकता दी जाए। इसके अलावा सभी परियोजनाओं की नियमित रूप से निगरानी की जाए और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जाए, ताकि तैयारियों में कोई कमी न रहे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।