देहरादून: CNG के दाम में बढ़ोत्तरी, पिछले एक महीने में इतने घरों तक पहुंची PNG
अमूमन गैस और पेट्रोल की कीमतें महीने की शुरुआत में ही बढ़ाई जाती हैं, लेकिन इस बार महीने के मध्य में कीमतें बढ़ी हैं। माना जा रहा है कि मध्यपूर्व में चल रहे विवाद के बीच पैदा हुए गैस संकट के चलते कीमतें बढ़ी हैं।

गैस किल्लत के बीच तेल कंपनियों ने कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) की कीमतों में उपभोक्ताओं को झटका दिया है। महीने के मध्य में ही सीएनजी की कीमतों में डेढ़ रुपये की बढ़ोतरी की गई है। जबकि जनवरी में सीएनजी की कीमतें 9 रुपये तक कम हुई थीं। आशंका है कि आने वाले दिनों में भी गैस की कीमतें बढ़ सकती हैं।
गेल कंपनी के अनुसार, देहरादून में सीएनजी की कीमत 91.50 रुपये किलो हो गई है। अभी तक सीएनजी 89 रुपये किलो थी। जनवरी में ही सीएनजी की कीमतें 98.50 रुपये से 9 रुपये कम हुई थीं। वहीं दिसंबर 2025 में भी सीएनजी की कीमतों में 1 रुपये की कमी की गई थी, तब दून में सीएनजी 99.50 रुपये किलो चल रही थी।
इस बार महीने के मध्य में कीमतें बढ़ी
अमूमन गैस और पेट्रोल की कीमतें महीने की शुरुआत में ही बढ़ाई जाती हैं, लेकिन इस बार महीने के मध्य में कीमतें बढ़ी हैं। माना जा रहा है कि मध्यपूर्व में चल रहे विवाद के बीच पैदा हुए गैस संकट के चलते कीमतें बढ़ी हैं। उधर, सीएनजी की कीमतें बढ़ने से कॉमर्शियल वाहनों को झटका लगा है। यात्रा सीजन शुरू हो गया है और पर्यटकों की आवाजाही भी बढ़ गई है। सीएनजी की कीमतें बढ़ने से दूसरे राज्यों से आने वाले वाहन चालकों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा, क्योंकि दूसरे प्रदेशों की तुलना में पहले ही उत्तराखंड में सीएनजी की कीमतें ज्यादा हैं।
देहरादून में रोजाना 60 हजार किलो तक खपत
देहरादून में वर्तमान में 60 हजार किलो तक की खपत है। शहर में सीएनजी के करीब 20 पंप हैं। एक पंप पर रोजाना करीब 2 हजार किलो की डिमांड है। वहीं, पर्यटन सीजन शुरू होने के बाद पंपों पर सीएनजी का दबाव और बढ़ सकता है।
शहर में पीएनजी लाइन बिछाने की रफ्तार बढ़ी
मध्यपूर्व में हुए गैस संकट ने देहरादून में पीएनजी गैस लाइन की रफ्तार बढ़ा दी है। जहां पहले एक दिन में दो से चार घरों में पीएनजी पहुंचती थी, वहीं इन दिनों 40 से 50 घरों में पीएनजी सप्लाई शुरू की जा रही है। यही नहीं, पिछले एक महीने में 600 घरों तक पीएनजी पहुंच चुकी है। वर्तमान में 2800 घरों में पीएनजी गैस से खाना पकने लगा है। गेल कंपनी के महाप्रबंधक अंबुज गौतम ने बताया कि वर्तमान में गेल कंपनी को दिन और रात दोनों समय लाइन बिछाने की अनुमति है, पहले रात के समय ही लाइनें बिछाई जाती थीं। उन्होंने बताया कि देहरादून में करीब 1 हजार किलोमीटर लाइन बिछाई जानी है। कंपनी की ओर से 37 हजार घरों में कनेक्शन दिए जा चुके हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन