देशभर में यूसीसी लागू होना चाहिए, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे उद्घाटन पर बोले पीएम मोदी Dehradun Delhi Expressway inauguration PM Modi Road Show Rally in Dehradun Live Updates - uttarakhand news
More
Hindi Newsउत्तराखंडदेशभर में यूसीसी लागू होना चाहिए, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे उद्घाटन पर बोले पीएम मोदी

देशभर में यूसीसी लागू होना चाहिए, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे उद्घाटन पर बोले पीएम मोदी

Dehradun-Delhi Expressway: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण किया। इसके बाद एक्सप्रेस-वे विधिवत रूप से शुरू हो गया। इसके जरिए दून से दिल्ली का सफर ढाई घंटे में पूरा हो जाएगा।

देशभर में यूसीसी लागू होना चाहिए, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे उद्घाटन पर बोले पीएम मोदी

देहरादून में पीएम मोदी

Gaurav Kala| लाइव हिन्दुस्तान,देहरादून | Tue, 14 Apr 2026 02:47 PM
हमें फॉलो करें

Dehradun-Delhi Expressway: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे को देश को समर्पित किया। इस एक्सप्रेस-वे की बदौलत प्रदेश की राजधानी देहरादून और देश की राजधानी दिल्ली के बीच न सिर्फ आवाजाही सुगम होगी बल्कि समय में भी उल्लेखनीय बचत होगी। यह एक्सप्रेस-वे कनेक्टिविटी को नई गति देते हुए उत्तराखंड के आर्थिक, पर्यटन और औद्योगिक विकास को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा।

14 Apr 2026, 02:42:43 PM IST

Dehradun-Delhi Expressway LIVE: देवभूमि की पवित्रता को नुकसान न पहुंचाएं

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि प्लास्टिक की बोतलों और कचरे के ढेर देवभूमि की पवित्रता को नुकसान पहुंचाते हैं। इसलिए जरूरी है कि हम देवभूमि के स्थानों और अपने तीर्थ स्थलों को साफ-सुथरा और सुंदर बनाए रखें। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष हरिद्वार में कुंभ मेला का आयोजन भी होना है। ऐसे में हमें इस आस्था के संगम को दिव्य, भव्य और स्वच्छ बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़नी चाहिए।

14 Apr 2026, 02:37:48 PM IST

Dehradun-Delhi Expressway LIVE: पूरे देश में समान नागरिक संहिता लागू होना चाहिए

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पूरे देश में समान नागरिक संहिता लागू होना चाहिए, यही हमारे संविधान की अपेक्षा भी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने इस दिशा में आगे बढ़कर संविधान की इस भावना को आगे बढ़ाने का काम किया है और पूरे देश को एक रास्ता दिखाया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भीम राव आंबेडकर का जीवन गरीबों, वंचितों और शोषितों को न्याय दिलाने के लिए समर्पित रहा। आज उनकी ही भावना के साथ सरकार हर गरीब और वंचित तक सच्चा सामाजिक न्याय पहुंचाने के लिए काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय का एक बड़ा आधार देश का संतुलित विकास है, और सरकार इसी दिशा में तेजी से काम कर रही है, ताकि विकास का लाभ हर वर्ग तक समान रूप से पहुंच सके।

14 Apr 2026, 02:36:14 PM IST

Dehradun-Delhi Expressway LIVE: इतने बड़े प्रोजेक्ट को पूरा करने में मां डाट काली का आशीर्वाद मिला

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि आने वाले कुछ दिनों में चारधाम यात्रा शुरू होने जा रही है। इस अवसर पर उन्होंने पंच बद्री, पंच केदार, पंच प्रयाग और उत्तराखंड के आराध्य देवताओं को नमन किया, साथ ही संतला माता को भी श्रद्धा पूर्वक प्रणाम किया।

उन्होंने कहा कि इतने बड़े प्रोजेक्ट को पूरा करने में मां डाट काली का आशीर्वाद मिला है। उत्तराखंड अब अपने 26वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और आज इस एक्सप्रेस-वे के साथ विकास की एक नई उपलब्धि जुड़ गई है। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि इस शताब्दी का तीसरा दशक उत्तराखंड के नाम रहेगा। उन्होंने याद किया कि बाबा केदार के दर्शन के बाद उनके मुंह से यह बात निकली थी और आज यह परियोजना उसी संकल्प को नई दिशा दे रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह एक्सप्रेस-वे उत्तराखंड को नई गति देगा और इसका लाभ गाजियाबाद, बागपत, बड़ौत, शामली और सहारनपुर जैसे क्षेत्रों को भी मिलेगा।

14 Apr 2026, 02:34:05 PM IST

Dehradun-Delhi Expressway LIVE: देश की असली भाग्य रेखाएं हमारी सड़कें

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जैसे ज्योतिषी हाथ की रेखाएं देखकर किसी व्यक्ति का भविष्य बताते हैं, वैसे ही अगर देश के संदर्भ में देखें तो उसकी ‘भाग्य रेखाएं’ क्या हैं?

उन्होंने कहा कि देश की असली भाग्य रेखाएं हमारी सड़कें, हाईवे, एक्सप्रेस-वे, एयरवे, रेलवे और जलमार्ग हैं। यही वो इंफ्रास्ट्रक्चर है जो देश के भविष्य को तय करता है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत इन ‘भाग्य रेखाओं’ को मजबूत बनाने में जुटा हुआ है, ताकि देश को विकसित भारत की दिशा में तेजी से आगे बढ़ाया जा सके।

14 Apr 2026, 02:30:51 PM IST

Dehradun-Delhi Expressway LIVE: पीएम मोदी के संबोधन की बड़ी बातें

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि आज वीरान गांव आबाद हो रहे हैं। 21वीं सदी का भारत जिस तेजी से आगे बढ़ रहा है। उसकी पूरी दुनिया में चर्चा हो रही है। कुछ सप्ताह पहले दिल्ली मेट्रो का विस्तार हुआ। नमो भारत रेलवे को समर्पित हुआ। आज देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे शुरू हो रहा है। इतने छोटे से समय में इतना सबकुछ हो रहा है। इतने कम समय में इतना बड़ा इंफ्रास्ट्र्क्चर डेवलप हो रहा है।

14 Apr 2026, 02:25:10 PM IST

Dehradun-Delhi Expressway LIVE: 370 हटने के बाद पूरे देश में संविधान लागू

पीएम मोदी ने सबसे पहले भीमराव आंबेडकर को याद किया। कहा कि 370 हटने के बाद पूरे देश में संविधान लागू हुआ है। बाबा साहेब का जीवन गरीब, शोषित को समर्पित रहा। हमारी सरकार भी इसी के तहत काम कर रही है।

14 Apr 2026, 02:21:08 PM IST

Dehradun-Delhi Expressway LIVE: पीएम मोदी उत्तराखंड को सौगात देने आए

मुख्यमंत्री धामी बोले, आज का दिन विशेष है। उत्तराखंड आज आर्थिक कॉरिडोर से जुड़ रहा है। आज बाबा साहब का जन्म जयंती और बैसाखी का पावन पर्व है। 2014 तक देश हताश और निराश था। आज 28वीं बार प्रधामनंत्री का स्वागत करने का अवसर मिल रहा है। प्रधानमंत्री जब भी आए वह सौगात लेकर आए। हमेशा आगमन शुभ और कल्याणकारी रहा है। विकास और विरासत की धारणा के अनुसार उत्तराखंड आगे बढ़ रहा है। 2027 में भी उत्तराखंड में राष्ट्रवादी विचार धारा वाली भाजपा फिर से प्रचंड बहुमत से सत्ता में आएगी।

14 Apr 2026, 02:19:46 PM IST

Dehradun-Delhi Expressway LIVE: गढ़वाली भाषा में पीएम मोदी का संबोधन

एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करने के बाद पीएम मोदी ने गढ़वाली भाषा में संबोधन शुरू किया। उन्होंने सबसे पहले जनसभा में देरी से आने के लिए माफी मांगी। कहा कि रोड शो में 12 किलोमीटर तक लोगों का आशीर्वाद लेकर यहां पहुंचा हूं।

14 Apr 2026, 02:11:00 PM IST

Dehradun-Delhi Expressway LIVE: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन

पीएम मोदी ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। इस दौरान मंच पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री पुष्कर धामी समेत कई गणमान्य उपस्थित हैं।

14 Apr 2026, 02:06:13 PM IST

Dehradun-Delhi Expressway LIVE: देहरादून में 1700 करोड़ लागत के चार लेन बाइपास

गडकरी ने आगे कहा कि देहरादून में करीब 1700 करोड़ रुपये की लागत से चार लेन बाइपास बनाया जाएगा, जिससे शहर के ट्रैफिक दबाव को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।

इसके अलावा हरिद्वार में 2300 करोड़ रुपये की लागत से चार लेन बाइपास का काम जल्द शुरू किया जाएगा। वहीं देहरादून से मसूरी तक दो लेन सड़क के लिए 800 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार की जा रही है, जिससे पहाड़ी मार्ग को बेहतर और सुरक्षित बनाया जाएगा।

गडकरी ने यह भी बताया कि 5200 करोड़ रुपये की लागत से टनकपुर-पिथौरागढ़ होते हुए लिपुलेख तक सड़क मार्ग का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस परियोजना को एक साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे सीमावर्ती इलाकों में कनेक्टिविटी और रणनीतिक मजबूती दोनों बढ़ेगी।

14 Apr 2026, 02:05:13 PM IST

Dehradun-Delhi Expressway LIVE: गडकरी ने कई घोषणाएं की

केंद्रीय मंत्री गडकरी ने उत्तराखंड में चल रही बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत 640 किलोमीटर का काम पूरा किया जा चुका है, जिससे पहाड़ी इलाकों में आवाजाही पहले के मुकाबले काफी आसान हुई है।

गडकरी ने कहा कि केदारनाथ क्षेत्र में रुद्रप्रयाग से गौरीकुंड तक की परियोजना को दिसंबर 2026 तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है, जिस पर करीब 1300 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं यमुनोत्री धाम के लिए धरासू से यमुनोत्री तक 2500 करोड़ रुपये की परियोजना पर काम चल रहा है, जिसे 2028 तक पूरा करने की योजना है।

उन्होंने यह भी बताया कि पहाड़ों में भूस्खलन की समस्या से निपटने के लिए सरकार ने व्यापक योजनाएं तैयार की हैं। इसके तहत 4300 करोड़ रुपये की लागत से 296 कार्यों को मंजूरी दी जा चुकी है, जबकि 5800 करोड़ रुपये की लागत वाले 194 अन्य कार्यों की तैयारी चल रही है।

रोपवे परियोजनाओं पर बोलते हुए गडकरी ने कहा कि सोनप्रयाग से केदारनाथ तक 12 किलोमीटर लंबा रोपवे बनाने का काम शुरू हो चुका है। इसके अलावा गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक 12.4 किलोमीटर लंबा रोपवे भी तैयार किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने बताया कि कई संवेदनशील स्थानों पर सड़क के बजाय सुरंगों का निर्माण किया जा रहा है, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुगम बन सके। गडकरी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड का भविष्य तेजी से बदला जा रहा है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

14 Apr 2026, 02:00:03 PM IST

Dehradun-Delhi Expressway LIVE: पहाड़ी टोपी में पीएम मोदी नजर आए

पीएम मोदी देहरादून में रोड शो करते हुए जनसभा स्थल पहुंच गए हैं। वे पहाड़ी टोपी में नजर आए। पीएम मोदी थोड़ी देर में एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे।

14 Apr 2026, 01:55:52 PM IST

Dehradun-Delhi Expressway LIVE: उत्तराखंड में एक लाख से अधिक प्रोजेक्ट दिए

नितिन गडकरी ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में सरकार ने कई परियोजनाएं शुरू की हैं। उत्तराखंड में एक लाख से अधिक प्रोजेक्ट दिए।

14 Apr 2026, 01:54:04 PM IST

Dehradun-Delhi Expressway LIVE: नितिन गडकरी बोले- उत्तराखंड के विकास को गति देगा एक्सप्रेसवे

केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने जनसभा के दौरान कहा कि यह एक्सप्रेसवे उत्तराखंड के विकास को गति देगा। यह 12 हजार करोड़ की लागत में बना है। यह दिल्ली, यूपी और उत्तराखंड को जोड़ता है। अभी आठ घंटे लगते हैं, अब यह सफर दो या सवा दो घंटे में हो जाएगा।

14 Apr 2026, 12:53:14 PM IST

Dehradun-Delhi Expressway LIVE: डाट काली मंदिर में पूजा की

पीएम मोदी देहरादून पहुंच चुके हैं। यहां उन्होंने प्रसिद्ध डाट काली मंदिर में पूजा की। कुछ देर में वह दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड में कम से कम 30 हजार लोग पहुंच चुके हैं।

14 Apr 2026, 12:14:17 PM IST

Dehradun-Delhi Expressway LIVE: पीएम मोदी 28वीं बार उत्तराखंड पहुंचे

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर रोड शो करते हुए पीएम मोदी उत्तराखंड पहुंच चुके हैं। यहां वे एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे और प्रसिद्ध डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद पीएम मोदी की देहरादून में जनसभा भी है।

14 Apr 2026, 11:43:55 AM IST

Dehradun-Delhi Expressway LIVE: कार से एलिवेटेड रोड के सफर पर मोदी

पीएम नरेंद्र मोदी सहारनपुर पहुंच चुके हैं। वे यहां कार में सवार होकर एलिवेटेड रोड के सफर पर निकल चुके हैं। लोग रास्ते में फूल बरसा कर पीएम मोदी का स्वागत कर रहे हैं। थोड़ी देर में पीए दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे।

14 Apr 2026, 10:18:59 AM IST

Dehradun-Delhi Expressway LIVE: थोड़ी देर में दून पहुंचेंगे पीएम

पीएम मोदीआज दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे। इस कॉरिडोर के शुरू होने से दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा का समय 6 घंटे से घटकर लगभग ढाई घंटे रह जाएगा, जिससे लोगों को तेज और सुगम सफर की सुविधा मिलेगी।

इस एक्सप्रेस-वे को खास तौर पर इस तरह डिजाइन किया गया है कि इंसान और वन्यजीवों के बीच टकराव (मैन-एनिमल कॉन्फ्लिक्ट) को काफी हद तक कम किया जा सके।

14 Apr 2026, 09:20:37 AM IST

Dehradun-Delhi Expressway LIVE: प्रधानमंत्री मोदी प्रदेश के संरक्षक और सुरक्षा कवच : धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि “मोदी उत्तराखंड के लिए केवल प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य परिवार के संरक्षक और सुरक्षा कवच की तरह हैं।” प्रधानमंत्री के दौरे से पहले सोमवार को हिन्दुस्तान से अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने से पहले भी उत्तराखंड उनकी प्राथमिकता में था और प्रधानमंत्री बनने के बाद भी उन्होंने उत्तराखंड के विकास को प्राथमिकता में रखा। प्रधानमंत्री के विशेष लगाव की वजह से राज्य की आर्थिक सहायता लगातार बढ़ी है। इसकी वजह से सड़क, रेल, हवाई कनेक्टिविटी और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। इनका सीधा लाभ प्रदेश की जनता को मिल रहा है।

14 Apr 2026, 08:38:59 AM IST

Dehradun-Delhi Expressway LIVE: एक्सप्रेसवे पर गाड़ी रोकना-मोड़ना और हॉर्न बजाना मना

परिवहन विभाग के स्पष्ट निर्देश हैं कि एक्सप्रेसवे पर गाड़ी रोकना, मोड़ना और जंगल के बीच गुजरते हुए हॉर्न बजाना बिल्कुल मना है। इसलिए गाड़ी दौड़ाने से पहले नियम जान लीजिए। पूरी खबर पढ़ें।

14 Apr 2026, 08:35:40 AM IST

Dehradun-Delhi Expressway LIVE: प्रमुख इंटरचेंज और कनेक्टिंग हाईवे

इसके अलावा, एक्सप्रेस-वे पर कई प्रमुख इंटरचेंज और कनेक्टिंग हाईवे भी विकसित किए गए हैं। खेखड़ा में बागपत ईस्टर्न बायपास के पास इंटरचेंज बनाया गया है, जबकि लोहड्डा में बड़ौत ईस्टर्न बायपास से कनेक्टिविटी दी गई है। करौंदा महाजन के पास यह करनाल-मेरठ (NH 709A) हाईवे से जुड़ता है, वहीं हल्गोया में सहारनपुर-हरिद्वार एक्सप्रेसवे से इसका संपर्क स्थापित किया गया है। देहरादून के पास यह चारधाम हाईवे से भी जुड़ता है, जिससे उत्तराखंड के धार्मिक मार्गों तक पहुंच और अधिक सुगम हो जाती है। पूरी खबर पढ़ें।

14 Apr 2026, 08:35:03 AM IST

Dehradun-Delhi Expressway LIVE: दिल्ली-यूपी और उत्तराखंड के किन-किन इलाकों से कनेक्टिविटी

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे की रूट कनेक्टिविटी इसे बेहद अहम बनाती है। राजधानी दिल्ली में इसका शुरुआती बिंदु अक्षरधाम से माना जा रहा है, जहां से यह गीता कॉलोनी, शास्त्री पार्क, खजूरी खास और सोनिया विहार जैसे इलाकों को जोड़ते हुए आगे बढ़ता है। उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने के बाद यह एक्सप्रेस-वे मंडोला (लोनी बॉर्डर), बागपत, बड़ौत, शामली, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर जैसे प्रमुख शहरों और कस्बों से होकर गुजरता है। उत्तराखंड में यह एक्सप्रेस-वे रुड़की होते हुए देहरादून तक पहुंचता है, जहां अशारोड़ी और राजाजी नेशनल पार्क के आसपास का क्षेत्र इसके अंतिम हिस्से में आता है।

14 Apr 2026, 08:11:10 AM IST

Dehradun-Delhi Expressway LIVE: आशारोड़ी - मोहकमपुर प्रोजेक्ट पर भी जल्द अंतिम मुहर

दिल्ली- देहरादून एक्सप्रेस वे के शुभारंभ के बाद अब आशारोड़ी से मोहकमपुर के बीच प्रस्तावित ऐलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट पर भी मंथन तेज हो गया है। माना जा रहा है कि इस परियोजना पर भी अब जल्द ही अंतिम मुहर लगेगी। दरअसल, दिल्ली - देहरादून एक्सप्रेस वे से दिल्ली, एनसीआर से बड़ी संख्या में पर्यटक व अन्य ट्रैफिक देहरादून के लिए बढ़ जाएंगे। एक्सप्रेस वे पर फर्राटा भरते हुए ट्रैफिक ढ़ाई से तीन घंटे में आशारोड़ी पहुंचेंगे।

14 Apr 2026, 07:13:03 AM IST

Dehradun-Delhi Expressway LIVE: प्रधानमंत्री का रोड शो आज,आप भी अपना रूट देखकर ही निकलें

प्रधानमंत्री मोदी के मंगलवार को दून में होने वाले रोड शो और जनसभा के चलते दून में बड़ा ट्रैफिक डायवर्ट प्लान लागू रहेगा। एसपी ट्रैफिक लोकजीत सिंह ने अपील की कि किसी भी तरह की असुविधा से बचने को डायवर्जन प्लान का पालन करें। दून से दिल्ली, सहारनपुर रूट पर रविवार से लागू डायवर्जन प्लान मंगलवार को भी लागू रहेगा। पूरी खबर पढ़ें।

14 Apr 2026, 07:12:04 AM IST

Dehradun-Delhi Expressway LIVE: दिल्ली के लिए हरिद्वार होकर गई रोडवेज बसें

दून शहर में मंगलवार को प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम के तहत रोडवेज बसों का संचालन प्रभावित हुआ। दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, आगरा जाने वाली बसें हरिद्वार होकर गईं। जबकि सहारनपुर और हिमाचल जाने वाली बसों को धर्मावाला, हरबर्टपुर होकर भेजा गया। इसके अलावा कार्यक्रम में रोडवेज बसें लगाई गई हैं। ऐसे में रूटों पर सोमवार को कम बसें चली। मंगलवार को भी बसों का संचालन प्रभावित रहेगा। रोडवेज अधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि कार्यक्रम के चलते बसों का रूट डायवर्ट किया गया है।

14 Apr 2026, 07:11:34 AM IST

Dehradun-Delhi Expressway LIVE: मोदी के स्वागत के लिए 12 किमी तक मानव शृंखला

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दून में रोड शो और जसवंत सिंह आर्मी ग्राउंड गढ़ी कैंट में होने वाली जनसभा में हजारों की संख्या में भीड़ पहुंचने का अनुमान है। भाजपा महानगर ने धर्मपुर और कैंट विधानसभा में होने वाले विशेष रूप से रोड शो के लिए तैयारियां पूरी कर ली है।

धर्मपुर विधानसभा के दो और कैंट विधानसभा के तीन मंडल के सभी कार्यकर्ता रोड शो में शामिल होंगे। करीब 12 किलोमीटर रोड शो में कुल 22 हजार कार्यकर्ता मानव शृंखला बनाएंगे। सभा स्थल पर 25 से 30 हजार कार्यकर्ताओं के पहुंचने का अनुमान लगाया गया है।

14 Apr 2026, 06:29:56 AM IST

Dehradun-Delhi Expressway: प्रधानमंत्री ने दिखाई दून -दिल्ली एक्सप्रेसवे की शानदार झलक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है। वीडियो के साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, “ट्रेवलिंग फ्रॉम दिल्ली टू देहरादून इज ऑल सेट टू बी ट्रांसफोर्म्ड..हेव ए लुक”, यानी दिल्ली से देहरादून की यात्रा अब पूरी तरह बदलने वाली है, एक नजर डालिए। प्रधानमंत्री द्वारा शेयर किए गए वीडियो में करीब 12 हजार करोड़ की लागत से तैयार दिल्ली-दून एक्सप्रेसवे की प्रमुख जानकारी और विशेषताएं दिखाई गई हैं। वीडियो में एक्सप्रेसवे की आधुनिक संरचना और इससे होने वाले बदलावों को दर्शाया गया है। वीडियो में यह भी दिखाया गया है कि एक्सप्रेसवे के नीचे से वन्यजीव गुजर रहे हैं। इसमें राष्ट्रीय पक्षी मोर, हाथी, हिरण और अन्य जंतुओं को सुरक्षित निकलते हुए दिखाया गया है, जिससे सफर को रोमांचक और पर्यावरण के अनुकूल बताया गया है। प्रधानमंत्री का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

14 Apr 2026, 06:28:02 AM IST

PM Modi in Dehradun LIVE: एक्सप्रेस-वे में क्या खास

● 213 किलोमीटर लंबा है दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से गुजरने वाला ये एक्सप्रेस-वे

● 12000 करोड़ रुपये लागत आई एक्सप्रेस-वे के निर्माण में

● 06 लेन के इस एक्सप्रेस-वे में बनाए गए हैं दो आरओबी, 10 पुल और सात इंटरचार्ज

● 12 किमी लंबा एशिया का सबसे लंबा वाइल्ड लाइफ कॉरिडोर

● 02 एलिफिटेंट अंडर पास, छह एनिमल पास, डाटकाली मंदिर के पास 370 मीटर लंबी सुरंग

14 Apr 2026, 06:28:02 AM IST

PM Modi in Dehradun LIVE: मुख्यमंत्री ने लिया तैयारियों का जायजा

प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी का मंगलवार को उत्तराखंड का 28वां दौरा होगा। इस लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को पुन: तैयारियों का जायजा लिया। इस मौके पर उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के आगमन की सभी तैयारियां कर ली गई हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री का यह दौरा ऐतिहासिक साबित होगा।

14 Apr 2026, 06:28:02 AM IST

PM Modi in Dehradun LIVE: पीएम मोदी की उत्तराखंड यात्रा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड दौरा हर बार राज्य के पर्यटन, विशेषकर धार्मिक पर्यटन के लिए संजीवनी साबित हुआ है। उनकी यात्राओं ने न केवल विकास की रफ्तार को गति दी, बल्कि देवभूमि की आध्यात्मिक पहचान को वैश्विक स्तर पर नई मजबूती भी प्रदान की है। विशेष रूप से चारधाम यात्रा और केदारनाथ धाम के प्रति उनकी गहरी आस्था ने देश-विदेश के श्रद्धालुओं का रुख उत्तराखंड की ओर तेजी से बढ़ाया।

14 Apr 2026, 06:28:02 AM IST

PM Modi in Dehradun LIVE: मोदी के दौरों से बदला उत्तराखंड का दौर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उत्तराखंड के बदलाव के लिए मील का पत्थर रखने का यह पहला मौका नहीं है। आज पीएम मोदी का 28वां उत्तराखंड दौरा है। इससे पहले भी जब-जब प्रधानमंत्री मोदी उत्तराखंड आए, हर बार उन्होंने देवभूमि के साथ अपने आध्यात्मिक और भावनात्मक लगाव का परिचय दिया। साथ ही हर बार कोई न कोई ऐसी सौगात-सुझाव दे गए जिसने उत्तराखंड के विकास के किसी न किसी सेक्टर की मजबूत बुनियाद रख दी।

14 Apr 2026, 06:28:02 AM IST

PM Modi in Dehradun LIVE: पीएम मोदी का 28वां उत्तराखंड दौरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 28वीं बार उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। वे सुबह देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद एक्सप्रेस-वे विधिवत रूप से शुरू हो जाएगा। इसके जरिए दून से दिल्ली का सफर ढाई घंटे में पूरा हो जाएगा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।