जमीन पैमाइश से असंतुष्ट युवक मोबाइल टॉवर पर चढ़ा, 7 घंटे बाद अफसरों के सामने गिरकर मौत
जौनपुर में भूमि की पैमाइश से असंतुष्ट होकर एक युवक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन ने उसे समझाया। लेकिन सात घंटे बाद ही वह अफसरों के सामने ही टावर से नीचे गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई।

UP News: यूपी के जौनपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां बक्शा थाना क्षेत्र के उतरीजपुर गांव में गुरुवार को भूमि की पैमाइश से असंतुष्ट होकर मोबाइल टॉवर पर चढ़े युवक की गिरकर मौत हो गई। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अफसर भी जुट गए थे। सात घंटे तक उसे समझाने की कोशिश की गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने मौके पर ही प्रदर्शन भी किया। प्रशासनिक अधिकारियों पर शिकायत के बाद भी सुनवाई न करने का आरोप लगाया। डीएम सैमुअल पॉल एन ने एडीएम वित्त एवं राजस्व के नेतृत्व में मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी है। जो तीन दिनों में रिपोर्ट देगी, उसी के अनुसार कार्रवाई होगी।
उतरीजपुर के राजाराम यादव की पड़ोसी महावीर यादव, अर्जुन यादव समेत अन्य से भूमि का विवाद करीब 10 साल से चल रहा है। राजाराम के आवेदन पर 2016 में पैमाइश हुई और 2019 में पत्थरगड्डी कर दी गई। इस नापी से राजाराम संतुष्ट नहीं थे। उधर, महावीर के घर तक सड़क स्वीकृति के बाद बनने लगी। पैमाइश को दोषपूर्ण बताते हुए रास्ते का निर्माण रोकने के लिए राजाराम अधिकारियों के यहां चक्कर लगा रहे थे। राजाराम का आरोप है कि अफसर सुन नहीं रहे थे।
गुरुवार सुबह सात बजे राजाराम का बड़ा बेटा 30 वर्षीय श्रीप्रकाश यादव नापी से असंतुष्ट होकर मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। सूचना पर थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचे। इसकी जानकारी अफसरों को दी। एसडीएम सदर संतवीर, सीओ सदर देवेश सिंह, तहसीलदार सदर, नायब तहसीलदार सहित राजस्वकर्मियों की टीम फायरबिग्रेड के साथ मौके पर पहुंची। अफसर श्रीप्रकाश को समझाने की कोशिश करने लगे, लेकिन वह नहीं माना। अंत में एसडीएम ने तहसीलदार के नेतृत्व में तुरंत पुनः नापी का आदेश दिया। नाप शुरू हुई फिर भी वह टॉवर से नहीं उतरा। इस बीच सात घंटे बीत गए। दिन में करीब दो बजे वह टॉवर से गिर पड़ा। पुलिस उसे जिला अस्पताल ले गई। तबतक उसकी मौत हो चुकी थी।
नायब तहसीलदार के चेतावनी देते ही छूट गया हाथ
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नायब तहसीलदार श्रीप्रकाश को चेतावनी देने लगे कि टॉवर से उतरने पर मुकदमा लिखवाकर उसे जेल भेज देंगे। पड़ोसी उमेश यादव का कहना है कि इसके थोड़ी ही देर के बाद श्रीप्रकाश का हाथ छूट गया और वह टॉवर से गिर गया।
वहीं, इस मामले में डीएम का कहना है कि सत्यप्रकाश यादव नाम का युवक गांव में लगे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया था। सूचना मिलने पर राजस्व विभाग के अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और लेखपाल मौके पर पहुंचे। अधिकारी लगातार युवक से बातचीत कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास कर रहे थे। युवक का कहना था कि उसकी जमीन की पैमाइश और पत्थरगड्डी से वह संतुष्ट नहीं है। उसने मांग रखी थी कि दोबारा पत्थरगड्डी कराई जाए, तभी वह टॉवर से नीचे उतरेगा। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। मौके पर पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंच गई थी। अधिकारियों और पुलिसकर्मियों द्वारा लगातार समझाने और सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन इसी दौरान युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह टॉवर से नीचे गिर पड़ा।




साइन इन