shadi karao tabhi niche utrunga lover climbs 100 feet high tower for his girlfriend शादी कराओ, तभी उतरूंगा… प्रेमिका के लिए 100 फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़ा आशिक, 2 घंटे तक चला ड्रामा, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

शादी कराओ, तभी उतरूंगा… प्रेमिका के लिए 100 फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़ा आशिक, 2 घंटे तक चला ड्रामा

सिद्धार्थनगर के इटवा थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक 100 फुट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया और प्रेमिका से शादी की मांग को लेकर हंगामा करने लगा। करीब दो घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद समझाने पर नीचे उतरा।

Mon, 13 April 2026 07:16 PMPawan Kumar Sharma हिन्दुस्तान संवाद, सिद्धार्थनगर
share
शादी कराओ, तभी उतरूंगा… प्रेमिका के लिए 100 फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़ा आशिक, 2 घंटे तक चला ड्रामा

UP News यूपी के सिद्धार्थनगर जिले के इटवा थाना क्षेत्र के पिपरा पठान (मुर्गिहवा) गांव के पास सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक सौ फुट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया और प्रेमिका से शादी की मांग को लेकर हंगामा करने लगा। करीब दो घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और परिजनों के समझाने पर युवक नीचे उतरा। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

कठेला समय माता थाना क्षेत्र के इंद्रीग्रांट गांव के टोला बक्शडीह निवासी विशाल चौहान पुत्र रामदास का इटवा क्षेत्र की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक उसी युवती से शादी करना चाहता था लेकिन किन्हीं कारणों से बात आगे नहीं बढ़ पा रही थी। इसी बात से आक्रोशित होकर वह सोमवार को अपने घर से करीब 10 किलोमीटर दूर पिपरा पठान गांव पहुंच गया और वहां मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर के ऊपरी हिस्से पर बैठकर युवक ने साफ तौर पर कहा कि जब तक उसकी शादी संबंधित युवती से नहीं कराई जाएगी, वह नीचे नहीं उतरेगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जीजा की बहन से शादी कराओ, वरना कूद जाऊंगा...टॉवर पर चढ़कर चिल्लाया युवक

इसकी सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। थोड़ी देर में पुलिस भी पहुंच गई। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम और युवक के परिजन उसे समझाने में जुट गए। मोबाइल फोन के जरिए लगातार उससे बातचीत की गई, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। करीब दो घंटे तक चले प्रयास के बाद आखिरकार युवक माना और नीचे उतर आया। नीचे उतरते ही पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थाने भेज दिया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक इटवा संजय कुमार मिश्र ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है और युवक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पत्नी को लाने गए पति का ससुराल में हाई वोल्टेज ड्रामा, टॉवर पर चढ़कर किया हंगामा

पांच घंटे तक मोबाइल टॉवर पर चढ़ी रही किशोरी

उधर, कुशीनगर के विशुनपुरा थाना क्षेत्र के दुदही टैक्सी स्टैंड पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक नाबालिग किशोरी मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। टॉवर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। टॉवर पर चढी किशोरी जेल में बंद अपने प्रेमी को पुलिस से छुड़ाने की मांग कर रही थी। विशुनपुरा थानाध्यक्ष की सूझबूझ से पांच घंटे बाद किशोरी को टॉवर से नीचे उतरा गया। इसके बाद पुलिस समेत आम लोगों ने राहत की सांस ली है।

टॉवर पर चढ़ी किशोरी का आरोप था कि उसके प्रेमी को उसकी मां की शिकायत पर पुलिस ने जेल भेजवा दिया है। इससे आक्रोशित होकर वह टॉवर पर चढ़ गई और प्रेमी को रिहा कराने की जिद पर अड़ गई। वह लगातार नीचे खड़े लोगों और पुलिस से प्रेमी को छोड़ने की मांग कर रही थी। पुलिस टीम किशोरी को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार प्रयास करती रही। थानाध्यक्ष विशुनपुरा के लगातार प्रयास व संवाद से पांच घंटे बाद किशोरी टॉवर से उतरी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:जमीनी विवाद से तंग आकर बुजुर्ग टॉवर पर चढ़ा, 6 महीने में दूसरी बार काटा हंगामा
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।