शहरों में उग्र बंदरों को लेकर योगी सरकार ने बनाया प्लान, लोगों को मिलेगी राहत
उत्तर प्रदेश में शहरों में उग्र बंदरों को लेकर योगी सरकार ने प्लान बनाया। अब बंदर प्रबंधन को वृक्षारोपण अभियान-2026 की कार्ययोजना में शामिल कर लिया गया है। उग्र बंदरों के लिए हर शहर में कपि वन बनाए जाएंगे।
UP News: मानव-बंदर संघर्ष रोकने पर सरकार का खास फोकस है। हाईकोर्ट के निर्देश पर वन विभाग ने इसके लिए कार्ययोजना बनाई है। वहीं अब बंदर प्रबंधन को वृक्षारोपण अभियान-2026 की कार्ययोजना में शामिल कर लिया गया है। उग्र बंदरों के लिए हर शहर में कपि वन बनाए जाएंगे। शहरी आबादी से बाहर न्यूनतम एक हेक्टेयर भूमि पर इसे बनाया जाएगा। इसमें ऐसी प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे, जिन पर पूरे साल पर्याप्त फलों की उपलब्धता रहे। योगी सरकार ने इस प्लान से लोगों को राहत मिलेगी।
वन विभाग ने वृक्षारोपण अभियान-2026 की तैयारी शुरू कर दी है। इस साल भी 35 करोड़ पौधे लगाए जाने का लक्ष्य तय किया गया है। खास बात यह है कि वृक्षारोपण अभियान के लिए तैयार कार्ययोजना का बंदर प्रबंधन भी हिस्सा है। दरअसल वन विभाग द्वारा हाईकोर्ट के निर्देश पर बंदरों का आतंक रोकने को तैयार की गई प्लानिंग में बंदरों को उसी जिले के वन क्षेत्र में छोड़े जाने की बात कही गई है, जहां से उसे पकड़ा जाए। इससे पहले मानव-बंदर के संघर्ष वाले स्थान चिह्नित होंगे और आतंक फैलाने वाले बंदरों की संख्या का भी आकलन किया जाएगा। हर जगह ऐसे वन क्षेत्रों की उपलब्धता न होने की कमी को अब कपि वन पूरा करेंगे।
इन प्रजातियों के लगेंगे पौधे
ऐसे वन सभी नगर निगमों तथा नगर पालिका क्षेत्र में स्थापित किए जाएंगे। उग्र बंदरों के बेहतर प्रबंधन के लिए आबादी क्षेत्र से बाहर फलदार प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। इन वनों में बड़हल, आम, जामुन, अमरूद, बेल, गूलर, कटहल, बेर, शहतूत, पीपल, अंजीर आदि के ऐसे फलदार पौधे लगेंगे, जिनसे सालभर फलों की उपलब्धता रहे। इस साल वृक्षारोपण अभियान के दौरान महर्षि चरक वन, समृद्धि वन, वंदेमातरम वाटिका सहित अन्य वाटिकाएं स्थापित किए जाने की योजना है। बता दें कि अयोध्या सहित कुछ स्थानों पर बंदरों के लिए स्थल तो चिह्नित किए गए थे, मगर सभी शहरों में आबादी से बाहर ऐसे वनों की स्थापना पहली बार प्रस्तावित की गई है।
कम होगा बंदर का आतंक
वन सभी नगर निगमों तथा नगर पालिका क्षेत्र में कपि वन स्थापित किए जाने से बंदरों का आतंक कम होगा। दरअसल, उग्र बंदर को लेकर लोग बहुत परेशान हैं। ऐसी घटना भी देखने को मिली है कि बंदर ने किसी घायल कर दिया। बंदर नुकसान भी पहुंचा रहे हैं। ऐसे में कपि वन से राहत मिलेगी।




साइन इन