यूपी में छात्रा के पीछे पड़ा सांप, तीसरी बार डसा, सर्पदंश से पिता की जा चुकी है जान
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में सांप एक छात्रा के पीछे पड़ गया है। सांप ने तीसरी बार डसा है। घटना के बाद स्कूल में अफरातफरी का माहौल बन गया। हालांकि समय रहते उपचार मिलने से छात्रा की हालत में सुधार बताया जा रहा है।

UP News: यूपी के सहारनपुर में सांप एक छात्रा के पीछे पड़ गया है। ननौता के मित्तरगढ़ रोड स्थित एक स्कूल में उस समय हड़कंप मच गया जब 12वीं की छात्रा को सांप ने डस लिया। घटना के बाद स्कूल में अफरातफरी का माहौल बन गया। हालांकि समय रहते उपचार मिलने से छात्रा की हालत में सुधार बताया जा रहा है। यह कोई पहली बार नहीं था जब सांप ने उसे डसा था, इससे पहले भी दो बार डस चुका है। यही इस छात्रा के पिता की जान सांप के डसने से गई थी। इससे छात्रा के परिवार के लोग दहशत में हैं।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को करीब 11 बजे छात्रा लक्ष्मी मित्तल पुत्री प्रवीण मित्तल कक्षा से बाहर पानी पीने के लिए नल पर गई थी। इसी दौरान पास में रखी लकड़ियों के बीच छिपे सांप ने अचानक निकलकर उसे काट लिया। सांप के डसते ही छात्रा घबरा गई और मौके पर मौजूद अन्य छात्र-छात्राओं और शिक्षकों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही अध्यापक तुरंत सक्रिय हो गए और परिजनों को सूचना दी।
इसके बाद आनन-फानन में छात्रा को निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार है। इस घटना ने इसलिए भी लोगों को झकझोर दिया क्योंकि छात्रा लक्ष्मी को पहले भी दो बार सांप डस चुका है। छात्रा के पिता प्रवीण मित्तल की मौत भी सर्पदंश के कारण हो चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं से परिवार पर सर्पदंश का साया बना हुआ है, जिसे लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। वहीं छात्रा के घर वाले भी दहशत में हैं। उनको अपनी बेटी को लेकर डर सता रहा है।
स्कूल परिसर में होनी चहिए साफं-सफाई
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। यहां के लोगों का कहना है कि स्कूल परिसर और आसपास साफ-सफाई होनी चाहिए। इसके साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




साइन इन