जल जीवन मिशन में 26 इंजीनियरों-कर्मचारियों पर योगी सरकार का ऐक्शन, 12 सस्पेंड
यूपी में जल जीवन मिशन में 26 इंजीनियरों-कर्मचारियों पर योगी सरकार का ऐक्शन लिया है। अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव ने अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और जूनियर इंजीनियर रैंक के 12 इंजीनियरों को निलंबित कर दिया है।

UP News: यूपी में योगी सरकार ऐक्शन मोड़ में है। मंगलवार को जल जीवन मिशन के तहत खुदी सड़कों को तत्काल सही कराने के आदेश के बाद अब लापरवाह इंजीनियर और कर्मचारियों पर तगड़ा ऐक्शन लिया है। जग्रामीण जलापूर्ति विभाग ने काम में लापरवाही बरतने वाले इंजीनियरों-कर्मचारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जल जीवन मिशन परियोजना के कार्यों में लेटलतीफी, लापरवाही करने वाले 26 इंजीनियरों पर निलंबन, विभागीय कार्रवाई, कारण बताओ नोटिस जैसी कार्रवाइयां की गई है। निलंबित होने वालों में अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और जूनियर इंजीनियर रैंक के 12 अभियंता शामिल हैं। वहीं चार अधिशासी अभियंताओं के खिलाफ विभागीय अनुशासनिक जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा परियोजना के कार्यों में धीमी प्रगति को लेकर तीन अधिशासी अभियंताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही विभिन्न योजनाओं से शिकायत मिलने के बाद सात इंजीनियरों का तबादला कर दिया गया है। हाल के दिनों में लेटलतीफी के मामले में जल निगम कर्मियों के खिलाफ यह सबसे बड़ी कार्रवाई है। विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव के निर्देश पर जल निगम ग्रामीण के एमडी राजशेखर ने अभियंताओं के निलंबन आदेश जारी किए हैं। अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि राज्य सरकार हर ग्रामीण घर तक नल से जल पहुंचाने के लिए मिशन मोड पर काम कर रही है। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर कर्मचारी अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं करते हैं तो बर्खास्तगी का भी एक्शन लिया जाएगा।
इन इंजीनियरों-कर्मचारियों के खिलाफ हुई निलंबन की कार्रवाई
जल निगम ग्रामीण विभाग ने जिन कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है, उसमें लखीमपुर खीरी के अधिशासी अभियंता अविनाश गुप्ता, जौनपुर के अधिशासी अभियंता सौमित्र श्रीवास्तव, गाजीपुर के अधिशासी अभियंता मो. कासिम हाशमी, चंदौली के कार्यवाहक अधिशासी अभियंता अमित राजपूत, चंदौली के सहायक अभियंता सीताराम यादव, बिजनौर के सहायक अभियंता अकबर हसन, औरैया के जूनियर इंजिनियर अनुराग गोयल, हाथरस के कुलदीप कुमार सिंह, आजमगढ़ के राजेन्द्र कुमार यादव, बरेली के रूप चन्द्र, बाराबंकी के जूनियर इंजिनियर अवनीश प्रताप सिंह और कुशीनगर के कार्यवाहक खंडीय लेखाकार धर्मप्रकाश महेश्वरी शामिल हैं।
चार इंजीनियरों के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश
जल निगम ग्रामीण विभाग ने चार इंजिनियरों के खिलाफ विभागीय अनुशासनिक जांच के आदेश दिए हैं। इसमें औरैया के अधिशासी अभियंता अमन यादव, मैनपुरी के अधिशासी अभियंता अंकित यादव, प्रयागराज के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुट्टी, शामली के कार्यवाहक अधिशासी अभियंता फूल सिंह यादव शामिल हैं। इसके अलावा तीन गाजियाबाद के अधिशासी अभियंता भारत भूषण, आगरा में तैनात अमित कुमार और मीरजापुर में तैनात राजेश कुमार गुप्ता को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
शिकायत के आधार पर सात इंजीनियरों का तबादला
सहायक अभियंता विपिन कुमार वर्मा को प्रतापगढ़ से चंदौली स्थानांतरित कर दिया गया है। रामपुर में तैनात मो.असजद को रामपुर से चंदौली, प्रदीप कुमार मिश्रा को बाराबंकी से बिजनौर, उदयराज गुप्ता को चंदौली से रामपुर, अमित कुमार को शामली से बाराबंकी, चन्द्र बोध त्यागी को मैनपुरी से आजमगढ और जूनियर इंजिनियर अजय कुमार को कौशांबी से आजमगढ़ स्थानांतरित कर दिया गया है।




साइन इन