हां हम परिवार के हैं और वो चीज कोई... सपा का झंडा जलाए जाने पर अपर्णा यादव क्या बोलीं?
सपा का झंडा जलाए जाने पर अपर्णा यादव ने सफाई दी है। उन्होंने कहाकि नारी शक्ति अधिनियम पास नहीं हुआ इसको लेकर महिलाओं में जबरदस्त आक्रोश है। हमने भी वही किया। इसी आक्रोश को प्रकट किया। वो किसी व्यक्ति विशेष के प्रति आक्रोश नहीं था।

UP News: भारतीय जनता पार्टी की नेता और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने समाजवादी पार्टी का झंडा जलाए जाने पर अपनी बात रखी। उन्होंने मीडिया के सवालों पर जवाब देते हुए पूरे मामले पर अपनी सफाई दी है। अपर्णा ने कहा कि नारी शक्ति अधिनियम पास नहीं हुआ इसको लेकर महिलाओं में जबरदस्त आक्रोश है। हमने भी वही किया। इसी आक्रोश को प्रकट किया। वो किसी व्यक्ति विशेष के प्रति आक्रोश नहीं था।
अखिलेश यादव के परिवार की सदस्य होने के बयान पर अपर्णा ने परिवार के सवाल पर भी जवाब दिया। अपर्णा ने कहा कि हम बिल्कुल परिवार के हैं और वो चीज कोई बदल नहीं सकता कि हम परिवार के नहीं हैं। लेकिन, जो चीज गलत है उसे बताना भी जरूरी है वरना चीजें सही नहीं होगी।
अपर्णा यादव गुरुवार को गोरखपुर में एक कार्यक्रम में शामिल हुईं थी। इस कार्यक्रम उनके साथ महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान और चारू चौधरी की मौजूदगी रही। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने अधिकारियों और महिलाओं के लिए सरकार की योजनाओं की समीक्षा की। विकास भवन सभागार में महिला सशक्तिकरण एवं सुरक्षा को लेकर शुक्रवार को हुए जागरूकता कार्यक्रम में डॉ. चौहान ने कहा कि महिला आयोग 24 घंटे महिलाओं के अधिकार और सुरक्षा को लेकर सक्रिय हैं। महिलाएं ई-मेल, टोल फ्री नंबर और व्हाट्सएप से अपनी समस्याएं बिना खौफ के बताएं।
दोनों दलों के झंडे जलाकर विरोध जताया था
आपको बता दें कि लखनऊ में भाजपा नेता और यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने शुक्रवार देर रात विधानसभा के सामने समर्थकों के साथ प्रदर्शन किया था। इस दौरान उन्होंने सपा और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की और दोनों दलों के झंडे जलाकर विरोध जताया था। इस दौरान अपर्णा यादव ने कहा था कि विपक्ष महिला आरक्षण के मुद्दे पर सिर्फ दिखावा कर रहा है। अपर्णा ने आरोप लगाया था कि विपक्षी दल कभी नहीं चाहते कि आम घर की महिलाएं आगे बढ़कर संसद तक पहुंचें। उनके मुताबिक, ये दल केवल अपने परिवारवाद को आगे बढ़ाने में लगे रहते हैं और “नारी शक्ति” उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने महिला आरक्षण कानून पास कराने के लिए गंभीर प्रयास किए, लेकिन जो कुछ लोकसभा में हुआ वह “कलंकित करने वाली घटना” है।




साइन इन