अमरोहा में महिला की संदिग्ध मौत; शव रखकर 18 घंटे चली पंचायत, 7 साल पहले शादी हुई थी
अमरोहा में शव को रखकर मायके और ससुरालियों के बीच करीब 18 घंटे तक पंचायत चली। समझौता न होने पर मायके वालों ने जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाकर हंगामा करते हुए पुलिस को खबर कर दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।

अमरोहा के रहरा में संदिग्ध परिस्थिति में कीटनाशक के सेवन से सोमवार रात महिला की मौत हो गई। शव को ससुराल में रखकर मायके व ससुरालियों के बीच करीब 18 घंटे तक पंचायत चली। समझौता न होने पर मायके वालों ने जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाकर हंगामा करते हुए मंगलवार शाम पुलिस को खबर कर दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। जानकारी के मुताबिक थाना आदमपुर क्षेत्र के गांव भूवरा निवासी पति प्रदीप से अनबन के बाद सोमवार शाम संदिग्ध परिस्थिति में यशोदा ने कीटनाशक खा लिया।
मायके और ससुरालियों के बीच पंचायत
हालत बिगड़ने पर परिजन उसे नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां देर रात उसकी मौत हो गई। खबर लगते ही जनपद संभल के थाना बहजोई के गांव खेतापुर निवासी मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए। करीब 25 वर्षीया यशोदा के शव को ससुराल में लाकर रख दिया। मायके वालों ने कार्रवाई की बात कही तो कुछ जिम्मेदार लोग दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने में जुट गए। मंगलवार शाम तक कई दौर में पंचायत चली।
मायके वालों ने पुलिस को खबर दी
यशोदा की छह वर्षीया बेटी और पांच वर्षीय बेटे के नाम कृषि भूमि का बैनामा करने का प्रस्ताव भी रखा गया। बताया जा रहा है कि बैनामे के लिए दोनों पक्ष मंगलवार को हसनपुर तहसील भी पहुंचे लेकिन तकनीकी दिक्कत के चलते बैनामा नहीं हो सका। इसके बाद मंगलवार शाम मायके वालों ने पुलिस को खबर कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दहेज के लिए जहर देकर हत्या का आरोप
इस दौरान मायके वालों ने दहेज के लिए जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। थानाध्यक्ष कोमल तोमर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कानूनी कार्रवाई के लिए तहरीर मिलने का इंतजार किया जा रहा है। पंचायत का मामला जानकारी में नहीं होने की बात कही।
मृतका का 7 साल पहले हुई थी शादी
बताया जा रहा है कि यशोदा की शादी करीब सात वर्ष पूर्व प्रदीप से हुई थी। दंपति पर दो बच्चे हैं। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। गांव के तमाम लोग मौके पर जुट गए। रिश्तेदार व अन्य लोग भी पहुंच गए। सभी लोग मामले में कार्रवाई न करने का सुझाव देने लगे। जिसके चलते गांव में पंचायत बैठ गई। कई दौर की पंचायत में बात कभी बनी तो कभी बिगड़ गई। अंत में समझौता नहीं हुआ तो पुलिस को खबर कर दी गई।
बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित मायका पक्ष
पोस्टमार्टम के बाद यशोदा का शव लाकर बुधवार शाम जनपद बुलंदशहर के अनूपशहर गंगा घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान ससुराल व मायका पक्ष के लोग तथा नाते-रिश्तेदार मौजूद रहे। उसकी ससुराल से लेकर मायके तक शोक छाया रहा। हर कोई यशोदा के बेटा व बेटी के भविष्य को लेकर चिंतित नजर आया। बताया जा रहा है कि बच्चों के पिता ने ससुराल वालों काे भरोसा दिया है कि वह बच्चों को प़ढाई-लिखाई व पालन-पोषण में कोई कोर कसर बाकी नहीं रखेगा।




साइन इन