बर्थडे से एक दिन पहले हेड कांस्टेबल के बेटे ने की खुदकुशी, टीचरों पर प्रताड़ित करने का आरोप
यूपी में हेड कांस्टेबल के बेटे ने जन्मदिन के एक दिन पहले फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। घटना के वक्त हेड कांस्टेबल पत्नी और बेटी के साथ शादी समारोह में शामिल होने पैतृक गांव गए थे। दोनों बेटे घर पर मौजूद थे।

UP News: यूपी के सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां बर्रा में हेड कांस्टेबल के 14 वर्षीय बेटे ने जन्मदिन के एक दिन पहले फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। घटना के वक्त हेड कांस्टेबल पत्नी और बेटी के साथ शादी समारोह में शामिल होने पैतृक गांव गए थे। जबकि, दोनों बेटे घर पर मौजूद थे। बेटे के मौत पर हेड कांस्टेबल ने स्कूल के शिक्षकों पर बेटे को ट्यूशन पढ़ने के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया।
मूल रूप से कौशांबी के मानीपुर दादा नगर निवासी राकेश कुमार उत्तर प्रदेश पुलिस में हेड कांस्टेबल हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती लखनऊ के महानगर कोतवाली में है। वह बर्रा-2 में पत्नी मीना, बेटे अभय, 14 वर्षीय आयुष और बेटी आर्या संग रहते हैं। उन्होंने बताया कि तीनों बच्चे केशवनगर स्थित प्राइवेट स्कूल में पढ़ते हैं। बेटा आयुष 9वीं का छात्र था। 13 मई को वह पत्नी व बेटी के साथ भतीजे की शादी में शामिल होने गांव गए थे। इस दौरान दोनों बेटों ने घर में रहकर पढ़ाई करने की बात बताई थी।
16 मई को जन्मदिन होने के कारण आयुष ने गिफ्ट में गिटार की मांग की थी। शुक्रवार शाम को बड़े बेटे अभय ने कॉल कर जानकारी दी कि आयुष ने कमरा बंद कर लिया। वह न तो दरवाजा खोल रहा है और न ही कोई जवाब दे रहा है। इस पर उन्होंने बड़े बेटे को दरवाजा तोड़ने के लिए कहा। जब उसने दरवाजा तोड़ा तो कमरे में आयुष का शव फंदे से लटकता मिला। बर्रा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फोरेंसिक टीम बुला जांच पड़ताल की। बेटे के कमरे में एक फटी हुई पर्ची मिली, जिसमें कुछ लिखा हुआ था। पुलिस उसकी जांच कर रही है।
राकेश कुमार ने आरोप लगाया कि बेटे ने स्कूल के शिक्षकों पर ट्यूशन पढ़ने के लिए दबाव बनाने की बात बताई थी। वह कहता था कि अगर ट्यूशन नहीं पढ़ा तो स्कूल के टीचर फेल करने की बात कहते थे। शिक्षकों की प्रताड़ना से परेशान होकर बेटे ने आत्महत्या की है। बर्रा थाना प्रभारी रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित परिवार से कोई तहरीर नहीं मिली है। अगर परिवार शिकायत करेगा तो कार्रवाई की जाएगी।
गृहक्लेश के चलते युवक ने फांसी लगाकर दे दी जान
उधर, संभल के गांव पाठकपुर में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के मुताबिक शनिवार को गांव पाठकपुर निवासी 22 वर्षीय विपिन का सुबह किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हो गया था। परिजनों का आरोप है कि सूचना मिलने पर पत्नी के मायके पक्ष के लोग घर आ गए। इसके बाद विपिन के साथ मारपीट की और पत्नी को अपने साथ मायके ले गए। पिता ने बताया कि इससे बेटा मानसिक रूप से काफी आहत हो गया था। शाम करीब छह बजे विपिन ने घर के कमरे में सीमेंट की कड़ी से साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।




साइन इन