दर्दनाक; सास की अंत्येष्टि में आए दामाद को सरयू में खींच ले गया मगरमच्छ, तलाश में जुटी पुलिस
उत्तर प्रदेश के गोंडा में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। ग्रेटर नोएडा से अपनी सास के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए 30 वर्षीय कंप्यूटर ऑपरेटर दीपक शर्मा को सरयू नदी में नहाते समय एक मगरमच्छ गहरे पानी में खींच ले गया।

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में सरयू नदी के तट पर एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना हुई है। यहां अपनी सास के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए एक युवक को नदी में स्नान करते समय मगरमच्छ ने अपना निवाला बना लिया। मगरमच्छ युवक को खींचकर गहरे पानी में ले गया। घटना के बाद घाट पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन की टीम नाव लेकर सरयू नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन घंटों की मशक्कत के बाद भी युवक का अब तक कोई अता-पता नहीं चल सका है।
ग्रेटर नोएडा में कंप्यूटर ऑपरेटर था युवक
मिली जानकारी के मुताबिक, मगरमच्छ के हमले का शिकार हुआ दीपक शर्मा (30 वर्ष) मूल रूप से ग्रेटर नोएडा के सिग्मा परी चौक का निवासी था। दीपक वहां एक बड़ी निजी कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। दीपक की शादी करीब सात साल पहले उमरीडीहा गांव के रहने वाले लालचंद की बेटी रेखा के साथ हुई थी। दीपक को सूचना मिली कि उसकी सास उर्मिला देवी का आकस्मिक निधन हो गया है। इस दुखद खबर को सुनते ही वह सुबह करीब साढ़े नौ बजे अपनी पत्नी रेखा के साथ कार से ससुराल उमरी गांव पहुंचा था।
स्नान के दौरान पैर पकड़कर खींच ले गया मगरमच्छ
सास के अंतिम संस्कार की रस्में पूरी करने के लिए दोपहर के समय सभी ग्रामीण और रिश्तेदार थाना क्षेत्र के सोनौली मोहम्मदपुर उदयभान पाही घाट (सरयू नदी तट) पर एकत्र हुए थे। चिता को मुखाग्नि दिए जाने के बाद घाट की परंपरा के अनुसार दीपक शर्मा सरयू नदी के पानी में उतरकर स्नान करने लगा। चश्मदीदों के मुताबिक, दीपक अभी घुटनों तक गहरे पानी में ही था कि तभी अचानक नदी की गहराई से निकले एक विशालकाय मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया। मगरमच्छ ने पलक झपकते ही दीपक का पैर दबोच लिया और उसे खींचते हुए नदी के गहरे पानी की तरफ ले गया।
घाट पर मचा कोहराम, पूरे इलाके में छाया मातम
अचानक हुई घटना से अफरातफरी मच गई। घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और लाठी-डंडे लेकर पानी की तरफ दौड़े, लेकिन तब तक दीपक को लेकर मगरमच्छ पानी में ओझल हो चुका था। इस खौफनाक हादसे के बाद घाट से लेकर घर तक कोहराम मच गया। पत्नी रेखा और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों की सूचना पर उमरी बेगमगंज थाना पुलिस फौरन मौके पर पहुंची। स्थानीय मल्लाहों की मदद से नदी में जाल डालकर दीपक की तलाश की जा रही है। वन विभाग को भी सूचित कर दिया गया है ताकि मगरमच्छ को पकड़ा जा सके। इस घटना के बाद से पूरे इलाके के लोग सहमे हुए हैं।




साइन इन